रंगोली से दिया बड़ा संदेश : रक्तदान कर श्राद्ध पक्ष को बनाएं श्रद्धा पक्ष क्योंकि रक्तदान महादान है, जल बचाओ और पर्यावरण बचाओ
काकानी वेलफेयर सोसायटी व सृष्टि सेवा समिति द्वारा रंगोली बनाकर रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, जल बचाने व स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत अभियान सफल बनाने का आह्वान किया। 17 सितंबर को होने वाले रक्तदान शिविर को सफल बनाने की अपील भी की।

काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन एवं सृष्टि सेवा समिति ने शुरू किया जागरूकता अभियान
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर पूरे देश में होने वाले रक्तदान शिविर को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रंगोली बनाकर श्राद्ध पक्ष में ज्यादा से ज्यादा रक्तदान कर इसे श्रद्धा का पक्ष बनाने का आह्वान किया गया। जल और पर्यावरण बचाने तथा स्वच्छता की अलख जगाने का भी संदेश दिया गया।
काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन एवं सृष्टि सेवा समिति द्वारा जनजागरूकता के लिए संयुक्त अभियान चलाया गया। इसके तहत शहर के विभिन्न चौराहों पर रंगोली जागरूकता का संदेश देने वाली रंगोलियां बनाई गईं। समाजसेवी एवं रोगी कल्याण समिति के सदस्य गोविंद काकानी ने बताया एक वर्ष पूर्व रंगोली के माध्यम से लोगों को कोराना से बचाव, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने आदि को लेकर शहर के विभिन्न चौराहों पर रंगोलियां बनाईं गई थी। इसमें सहयोग करने वाले दिव्यांश – राजेंद्र केलवा का एक हादसे में असमय निधन हो गया था। यह एक बड़ी क्षति है।
काकानी ने बताया दिव्यांश की स्मृति को चिरस्थायी बनाने और उनके द्वारा फैलाई जाने वाली जन जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाते हुए श्राद्ध पक्ष में रक्तदान कर इसे श्रद्धा पक्ष के रूप में माने का निर्णय लिया गया। इसके चलते ही काकानी वेलफेयर सोसायटी और सृष्टि संस्था सेवा समिति द्वारा रंगोली बनाकर जन और प्रकृति उपयोगी संदेश दिए गए। रंगोलियों के माध्यम से 'रक्तदान महादान – सभी करें रक्तदान', 'पर्यावरण बचाओ', 'जल बचाओ', 'स्वच्छ भारत – स्वस्थ भारत' जैसे नारे प्रदर्शित किए गए।
इन्होंने की रंगोली में सहभागिता
गोविंद काकानी, सतीश टांक, दिव्या श्रीवास्तव, काजल टांक, परिधि नांदेचा, दिव्यांश के परिवार सदस्य राजेंद्र केलवा ने रंगोली बनाई।
17 सितंबर को होगा महादान
देश के प्रधानमंत्री ने ऐसे दुर्घटना में रक्त के अभाव में किसी की मृत्यु ना हो यह आह्वान किया है। इसे लेकर जन जागृति हेतु विशाल रक्तदान शिविर जिला प्रशासन के माध्यम से 17 सितंबर 2022 को जिले में आयोजित किए जा रहे हैं। रंगोली बनाने में शामिल हुए सभी सदस्यों ने इस दिन भी ज्यादा से ज्यादा रक्तदान कर जरूरतमंद की जान बचाने में सहभागी बनाने की अपील की है।