स्वास्थ्य शिविर के साथ शुरू हुआ मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान का दूसरा चरण, विधायक चेतन्य काश्यप ने किया प्रारंभ

मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान 2.0 बुधवार को शुरू हो गया। पहले दी कई नागरिकों को मिनटों में योजना का लाभ मिल गया। किसी को भवन निर्माण की अनुमति तो किसी को प्रमाण-पत्र जारी हुए।

स्वास्थ्य शिविर के साथ शुरू हुआ मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान का दूसरा चरण, विधायक चेतन्य काश्यप ने किया प्रारंभ
अभियान के शुभारंभ अवसर पर नगर निगम के उपायुक्त विकास सोलंकी से चर्चा करते विधायक चेतन्य काश्यप।।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के द्वितीय चरण का शुभारंभ बुधवार को हुआ। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य शिविर और अलकापुरी कम्युनिटी हॉल में विधायक चेतन्य कश्यप अभियान की शुरुआत की। इसके साथ ही 15 विभागों की 67 सेवाओं का लाभ नागरिकों को देने का श्रीगणेश भी हो गया। 

अलकापुरी कम्युनिटी हॉल में आयोजित समारोह में विधायक काश्यप के अलावा महापौर प्रहलाद पटेल, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, निगमायुक्त ए. पी. सिंह गहरवार मंचासीन रहे। इस मौके पर उपायुक्त विकास सोलंकी तथा पार्षदों की उपस्थित में शासकीय सेवाओं का लाभ नागरिकों को प्रदान किया गया। इसी प्रकार जिला चिकित्सालय में शिविर का शुभारंभ विधायक चेतन्य काश्यप के मार्गदर्शन में रोगी कल्याण समिति सदस्य हेमंत राहोरी, मनोहर पोरवाल, सिविल सर्जन डॉ. आनंद चंदेलकर एवं चिकित्सा अधिकारियों की उपस्थिति में फीवर क्लीनिक में किया गया।

जिला अस्पताल में हुए आयोजन में आरएमओ डॉ. प्रणव मोदी, डॉ. दिनेश भूरिया, डॉ. विश्वास उपाध्याय,  लेब टैक्नीशियन दुष्यंत पुरोहित एवं अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।  मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वर्षा कुरील ने बताया कि जिले के सिविल अस्पताल जावरा,  आलोट,  प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिलपांक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नामली,  पिपलौदा,  सैलाना, बाजना एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थाओं पर भी विभागीय सेवाओं के संबंध में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है ताकि त्वरित सेवाएं प्रदान की जा सकें।

मिनटों में मिला योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत बुधवार को लोगों को मिनटों में योजनाओं का लाभ मिल गया। जनपद पंचायत जावरा के गांव केरवासा के गोविंद परमार तथा भरतसिंह भाटी को नवीन भवन निर्माण की अनुमति हाथों-हाथ मिल गई। इसी प्रकार रीछाचांदा के राकेश देवदा को उसके ताऊ का एवं कमल बंदोदिया को दादा का मृत्यु प्रमाण-पत्र तत्काल उपलब्ध कराया गया। बाजना विकासखंड के रावटी के राधाकिशन तथा मलवासी के जीवन सिंह खड़िया को भवन निर्माण की अनुमति हाथों-हाथ मिल गई। नामली की विष्णु बाई को विधवा पेंशन स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं रतलाम की अरुणा राठौर को तहसीलदार रतलाम ने ईडब्ल्यूएस सर्टिफिकेट जारी किया। सभी ने इसके लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चहान के प्रति आभार ज्ञापित किया।

ये सुविधाएं मिलेंगी अभियान में

मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत जन्म-मृत्यु पंजीयन,  बच्चे का नाम जन्म प्रमाण-पत्र में जुड़वाना, मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना के प्रकरणों की स्वीकृति, जनसुनवाई, सीएम हेल्पलाइन एवं लोकसेवा गारंटी की सेवाओं, दिव्यांगजन प्रमाण-पत्र, आवेदक की आयु का चिकित्सीय सत्यापन का प्रमाण-पत्र सहित आमजन की विभागीय समस्याओं का समाधान करने के लिए जिला चिकित्सालय में फीवर क्लीनिक स्थल पर विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।