आस्था और शरीर साधना का संगम आज ! निष्ठा दुर्गा वाहिनी और जवाहर व्यायामशाला के पहलवान शस्त्र कला और मलखंभ का करेंगे प्रदर्शन
अनंत चतुर्दशी पर रतलाम शहर में जवाहर व्यायामशाला और निष्ठा दुर्गा वाहिनी झांकी और अखाड़ा निकाला जाएगा। इसमें महिला पुरुष पहलवान मलखंभ व शस्त्र कला का प्रदर्शन करेंगे।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । अनंत चतुर्दशी के मौके पर शनिवार शाम को निकलने वाले झांकियों के चल समारोह में आस्था के साथ ही शरीर साधना का संगम भी देखने को मिलेगा। इसमें जवाहर व्यायामशाला और निष्ठा दुर्गा वाहिनी की पहलवानों द्वारा शस्त्र कला और मलखंभ के हैरतअंगेज प्रदर्शन किए जाएंगे। व्यायामशाला द्वारा भी झांकी निकाली जा रही है जिसमें भगवान श्री राम द्वारा करवाए गए अश्वमेघ यज्ञ का चित्रण होगा।
कुश्ती जगत एवं रतलाम नगर की जानी-मानी हस्ती पूर्व रतलाम केसरी स्व. नारायण पहलवान द्वारा शरीर साधकों को शरीर साधना करने के लिए जवाहर व्यायामशाला की स्थापना की गई थी। इसके अलावा उन्होंने करीब 40 वर्ष पूर्व अनंत चतुर्दशी पर्व झांकी और अखाड़ा निकालना भी शुरू किया था। नारायण पहलवान द्वारा शुरू की गई आस्था और शरीर साधना की इस परंपरा का निर्वाह आज भी जवाहर व्यायामशाला, इसके संचालक और शरीर साधक कर रह रहे हैं। अनंत चतुर्दशी पर शनिवार को भी व्यायामशाला द्वारा झांकी और अखाड़ा निकाला जाएगा। इसमें निष्ठा दुर्गा वाहिनी की महिला पहलवान विशेष आकर्षण होंगी।
अश्वमेघ यज्ञ का दृश्य है झांकी में
व्यायामशाला के सचिव राजीव रावत के अनुसार इस बार की झांकी में भगवान श्री राम द्वारा कराए अश्वमेघ यज्ञ का दृश्य देखने को मिलेगा। इसके साथ निकलने वाले अखाड़े में व्यायामशाला के छोटे-बड़े पहलवान रोमांच से भरपूर करतबों का प्रदर्शन किया जाएगा। अखाड़े में निष्ठा दुर्गा वाहिनी की महिला पहलवान भी शामिल होंगी। महिला पहलवान हैरतअंगेज शस्त्र कला के साथ ही मलखंभ का प्रदर्शन भी करेंगी। गौरतलब है कि जवाहर व्यायामशाला के पहलवानों द्वारा मलखंभ कला का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदर्शन किया जा चुका है।
इनके मार्गदर्शन में हो रही तैयारी
झांकी तैयार करने के लिए कलाकार कई दिनों से जुटे हुए हैं। अश्वमेघ यज्ञ का दृश्य जीवंत लगे इसके लिए कलाकारों ने काफी मशक्कत की है। वहीं व्यायामशाला के पहलवान चल समारोह में दिखाए जाने वाले करतबों का विगत कई दिनों से दिन-रात अभ्यास कर रहे हैं। यह अभ्यास अखाड़े के संरक्षक दौलत पहलवान, सुरेश जाट, संचालक वैभव जाट (सन्नी पहलवान), गौरव जाट के निर्देशन में हुआ और आज शाम को इनके निर्देशन में ही शरीर साधकों की फौज शहर की सड़कों पर विभिन्न करतब दिखाएगी।