मोदी पर आरोप लगाने वाले राहुल गांधी अपनी दादी द्वारा लगाया गया आपातकाल देखते तो उनके भी रोंगटे खड़े हो जाते- कन्हैयालाल मौर्य

25 जून, 1975 को तत्कालीन इंदिरा सरकार ने देश में आपातकाल लागू किया था। भाजपा ने इस इसे लेकर रविवार को काला दिवस मनाया। इस मौके पर मीसाबंदियों का सम्मान किया गया।

मोदी पर आरोप लगाने वाले राहुल गांधी अपनी दादी द्वारा लगाया गया आपातकाल देखते तो उनके भी रोंगटे खड़े हो जाते- कन्हैयालाल मौर्य
भाजपा ने 25 जून (रविवार) को आपातकाल का स्मरण करते हुए काला दिवस मनाया।

भाजपा ने मनाया काला दिवस, लोकतंत्र रक्षक सेनानियों ने सुनाएं आपातकाल की विभीषिका के संस्मरण, सेनानियों का सम्मान कर लिया गया जीत का संकल्प

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भाजपा ने देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की हत्या करने वाले दिन 25 जून को काला दिवस के रूप में मनाया। रंगोली सभागार में इस मौके पर आपातकाल की विभीषिका दर्शाने वाली डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गई। भाजपा पदाधिकारियों ने लोकतंत्र रक्षक सेनानियों का शॉल-श्रीफल से सम्मान कर आगामी विधानसभा और लोकसभा के चुनाव में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने वाली भाजपा सरकार बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान विधायक चेतन्य काश्यप के साथ सभी लोकतंत्र रक्षक सेनानी मंचासीन रहे।

मीसाबंदी एवं पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य ने इस मौके पर कहा कि राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री मोदी पर देश में आपातकाल जैसे हालात निर्मित करने के आरोप लगाते हैं। आपातकाल क्या होता है, यह उन्हें नहीं पता। 25 जून, 1975 को उनकी दादी इंदिरा गांधी ने अपनी सत्ता बचाने के लिए जो आपातकाल लगाया था, यदि वे उसे देखते तो उनके रोंगटे खड़े हो जाते। उस आपातकाल में कई जुल्म किए गए लेकिन भाजपा और पूर्ववर्ती संगठनों के सदस्यों ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए कोई समझौता नहीं किया और संघर्ष कर पार्टी को इस मुकाम पर पहुंचाया है।

पूर्व जिलाध्यक्ष बजरंग पुरोहित ने रतलाम में मीसाबंदियों पर हुए अत्याचारों के संस्मरण सुनाए और कहा कि देश में भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ सरकार चला सकती है। वरिष्ठ नेता प्रेम उपाध्याय और मीसाबंदी अनिल मांदले ने भी संस्मरण सुनाए। लोकतंत्र रक्षक सेनानी महेन्द्र नाहर, कन्हैयालाल चौधरी, विनय मोघे, बसन्त पुरोहित, दिनेश सोलंकी, परशराम सैनी, शांतिलाल गोरेचा, शंकरलाल माली, प्रकाश गुगलिया एवं राजेन्द्र भरकुन्दिया उपस्थित रहे।

लोकतंत्र रक्षक सेनानियों का किया सम्मान

आरंभ में भारत माता, भाजपा के पितृपुरुष डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी एवं प. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। जिला उपाध्यक्ष सुनील सारस्वत, नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य निमिष व्यास, जिला कार्यालय मंत्री मनोज शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी, जिला भण्डार प्रमुख दशरथ पाटीदार, महासंपर्क अभियान जिला संयोजक प्रवीण सोनी, आईटी सेल के प्रदेश सहसंयोजक सोमेश पालीवाल एवं तन्मय त्रिवेदी आदि ने लोकतंत्र रक्षक सेनानियों का सम्मान किया। जिला मंत्री सोना शर्मा ने गीत प्रस्तुत किया। संचालन जिला महामंत्री ने किया। आभार विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल ने माना।

मोदी जी ने लोकतंत्र की मर्यादा के आदर्श स्थापित किए- विधायक काश्यप

विधायक चेतन्य काश्यप ने आपातकाल के काले दिन पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि इंदिरा गांधी ने 25 जून, 1977 को आपातकाल लागू कर लोकतंत्र का गला घोंटा था। इसके विपरित प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वर्तमान सरकार लोकतंत्र की मर्यादा के लगातार आदर्श स्थापित कर रही है। केन्द्र सरकार ने कश्मीर समस्या के समाधान, अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण सहित कई मुद्दों का लोकतांत्रिक समाधान किया है। राष्ट्र के लिए राष्ट्रवादी सोच होना बहुत जरूरी है और भाजपा की सरकारें इसी विचारधारा के साथ लगातार कार्य कर रही हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र रक्षक सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण ही आज भाजपा इस मुकाम पर है। रतलाम के भी कई मीसाबंदी आपातकाल 19 माह जेल में रहे हैं। उनके संघर्ष को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने देश एवं प्रदेश में लोकतंत्र के साथ चलने वाली भाजपा की सरकार पुनः बनाने का आह्वान किया।