निरीक्षण : कलेक्टर ने निर्माणाधीन सांदीपनी विद्यालय का लिया जायजा, निर्माण कार्य जून 2026 तक पूर्ण करने के दिए निर्देश
रतलाम का सांदीपनी विद्यालय मथुरी में बन रहा है। इसके निर्माण कार्य का जायजा कलेक्टर ने किया और उसे जून तक खत्म करने के निर्देश दिए।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । कलेक्टर मिशा सिंह ने बुधवार को रतलाम के निमार्णाधीन सांदीपनी विद्यालय रतलाम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल भवन, खेल मैदान, वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम आदि कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्य जून 2026 तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर सिंह ने स्कूल भवन में शासन द्वारा स्वीकृति अनुसार फर्नीचर की डिमांड तत्काल भेजने, विद्यार्थियों के लिए मुख्य सड़क से स्कूल तक पहुंचने के लिए सड़क बनवाने, स्कूल में फायर एनओसी इत्यादि के लिए कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान निर्माण सामग्री मटेरियल की टेस्ट रिपोर्ट एवं कम्पोजीशन का जायजा भी लिया। उन्होंने डीपीआर, विद्युत टेस्ट, पेयजल टेस्ट रिपोर्ट, स्वीकृति आदेश, निर्माण सामग्री मटेरियल की टेस्ट रिपोर्ट एवं भवन का मैप ब्ल्यूप्रिन्ट जिला शिक्षा अधिकारी एवं प्राचार्य को अपने कार्यालय में रखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी अनीता सागर, प्राचार्य सांदीपनी स्कूल संध्या वोरा को कार्यों का सतत् निरीक्षण कर निगरानी में गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण करवाने के लिए निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ पीआईयू के कार्यपालन यंत्री सचिन हरित सहित निर्माण कार्य से संबंधित इंजीनियर एवं ठेकेदार इत्यादि उपस्थित थे।
📌 हमें गूगल न्यूज़ पर भी फॉलो करें |
