रतलाम में घंटे की गूंज ! सरकार को जगाने के लिए कांग्रेस ने बजाया घंटा, इंदौर के मृतकों को श्रद्धांजलि दी, मंत्री काश्यप के निवास का घेराव करने बढ़े तो पुलिस हिरासत में ले लिया

इंदौर और रतलाम में दूषित पानी सप्लाई होने को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को रतलाम में घंटा बजाओ आंदोलन के तहत प्रदर्शन किया। पुलिस ने इस दौरान से 100 से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।

रतलाम में घंटे की गूंज ! सरकार को जगाने के लिए कांग्रेस ने बजाया घंटा, इंदौर के मृतकों को श्रद्धांजलि दी, मंत्री काश्यप के निवास का घेराव करने बढ़े तो पुलिस हिरासत में ले लिया
इंदौर और रतलाम में दूषित पानी की सप्लाई के विरोध में कांग्रेस ने घंटा बजाओ आंदोलन किया।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । इंदौर के भागीरथपुरा में हुई घटना और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के ‘घंटा’ वाले बयान ने कांग्रेस को मुद्दा दे दिया है। रतलाम में मंगलवार को शहर कांग्रेस ने सरकार को जगाने के लिए ‘घंटा बजाओ आंदोलन’ किया। कार्यकर्ताओं ने इंदौर में दूषित पानी के कारण जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी। वे रैली के रूप में कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप के निवास का घेराव करने के लिए आगे बढ़े लेकिन सफल नहीं हो पाए। पुलिस ने रास्ते में ही 100 से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इस दौरान जमकर धक्का-मुक्की हुई। उधर, विधायक निवास पर कड़ी सुरक्षा के कारण स्टेशन आने-जाने वाले लोगों को परेशानी झेलना पड़ी।

कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शहीद चौक पर एकत्र हुए थे। यहां उन्होंने काफी देर तक घंटा बजाया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस ने इंदौर में दूषित पानी से हुई लोगों की मौत को शर्मनाक घटना बताया और उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की। प्रदर्शनकारियों ने पत्रकार द्वारा पूछे गए सवाल पर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर कड़ी आपत्ति भी जताई। इसके बाद कार्यकर्ता शहर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप के स्टेशन रोड स्थित निवास का घेराव करने के लिए रैली के रूप में आगे बढ़े।

बीच में ही रोक कर भेजा थाने

कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए रैली के रूप में आगे बढ़ रहे थे लेकिन उन्हें पुलिस ने लोकेंद्र टॉकीज चौराहे पर रोक दिया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस द्वारा लगाए बेरिकेड हटाने का काफी प्रयास किया। इस दौरान जमकर धक्का-मुक्की हुई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने अन्य रास्तों से होते हुए दिलबहार चौराहे तक जा पहुंचे। हालांकि, वे मंत्री के निवास तक नहीं पहुंच सके, पुलिस ने उन्हें पहले ही हिरासत में ले लिया।

कहां से किसे लिया हिरासत में, किस थाने भेजा

लोकेंद्र टॉकीट चौराहा क्षेत्र से कांग्रेस नेता महेंद्र कटारिया, शैलेंद्र सिंह अठाना, इक्का बेलूत, जोएब आरिफ, एडवोकेट सतीश पुरोहित, मंसूर अली पटोदी, राकेश झालानी, भास्कर राव, इकरार चौधरी, सुरेश राठौड़, अफजल, मेहमूद खान, प्रदीप राठौड़ एवं महिला पदाधिकारियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस को चकमा देकर दिलबहार चौराहा पहुंचे पूर्व महापौर पारस सकलेचा, युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष सैयद वुसत जैदी, इमरान मोयल, इम्तियाज शेख (बी) सहित अन्य कार्यकर्ताओं को भी हिरासत लिया गया। प्रदर्शकारियों को पुलिस वाहन में बैठाकर बिलपांक और शिवगढ़ थाने ले जाया गया।