डॉ. जयकुमार 'जलज' स्मृति में आयोजित होगी कविता प्रतियोगिता, 30 अक्टूबर तक स्वीकार होंगी स्व-रचित कविताएं
रतलाम के साहित्यकार डॉ. जयकुमार जलज की स्मृति में कविता प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसके बारे में विस्तृत जानकारी के लिए यह खबर पढ़ें।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । प्रसिद्ध साहित्यकार एवं भाषाविद् डॉ. जयकुमार 'जलज' की स्मृति को बनाए रखने के उद्देश्य से उनकी पुत्रियों श्रद्धा घाटे एवं स्मिता हुम्बड़ द्वारा "डॉ. जयकुमार 'जलज' स्मृति कविता प्रतियोगिता" का आयोजन किया जा रहा है। यह इस प्रतियोगिता का दूसरा वर्ष है। गत वर्ष आयोजित स्पर्धा महाविद्यालय विद्यार्थियों के लिए ही थी मगर इस वर्ष यह प्रतियोगिता दो चरणों में होगी। एक वर्ग रतलाम शहर के महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए रहेगा जबकि दूसरा वर्ग रतलाम शहर में निवासरत रचनाकारों के लिए रहेगा। आयोजन पूरी तरह डॉ. जलज की भावनाओं से जुड़ा है।
पहला वर्ग
यह वर्ग रतलाम शहर के कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए रहेगा। इसमें विजेताओं को पहला पुरस्कार 2500 रुपए, दूसरा पुरस्कार 1500 रुपए तथा तीसरा पुरस्कार 1100 रुपए का होगा।
दूसरा वर्ग
रतलाम शहर में निवासरत 50 वर्ष तक की आयु के लोगों के लिए रहेगा। पहला पुरस्कार 2500 रुपए, दूसरा पुरस्कार 1500 रुपए तथा तीसरा पुरस्कार 1100 रुपए का होगा।
स्व रचित कविताएं ही होंगी स्वीकार
कविताएं जमा कराने की आखिरी तारीख 30 अक्टूबर, 2025 रहेगी। स्पर्धा में भाग लेने के लिए (प्रथम वर्ग में) महाविद्यालय का नियमित विद्यार्थी और रतलाम शहर निवासी (द्वितीय वर्ग में) होना अनिवार्य है। प्रतियोगी द्वारा स्वरचित (अपनी लिखी हुई) कविता ही दी जाए। इसमें किसी तकनीक का सहारा न लिया जाए। कविता का विषय कुछ भी हो सकता है, परंतु व्यक्तिगत आक्षेप, असंसदीय शब्दावली, धर्म-संप्रदाय पर आरोपित रचनाएं स्पर्धा में सम्मिलित नहीं की जाएंगी। कविता हिन्दी भाषा में लिखी ही स्वीकार्य होंगी।
कवर पृष्ठ पर लिखे जानकारी
कविता के साथ प्रतियोगी अपना नाम नहीं लिखें। कवरिंग पृष्ठ पर कवि का नाम, रचना का शीर्षक, अध्यनरत कक्षा एवं संस्था का उल्लेख (प्रथम वर्ग में) करें। अपना पूरा पता, मोबाइल नंबर (वाट्सएप), ईमेल पता और फोटोग्राफ भी दें। कविताएं तीन प्रतियों में 30 अक्टूबर 2025 तक स्वयं उपस्थित होकर अथवा डाक द्वारा श्रद्धा घाटे द्वारा डॉ. पदम घाटे अरिहंत पैथोलॉजी लैब 15 वेदव्यास कॉलोनी, रतलाम (म.प्र.) 457001 (मो. 9425103802) पर उपलब्ध कराना होंगी।