प्रताप नगर अंडर ब्रिज के लिए तीन करोड़ रुपए स्वीकृत होने पर क्षेत्रवासियों ने विधायक चेतन्य काश्यप का अभिनंदन कर आभार जताया
रतलाम शहर के प्रतापनगर क्षेत्र में अंडर ब्रिज के लिए 3 करोड़ रुपए की स्वीकृति होने पर क्षेत्रवासियों ने विधायक चेतन्य काश्यप का आभार जताया।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । प्रताप नगर अंडर ब्रिज की स्वीकृति मिलने से प्रसन्न क्षेत्रवासियों ने रविवार को विधायक चेतन्य काश्यप से मुलाकात कर उनका स्वागत कर आभार जताया। बीते कई वर्षों से क्षेत्रवासियों द्वारा इसकी मांग की जा रही थी, जो कि विधायक काश्यप के प्रयासों से अब पूरी हो गई है। अंडर ब्रिज के लिए तीन करोड़ रुपए की राशि भी प्रदेश के बजट में स्वीकृत हो चुकी है।
प्रताप नगर में अंडर ब्रिज की स्वीकृति की जानकारी मिलने पर प्रताप नगर, मंगलम सिटी, मिड टाउन, सांईनाथ कॉलोनी सहित अन्य क्षेत्र के रहवासी भाजपा जिलाध्यक्ष और क्षेत्रीय पार्षद परमानंद योगी के साथ विधायक काश्यप से मिलने पहुंचे। उन्होंने विधायक के प्रयासों से उनकी मांग पूरी होने पर उनके प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता मनोहर पोरवाल एवं मंडल महामंत्री राकेश परमार भी उपस्थित रहे।
ओवर ब्रिज पर बड़े हादसे से व्यथित था मन
विधायक काश्यप ने बताया कि ओवर ब्रिज पर बडे़ हादसे हुए हैं, जिनसे मन व्यथित था। क्षेत्रवासी भी लंबे समय से अंडर ब्रिज की मांग कर रहे थे लेकिन यहां ओवर ब्रिज होने से रेलवे की ओर से मंजूरी नहीं मिल रही थी लेकिन हादसों को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर से चर्चा कर कमेटी बनाकर उसकी रिपोर्ट के आधार पर अंडर ब्रिज को स्वीकृत कराया गया है। रेलवे से चर्चा कर ढाई मीटर हाइट के अंडर ब्रिज की सैद्धांतिक मंजूरी मिली है।
आसानी से निकल सकेंगी बाइक और कार
काश्यप ने बताया कि रतलाम के विकास को देखते हुए इसका अध्ययन किया है। बाइक और कार यहां से आसानी से निकल सकेगी। इसके निर्माण से ब्रिज से होकर जाने में जो बडे़ हादसों की संभावना बनी रहती थी, वह अब नहीं होगी। रेलवे ने अंडर ब्रिज के लिए राशि देने से मना कर दिया था, उनका कहना था कि हम पहले ओवर ब्रिज के लिए राशि दे चुके है। इस कारण से पूरी 3 करोड़ की राशि राज्य शासन की ओर से स्वीकृत कराई गई है।
प्रॉपर्टी की कीमतों में होगा इजाफा
विधायक काश्यप के अनुसार बजट के पूर्व विशेष रूप से मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से मुलाकात कर उन्हें बजट में अंडर ब्रिज के लिए राशि स्वीकृत करने के संबंध में निवेदन किया था, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया। अब क्षेत्र में विकास की नई गाथा लिखी जा सकेगी। इसके निर्माण से क्षेत्र में प्रॉपर्टी की कीमतों में वृद्धि होगी। इसके अतिरिक्त शहर में अब विकास की जो संभावना बन रही है, वह इसी क्षेत्र में है, जिसका पूरा लाभ क्षेत्र के रहवासियों को मिलेगा।