रतलाम में शॉर्ट एनकाउंटर ! पुलिस से पिस्टल छीनकर भाग रहा था हत्या और लूट का आरोपी, पैर में गोली मारी, TI यादव भी घायल
रतलाम में हुए सेवानिवृत्त शिक्षिका हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। एक आरोपी पुलिस हिरासत से भागने के प्रयास के दौरान गोली लगने से घायल हो गया। टीआई को भी चोट आई है।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर की पी. एंड टी. कॉलोनी के पास मालवा नगर में सेवानिवृत्त शिक्षिका की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लूट के इरादे से काम वाली बाई, उसकी बेटी ने एक युवक के साथ मिलकर वृद्धा की गला रेत कर हत्या कर दी थी। आरोपी युवक ने बीती रात दीनदयालनगर टीआई अनुराग यादव की पिस्टल छीनकर भागने का प्रयास किया। आत्मरक्षा के लिए पुलिस ने आरोपी के पैर में गोली मार कर घायल किया। घटना में टीआई यादव भी जख्मी हो गए। दोनों को इलाज के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
23 और 24 नवंबर की दरमियानी रात मालवा नगर निवासी वृद्धा सरला धनेतवाल की किसी ने गला रेत कर हत्या कर दी थी। उनका शव वाशरूम में कमोड पर मिला था। वारदात के बाद घर में रखे जेवर और संपत्ति संबंधी दस्तावेज भी लूट लिए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित कुमार ने एसआईटी गठित की थी। आरोपी पर 10 हजार रुपए का ईनाम भी घोषित किया था। एसआईटी व पुलिस टीम ने 50 से अधिक लोगों से पूछताछ की और एक हजार से अधिक सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। इसमें पुलिस को कुछ सुराग मिले। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में वारदात वाली रात एक संदिग्ध व्यक्ति शिक्षिका के घर की तरफ जाता और कुछ समय बाद रेलवे स्टेशन की ओर जाता नजर आया। इसके आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान का प्रयास तेज कर दिया। संदिग्ध की पहचान उज्जैन जिले के नागदा निवासी सागर मीणा नामक व्यक्ति के रूप में हुई। यह भी पता चला कि वारदात में दो से अधिक लोग शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने वारदात में शिक्षिका के यहां काम करने वाली बाई लीला डामोर, उसकी बेटी मोना और आरोपी सागर मीणा को गिरफ्तार किया है। सागर ट्रेनों में फेरी लगाकर बैक सुधारने का काम करता है।
लघुशंका के बहाने वाहन रुकवाया, भागने का प्रयास किया

पुलिस ने आरोपी लीला और मोना को रतलाम से हिरासत में लिया जबकि आरोपी सागर मीणा को झाबुआ से हिरासत में लिया। पुलिस बीती रात आरोपी सागर को रतलाम लेकर आ रही थी। इसी दौरान आरोपी सागर ने रानीसिंग गांव के पास लघुशंका के बहाने वाहन रुकवाया। वाहन रुकते ही उसने टीआई अनुराग यादव के साथ धक्का-मुक्की की और उनकी पिस्टल छीनकर भागने का प्रयास किया। अचानक हुए घटनाक्रम के दौरान पुलिस ने आत्मरक्षा के लिए गोली चला दी। गोली आरोपी सागर के पैर में लगी। धरपकड़ के दौरान आरोपी ने भी हमला किया जिसमें टीआई यादव भी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों घायलों को रतलाम के डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय शासकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
आज होगा मामले का खुलासा
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी अमित कुमार सहित पुलिस अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए थे। उन्होंने घायल आरोपी सागर मीणा की स्थिति जानी। घायल टीआई अनुराग यादव से भी मिले। एसपी ने डॉक्टरों से दोनों के उपचार की जानकारी ली। एसपी अमित कुमार के अनुसार सीनियर सीटिजन की हत्या व लूट के मामले में लीड मिलने पर आरोपी सागर को हिरासत में लिया गया था। उसने हिरासत से भागने तथा टीम पर हमला करने का प्रयास किया। सेल्फ डिफेंट में पुलिस को कार्रवाई करना पड़ी। इसमें टीआई यादव को भी चोट आई है। मामले का खुलासा शीघ्र किया जाएगा।
धराड़ से 6 साल पहले हुई थीं सेवानिवृत्त

बता दें कि, सरला पति स्व. दुर्गालाल धनेतवाल (68) 6 वर्ष पूर्व समीपस्थ धराड़ के सरकारी स्कूल से सेवानिवृत्त हुईं थी। वे मालवा नगर स्थित अपने निवास में अकेली ही रहती थीं। उनकी 23 व 24 नवंबर की दरमियानी रात घर में घुसकर गला रेतकर की हत्या कर दी गई थी। आशंका है कि शिक्षिका द्वारा आत्मरक्षा के लिए घर में रखे गए हथियार से ही आरोपी ने गला रेता। हत्या क बाद आरोपी उनके आभूषण और मोबाइल फोन भी ले गए थे। शिक्षिका को अगले दिन सुबह शादी मेंशमिल होने उज्जैन जाना था। उन्हें लेने के लिए परिजन जब उनके घर पहुंचे तो वारदात का पता चला। घटना को लेकर उज्जैन जोन के आईजी उमेश जोगा ने मंगलवार को रतलाम पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया था। उन्होंने एसपी कुमार से वारदात की पूरी जानकारी ली थी तथा हत्याकांड की गुत्थी जल्द सुलझाने के निर्देश भी दिए थे। वारदात को सुलझाने में गुजरात की वडोदरा क्राइम ब्रांच, झाबुआ पुलिस ने भी मदद की।
📌 हमें गूगल न्यूज़ पर भी फॉलो करें |
