PM मोदी के जन्मदिवस (17 सितंबर) पर भैंसोला में बनेगा ऐतिहासिक अमृत महोत्सव, ‘पीएम मित्र पार्क’ की सौगात मिलेगी, रतलाम से 10 हजार लोग जाएंगे
रतलाम में भाजपा की बैठक में प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस पर भैंसोला (बदनावर) में होने वाले अमृत महोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया। इस मौके पर ‘पीएम मित्र पार्क’ की सौगात और ‘सेवा पखवाड़ा’ की शुरुआत होगी।

-
10 हजार से अधिक लोग रतलाम जिले से होंगे शामिल, वाहनों की भव्य तैयारी
-
‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान और ‘सेवा पखवाड़ा’ की होगी शुरुआत
-
पीएम मित्र पार्क से 3 लाख रोजगार और 6 लाख किसानों को लाभ
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिवस पर बदनावर के समीप भैंसोला में होने वाले अमृत महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिला भाजपा की बैठक ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मोदी जी के जन्मदिवस पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पिछले 11 सालों में प्रधानमंत्री के रूप में मोदी जी ने जो काम किए, वो दुनिया का कोई नेता नहीं कर पाया है।
बैठक में कार्यक्रम समन्वयक एवं एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप, संभाग प्रभारी जीतू जिराती, विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय, महापौर प्रहलाद पटेल, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा मंचासीन रहे। अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने की। अपनी बात जारी रखते हुए प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने मोदी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश का यह सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री जी अपने अमृत महोत्सव पर ‘पीएम मित्र पार्क’ की सौगात देने यहां आ रहे हैं। वे बदनावर के भैंसोला से ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान की शुरुआत भी करेंगे। यहां 2100 एकड़ क्षेत्र में ‘पीएम मित्र पार्क’ बनेगा। इससे 3 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा और 6 लाख किसान लाभान्वित होंगे। दुनिया में भारत का वर्चस्व स्थापित करने वाले मोदीजी के जन्मदिवस को ऐतिहासिक रूप से मनाया जाएगा। इसी दिन से ‘‘सेवा पखवाड़ा’’ की शुरुआत भी होगी।
पहले अमेरिका भारत का फोन नहीं उठाता था
डॉ. सिंह ने बताया कि मोदीजी वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से 2040 तक भारत 30 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनेगा और 2047 तक 50 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचेगा। मोदीजी ने देखते ही देखते सब कुछ बदल दिया है। पहले अमेरिका भारत का फोन नहीं उठाता था, आज भारत अमेरिका का फोन नहीं उठा रहा है। सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक सहभागिता करें।
भाजयुमो के युवा रन फोल्डर का हुआ विमोचन
आरंभ में संभाग प्रभारी जीतू जिराती ने अमृत महोत्सव के समन्वयक एवं एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप के नेतृत्व में भैंसोला ग्राम में की जा रही तैयारियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इतनी विहंगम व्यवस्थाएं देखकर लगता है कि भाजपा मोदी जी के जन्मदिवस को पर्व के रूप में मना रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने बताया कि रतलाम जिले से अमृत महोत्सव में 10 हजार से अधिक लोग शामिल होंगे। इसके लिए 734 तूफान जीप, 84 बसें और 150 से अधिक वाहनों का उपयोग होगा। बैठक में भाजयुमो के ‘नमो युवा रन’ के फोल्डर का विमोचन हुआ। भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष गौरव मूणत, महामंत्री रविन्द्र पाटीदार आदि मौजूद रहे। संचालन और आभार प्रदर्शन जिला महामंत्रियों ने किया।