बूथ स्तर के कार्यकर्ता ही पार्टी के आधार स्तंभ और ताकत, शासन की योजनाओं को आमनजन तक यही ले जाएंगे- विधायक चेतन्य काश्यप

रतलाम में भाजपा के दीनदयाल मंडल के बूथ प्रभारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें विधायक चेतन्य काश्यप ने मार्गदर्शन दिया।

बूथ स्तर के कार्यकर्ता ही पार्टी के आधार स्तंभ और ताकत, शासन की योजनाओं को आमनजन तक यही ले जाएंगे- विधायक चेतन्य काश्यप
बूथ स्तर की बैठक को संबोधित करते विधायक चेतन्य काश्यप।

दीनदयाल मंडल के शक्ति केंद्र क्रमांक 21, 44 और 45 की बैठक

एसीएन टाइम्स @ रतलाम भाजपा के बूथ विजय संकल्प अभियान के तहत विधायक चेतन्य काश्यप दीनदयाल मंडल के शक्ति केंद्र क्रमांक 21, 44 और 45 के जैन स्कूल पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी की पूरी रचना बूथ स्तर से चल रही है, जिससे "बूथ जीता - चुनाव जीता" का संकल्प पूरा हो सके। बूथ स्तर के कार्यकर्ता ही पार्टी के आधार स्तंभ और ताकत हैं। इन्हीं के माध्यम से हमें शासन की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के साथ विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक आसानी से पहुंचाने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रेम उपाध्याय, मंडल महामंत्री नंदकिशोर पंवार, वार्ड संयोजक भरत सेन मंचासीन रहे।

विधायक काश्यप ने कहा कि भाजपा में हर व्यक्ति का समावेश है। हम संगठन के सदस्य है और यहीं हमें अनुशासन सिखाता है। हमें कैसे काम करना है, यह भी हम संगठन में रहकर बेहतर ढंग से सीख सकते हैं। हमें विकास की परिकल्पनाओं को कार्यकर्ताओं तक पहुंचाना है। विकास सिर्फ भौतिक नहीं होता, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास भी जरूरी है। बीते दस वर्षों में देश में बहुत परिर्वतन आया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छता को लेकर इतना बड़ा अभियान पहले कभी नहीं चला जितना की बीते दस वर्ष से चल रहा है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीबों को पक्के आवास, आमजन के स्वास्थ्य के लिए आयुष्मान भारत योजना शुरू हुई है तो चारों ओर बेहतर सड़कों का जाल बिछा है। इन सबके साथ युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए स्किल इंडिया के तहत प्रशिक्षण उपलब्ध कराया गया है।

प्रदेश में चल रही योजनाओं की दी जानकारी

काश्यप ने प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में खेती लाभ का धंधा बनी है। किसानों के ऋण माफी की योजना बनी है। लाडली लक्ष्मी योजना के बाद लाडली बहना योजना की शुरुआत की गई है। इसके माध्यम से माता-बहने आत्म निर्भर और सशक्त बनेगी।

बदल गया रतलाम का पूरा परिवेश

काश्यप ने कहा कि यदि बात रतलाम की करें तो बीते दस वर्षों में यहां का पूरा परिवेश बदल गया है। आजादी के बाद यहां इतने कार्य नहीं हुए थे, जितने कि बीते दस वर्षों में हुए है। रतलाम में तय समय सीमा में मेडिकल कॉलेज बना है। कोरोना काल में इसने अपनी सार्थकता सिद्ध की। गोल्ड कॉम्प्लेक्स का काम शुरू हो रहा है, जिसके निर्माण के बाद देश के नक्शे पर रतलाम एक बार फिर अपनी अलग छाप छोड़ेगा। जिला अस्पताल में 300 बेड के नए अस्पताल का काम शुरू हो गया है। रतलाम में नर्मदा का पानी लाने के लिए योजना बनाई गई है, जिसके संबंध में मुख्यमंत्री जी घोषणा कर चुके हैं। इसके माध्यम से गर्मी में धोलावाड़ के साथ 12 अन्य तालाबों में पानी पहुंचेगा, जिससे कि भरपूर मात्रा में पेयजल की उपलब्धता बनी रहेगी। विधायक ने कहा कि रतलाम को कुपोषण मुक्त करने के लिए पहले भी अभियान चलाया था और सैंकड़ों बच्चों को कुपोषण मुक्त किया था लेकिन कोरोना काल में यह रूक गया था। अब एक बार फिर से अभियान चालू होने जा रहा है।

ये रहे उपस्थित

बैठक के दौरान कार्यक्रम संयोजक गोपाल राठी, व्यवस्थापक धर्मेंद्र रांका, जितेंद्र सिलावट, कमल सिलावट, कनिष्क सिलावट, ताहेर नजमी, सुनील रोतेला सहित बड़ी संख्या में बूथ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संचालन मंडल महामंत्री नंदकिशोर पंवार ने किया और आभार कार्यक्रम संयोजक गोपाल राठी ने माना।

खेल-खेल में सीखे चुनाव में जीत हासिल करने के गुर

जिला मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी ने बताया भाजपा के बूथ विजय संकल्प अभियान के तहत रतलाम शहर विधानसभा के पांचों मंडल में विभिन्न शक्ति केंद्रों के बूथ कार्यकर्ताओं की बैठकें आयोजित हुईं। इनमें सुबह से लेकर शाम तक अलग-अलग सत्र के दौरान पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं ने खेल-खेल में पार्टी और संगठन को मजबूत करने और विकास कार्यों को जनता के बीच ले जाने के तौर तरीके सीखे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं के द्वारा देशी खेल खेलकर उनका आनंद लिया गया। 

कुशाभाऊ ठाकरे मंडल की बैठक

कुशाभाउ ठाकरे मंडल की बैठक रंगोली परिसर में आयोजित हुई। इसमें वार्ड क्रमांक 14 व 48 का सुबह 10 बजे कार्यक्रम का आरंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत में पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण किया। यहां संगठन पर पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य ने प्रकाश डाला, जबकि विकास कार्यों पर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा ने अपनी बात रखते हुए केंद्र, राज्य एवं शहर में हुए विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। अपराह्न चार बजे रंगोली में वार्ड क्रमांक 39, 35 और 49 की बैठक हुई। इसमें संगठन के बारे में शहर विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल ने विस्तृत रूप से प्रकाश डाला। वहीं विकास कार्यों के संबंध में पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा ने जानकारी दी।

सूरजमल जैन मंडल की बैठक

लोकेंद्रनाथ महादेव मंदिर परिसर में सूरजमल जैन मंडल के वार्ड क्रमांक 24, 25 एवं 27 की बैठक हुई। इसमें संगठन पर पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी ने अपनी बात कही, जबकि विकास कार्यों पर आरडीए अध्यक्ष अशोक पोरवाल ने विस्तृत रूप से जानकारी दी। यहां अपराह्न चार बजे वार्ड क्रमांक 23 व 24 करमदी और मथुरी की बैठक हुई। इसमें संगठन पर पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य और विकास कार्यों पर प्रेम उपाध्याय ने अपनी बात कही।

मुखर्जी मंडल की बैठक

नारायणी पैलेस में अपराह्न चार बजे मुखर्जी मंडल की बैठक हुई। इसमें विकास कार्य पर विधायक चेतन्य काश्यप और संगठन पर जिला कोषाध्यक्ष जयवंत कोठारी ने अपनी बात रखी। यहां महापौर प्रहलाद पटेल भी उपस्थित रहे।

आंबेडकर मंडल की बैठक

अटल सभागृह अलकापुरी में आंबेडकर मंडल की बैठक में संगठन पर जिला उपाध्यक्ष सुनील सारस्वत ने विचार व्यक्त किए। सभी मंडल के कार्यक्रम में वार्ड संयोजक, बूथ संयोजक, बूथ अध्यक्ष, त्रिदेव के साथ कलस्टर संयोजक, व्यवस्था प्रमुख, नियंत्रक, जिला पदाधिकरी, निवासरत पार्षद, मोर्चा पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।