देश की तरक्की व खुशहाली में हर वर्ग अपना योगदान दे, अगले दो वर्ष में विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनना है

भाजपा द्वारा गुरुवार को रतलाम में बुद्धिजीवी और व्यापारी सम्मेलन आयोजित किया. इसमें केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश ने संबोधित किया।

देश की तरक्की व खुशहाली में हर वर्ग अपना योगदान दे, अगले दो वर्ष में विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनना है
केंद्रीय मंत्री के आह्वान पर हाथ उठा कर संकल्प दोहराते भाजपा नेता और कार्यकर्ता।

भाजपा के महासंपर्क अभियान के तहत प्रबुद्धजन एवं व्यापारी सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश ने कहा

एसीएन टाइम्स @ रतलाम  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 9 वर्षों के कार्यकाल के दौरान सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के चौतरफा कार्य हुए हैं। आजादी के अमृत काल में देश तेज गति से तरक्की के पथ पर अग्रसर हुआ है। हर वर्ग को अपने देश को विकसित, समृद्धशाली और शक्तिशाली राष्ट्र बनाने में अपना योगदान देना है। प्रबुद्धजन एवं व्यापारी वर्ग की देश की उन्नति में महती भूमिका है। मोदी जी के नेतृत्व देश, दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। इसे आगामी 2 वर्षों में विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनाना है।

यह बात केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री सोम प्रकाश (पूर्व आईएएस) ने महासंपर्क अभियान में आयोजित प्रबुद्धजन एवं व्यापारी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। जेएमडी पैलेस में आयोजित सम्मेलन में रतलाम सांसद, विधायक चेतन्य काश्यप, दिलीप मकवाना, महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिला प्रभारी प्रदीप पाण्डेय, लोकसेवा प्रभारी ओमप्रकाश शर्मा एवं अभियान के जिला संयोजक प्रवीण सोनी मंचासीन रहे। केन्द्रीय मंत्री ने केन्द्र सरकार के 9 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इनकम टैक्स और जीएसटी में काफी बदलाव किए गए हैं। इंस्पेक्टर राज खत्म हुआ है। लॉजिस्टिक पॉलिसी बनी है जिससे उद्योग एवं व्यापार व्यवसाय को गति मिली है।

देश की तरक्की व खुशहाली में सबका योगदान

केंद्रीय मंत्री ने कहा प्रधानमंत्री की गति शक्ति योजना भी क्रांतिकारी साबित हो रही है। देश की इस तरक्की और खुशहाली में सबका योगदान है। हर वर्ग अपना कार्य ईमानदारी से करता रहे, जिससे भारत पुनः विश्व गुरु बन सके। सांसद ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में 9 वर्षों के दौरान सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का इतिहास लिखा गया है। हमें देश की संस्कृति और इतिहास को मजबूत करने में अहम योगदान देना है। प्रबुद्धजन एवं व्यापारी वर्ग भाजपा का एम्बेसेडर बनकर सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं। जिला प्रभारी प्रदीप पाण्डेय ने कहा कि मोदी जी ने हर क्षेत्र में भारत के वर्चस्व को स्थापित किया है। उनके तप, त्याग और तपस्या के कारण ही दुनिया में भारत प्रतिष्ठित हो गया है। देशवासी होने के नाते सबका फर्ज है कि वे राष्ट्र सेवा के इस कार्य में अपना - अपना योगदान दे।

शोरूम के ऋण होम फाइनेंस की तरह मिले- काश्यप

विधायक चेतन्य काश्यप ने कहा कि मोदी जी के कार्यकाल में देश ने कई उपलब्धियां हासिल की है, जिससे हमारा गौरव बढ़ा है। प्रधानमंत्री जी ने लोकतंत्र को नई दिशा देने का कार्य किया है। व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में बहुत काम किए गए हैं जिससे देश ने करवट बदली है। अंत्योदय के मिशन ने समाज जीवन को बदलकर रख दिया है। काश्यप ने व्यापार को बढ़ावा देने के लिए शोरूम के ऋण होम फाइनेंस की तरह देने एवं उनकी ब्याज दर भी कम रखने का सुझाव दिया।

विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने दिए सुझाव

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी ने बताया कि आरंभ में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि के रूप में जीतो चेयरमैन जयंत जैन, थोक व्यापारी संघ के मनोज झालानी, सीए केदार अग्रवाल, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक तुषार कोठारी, युवा उद्योगपति संजय व्यास आदि ने सुझाव दिए। अतिथियों ने भाजपा के पितृ पुरुष पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण किया। अतिथियों का स्वागत व्यापारी प्रकोष्ठ के जिला सहसंयोजक प्रवीण गुप्ता, विनोद मूणत, नीलेश बाफना, जयंतिलाल डांगी, महेश भंसाली, सुनील पोरवाल एवं बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिला सहसंयोजक नीरज बरमेचा आदि ने किया।

21 किलो की फूलमाला से किया स्वागत

मालवा चेंबर्स ऑफ कॉमर्स ने 21 किलो की माला से केन्द्रीय मंत्री, सांसद एवं विधायक का सम्मान किया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहनों ने भी स्वागत किया। संचालन व्यापारी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक रजनीश गोयल ने किया। आभार सह संयोजक सोनू चौहान ने माना।