अहिंसा ग्राम बेहतर वातावरण देकर यहां निवासरत परिवारों के जीवन का कर रहा नवनिर्माण, यह प्रकल्प प्रशंसनीय है- मुरलीधर राव

भाजपा के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव गुरुवार को एक दिनी प्रवास पर रतलाम आए। उन्होंने यहां विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने अहिंसा ग्राम का भ्रमण भी किया।

अहिंसा ग्राम बेहतर वातावरण देकर यहां निवासरत परिवारों के जीवन का कर रहा नवनिर्माण, यह प्रकल्प प्रशंसनीय है- मुरलीधर राव
अहिंसा ग्राम का भ्रमण करते भाजपा के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव और जानकारी देते ग्राम के संस्थापक विधायक चेतन्य काश्यप।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने रतलाम प्रवास के दौरान चेतन्य काश्यप फाउण्डेशन द्वारा संस्थापित अहिंसाग्राम पहुंचकर स्वयंसेवी संगठन के कार्य का निरीक्षण किया। वे सजनप्रभा में आयोजित महिला स्वयं सहायता समूह संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने अहिंसा ग्राम की प्रशंसा की और इसे मानव जीवन में परिवर्तन लाने का प्रकल्प बताया।

प्रदेश प्रभारी राव ने अहिंसा ग्राम का भ्रमण कर वहां निवासरत परिवार से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों से संवाद कर भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। स्वागत कार्यक्रम में राव ने कहा कि मानव जीवन के निर्माण में वातावरण का बहुत महत्व होता है। अहिंसा ग्राम बेहतर वातावरण देकर यहां निवासरत परिवारों के जीवन का नवनिर्माण कर रहा है। इस प्रकल्प की जितनी प्रशंसा की जाए, वह कम होगी।

आरंभ में चेतन्य काश्यप फाउण्डेशन के अध्यक्ष एवं विधायक काश्यप ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने प्रकल्प की जानकारी दी। काश्यप ने कहा कि ‘गरीबी से मुक्ति-विकास की युक्ति’ की थीम पर अहिंसा ग्राम बसाया गया है। इस दौरान प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष आलोक शर्मा, संभाग प्रभारी कांतदेव सिंह, जिला प्रभारी श्यामसुंदर शर्मा, रतलाम शहर विधायक चेतन्य काश्यप, जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय, रतलाम ग्रामीण विधायक, भाजपा जिलाध्यक्ष एवं  तीनों जिला महामंत्री उपस्थित रहे।

स्वयं सहायता समूह को बांटे विधायक निधि से 5-5 हजार रुपए व सम्मान-पत्र, राव बोले- प्रशिक्षक व सलाहकार भी उपलब्ध कराएं

सजनप्रभा सभागार में प्रदेश प्रभारी राव ने महिला स्वयं सहायता समूहों का सम्मान किया। प्रत्येक समूह को विधायक चेतन्य काश्यप की निधि से 5-5 हजार रुपए एवं सम्मान-पत्र प्रदान किए। इस मौक पर राव ने कहा रतलाम में विधायक काश्यप महिलाओं के उत्थान के लिए अच्छा कार्य कर रहे है, लेकिन इन समूहों को यदि अच्छे प्रशिक्षक, प्रेरक और सलाहकार उपलब्ध करा दिए जाएं, तो ये और उन्नति करेंगे। स्वयं सहायता समूह छोटे लोगों को गरीबी से उठाकर सम्मानपूर्वक जीने का रास्ता दिखाने वाला प्रकल्प है। इसे जितना सशक्त बनाएंगे, देश में उतनी तरक्की होगी।

विधायक काश्यप ने लिया शहर की सभी 290 आंगनवाड़ियों को गोद, जिला कार्यक्रम अधिकारी को सौंपा पत्र

विधायक काश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आत्म निर्भर भारत का मूलमंत्र दिया है और स्वयं सहायता समूह इसी कड़ी को आगे बढ़ा रहे हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी रजनीश सिन्हा ने चेतन्य काश्यप फाउण्डेशन द्वारा रतलाम में संचालित कुपोषण मुक्त रतलाम अभियान पर प्रकाश डाला। प्रदेश प्रभारी राव ने इस मौके पर विधायक काश्यप द्वारा रतलाम शहर की सभी 290 आंगनवाड़ियों को गोद लेने का पत्र जिला कार्यक्रम अधिकारी सिन्हा को सौंपा। संचालन निर्मल कटारिया ने किया। आभार जिला उपाध्यक्ष सुनील सारस्वत ने माना।