हमारे देश में संविधान ही सर्वोपरि है, इसकी जानकारी सभी लोगों को होना चाहिए- जिला एवं सत्र न्यायाधीश गुप्ता

जिला अभिभाषक संघ रतलाम द्वारा संविधान दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कानून के जानकारों ने भारतीय संविधान की पूजा की।

हमारे देश में संविधान ही सर्वोपरि है, इसकी जानकारी सभी लोगों को होना चाहिए- जिला एवं सत्र न्यायाधीश गुप्ता
संविधान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते जिला एवं सत्र न्याधीश राजेश कुमार गुप्ता।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । हमारे देश में संविधान ही सर्वोपरि है। संविधान की जानकारी सभी लोगों को होना चाहिए। संविधान की सर्वोच्चता को बनाए रखने में अभिभाषक एवं न्यायपालिका का बहुत योगदान है। कपिला हिंगोरानी के केस में 40 हजार बंदियों को विधिक सहायता उपलब्ध ना होने के कारण छोड़ा गया। इसके पश्चात विधिक सहायता एवं नेशनल लोक अदालत को अस्तित्व में लाया गया।

यह बात जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश कुमार गुप्ता ने संविधान दिवस के उपलक्ष्य में जिला अभिभाषक संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कही। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना का वाचन भी किया जिसकी उद्देश्यिका को सभी न्यायाधीशों और अभिभाषकों ने एक स्वर में दोहराया। विशिष्ट अतिथि कुटुंब न्यायालय के हितेंद्रकुमार मिश्रा थे। संघ अध्यक्ष एडवोकेट अभय शर्मा ने बताया कि वर्ष 2015 में बाबा भीमराव आंबेडकर की 125 वीं जयंती मनाई गई थी।

संविधान का ईमानदारी से पालन होने पर देश तेजी से तरक्की कर सकता है- शर्मा

एडवोकेट शर्मा ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संविधान सभा के अध्यक्ष बाबा साहब के सम्मान में 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने की घोषणा की। तब से यह कानून दिवस या संवैधानिक दिवस मनाया जाता है। हम भारत के लोग संविधान की शक्ति है। संविधान का ईमानदारी से पालन होने पर देश तेजी से तरक्की कर सकता है। संविधान के महत्व को आने वाली पीढ़ी को समझाना होगा ताकि वह संविधान का सम्मान करें। 

डॉ. आंबेडकर और संविधान की पुस्तक का किया पूजन 

वरिष्ठ अभिभाषक शांतिलाल मालवीय, सतीश पुरोहित और अदिति दवेसर ने भी संबोधित किया। उन्होंने संविधान के स्वरूप स्त्रोत उद्देश्य पर प्रकाश डाला। इससे पूर्व अतिथियों ने मां सरस्वती का पूजन कर बाबा भीमराव आंबेडकर की तस्वीर पर माल्यार्पण किया। भारत के संविधान की पुस्तक की भी पूजा की गई। इस मौके पर एडवोकेट सुनील पारिख अभिभाषक संघ के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अभिभाषक और मुख्यालय में पदस्थ समस्त न्यायाधीश गण उपस्थित थे। संचालन सचिव विकास पुरोहित ने किया।