जनसंघ व भाजपा की वैचारिक यात्रा, संघर्ष और संगठन निर्माण की गाथा है ‘युग पुरुष बाबूजी’ पुस्तक, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष महाजन और पूर्व मंत्री जटिया ने की लेखकों की प्रशंसा

मालवा के गांधी स्व. डॉ. लक्ष्मीनारायण पाण्डेय पर लिखी पुस्तक ‘युग पुरुष बाबूजी’ पर पद्मभूषण पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सत्यनारायण जटिया ने कही यह बड़ी बात, जानने के लिए पढ़ें यह खबर।

जनसंघ व भाजपा की वैचारिक यात्रा, संघर्ष और संगठन निर्माण की गाथा है ‘युग पुरुष बाबूजी’ पुस्तक, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष महाजन और पूर्व मंत्री जटिया ने की लेखकों की प्रशंसा
पद्मभूषण पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन एवं पूर्व मंत्री डॉ. सत्यनारायण जटिया राजनीति के संत एवं मालवा के गांधी स्व. डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय 'बाबूजी' के जीवन पर पत्रकार मुकेशपुरी गोस्वामी, नीरज कुमार शुक्ला एवं अदिति मिश्रा द्वारा लिखी गई पुस्तक 'युग पुरुष बाबूजी' पढ़ते हुए।

पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी, आडवाणी, पूर्व सीएम पटवा, पं. जोशी, कश्मीर समस्या, राफैल डील, भ्रष्टाचार और आपातकाल से जुड़े संजीदा और रोचक किस्से हैं शामिल

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक की वैचारिक यात्रा, संघर्ष और संगठन निर्माण की गाथा को सहेजने वाली पुस्तक ‘युग पुरुष बाबूजी’ पर की गई मेहनत वर्तमान समय में असाध्य कार्य समान है। लेखकों ने यह मेहनत बेहद ईमानदारी से की है जो इस पुस्तक में परिलक्षित होती है। यह कहना है पद्मभूषण, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष तथा 8 बार सांसद रहीं सुमित्रा महाजन ‘ताई’ और पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा 7 बार लोकसभा और राज्यसभा सांसद रहे सत्यनारायण जटिया का।

मालवा के गांधी के नाम से ख्यात, तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. कैलासनाथ काटजू को पराजित कर इतिहास रचने वाले भारतीय जनसंघ के सिपाही स्व. डॉ. लक्ष्मीनारायण पाण्डेय के जीवन पर आधारित पुस्तक ‘युग पुरुष बाबूजी’ के लेखकों (रतलाम प्रेस क्लब अध्यक्ष मुकेश पुरी गोस्वामी, वरिष्ठ पत्रकार एवं रतलाम प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष नीरज कुमार शुक्ला तथा पत्रकार अदिति मिश्रा ने पूर्व लोकसभा अध्यक्ष महाजन और पूर्व केंद्रीय मंत्री जटिया को भेंट की। इस दौरान जनप्रतिनिधिद्वय ने डॉ. पांडेय के जीवन को पुस्तक के रूप में किए गए संकलन, लेखन और शोधपरक प्रस्तुति की मुक्तकंठ से सराहना की।

(पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन 'ताई' को 'युग पुरुष बाबूजी' पुस्तक भेंट करते हुए लेखक एवं पगडंडी पब्लिकेशन के डायरेक्टर पत्रकार नीरज कुमार शुक्ला, मुकेश पुरी गोस्वामी एवं अदिति मिश्रा)

पूर्व लोकसभा अध्यक्ष महाजन ने कहा कि ‘पुस्तक की भाषा और संरचना से स्पष्ट झलकता है कि लेखकों ने इस विषय पर गहन अध्ययन और गंभीर परिश्रम किया है। वहीं पूर्व मंत्री जटिया ने कहा कि ‘यह पुस्तक केवल एक व्यक्ति की जीवनी भर नहीं है, बल्कि मालवा अंचल की वैचारिक, सामाजिक और राजनीतिक यात्रा का सजीव चित्रण करने वाला दस्तावेज है। इसमें उस दौर की राजनीति, आमजन के जीवन और समय के साथ हुए बदलावों की स्पष्ट झलक मिलती है।

('युग पुरुष बाबूजी' पुस्तक भेंट करने के दौरान पूर्व मंत्री डॉ. सत्यनारायण जटिया के साथ उपस्थित पुस्तक के लेखक एवं पगडंडी पब्लिकेशन के डायरेक्टर मुकेश पुरी गोस्वामी एवं अदिति मिश्रा)

कठिन दौर में जनसंघ की नींव थे बाबूजी

युग पुरुष बाबूजी पुस्तक डॉ. लक्ष्मीनारायण पाण्डेय की जीवन यात्रा पर आधारित है, जो बेहद कठिन दौर में मालवा और मध्यभारत में जनसंघ की रीढ़ बने। वे मंदसौर संसदीय क्षेत्र से आठ बार सांसद और मध्यप्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भी रहे। मध्यप्रदेश के गठन के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. काटजू को पराजित कर विधायक बनने का ऐतिहासिक कीर्तिमान भी उनके नाम दर्ज है। डॉ. पाण्डेय मालवा में जनसंघ के पहले विजयी हस्ताक्षर माने जाते हैं। भारतीय राजनीति में सफल रहे तमाम नेताओं का जीवन डॉ. पाण्डेय के आदर्शों, उनके कार्यों और व्यवहार से प्रभावित रहा है।

शीर्षस्थ नेताओं के अंदरूनी किस्सों को सहेजे है पुस्तक

पुस्तक में 1940 से लेकर 2010 के तक जनसंघ के संघर्षपूर्ण दिनों से लेकर भारतीय जनता पार्टी में बदली परीस्थितियों का सत्य और सटीक वर्णन है। आपातकाल के दौर की परिस्थितियाँ, 80-90 के दशक में वैचारिक बदलाव, गुटबाजी की सुगबुगाहट, सन् 2000 के बाद भारतीय राजनीति में आए व्यापक बदलावों के साथ ही देश के शीर्षस्थ राजनेताओं के अंदरूनी और रोचक प्रसंग भी सभाहित हैं। तीनों लेखकों द्वारा इन्हें ठोस संदर्भों, घटनाओं और प्रत्यक्ष अनुभवों के आधार पर पुस्तक रूपी कैनवास में उकेरा है।

इसमें पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, पूर्व मंत्री मुरलीमनोहर जोशी से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा, पं. कैलाश जोशी समेत राष्ट्रीय स्तर तक के राजनेताओं के डॉ. पाण्डेय से जुड़े रोचक प्रसंगों के साथ ही उनकी दूरदर्शिता बताते राफैल डील, आयुष बिल, कश्मीर समस्या सहित अनेक विषयों से संबंधित पुरानी रिपोर्ट्स भी शामिल हैं।

विमोचन के पल से ही मिल रही सराहना

‘पगडंडी पब्लिकेशन’ द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘युग पुरुष बाबूजी’ स्थानीय साहित्य, इतिहास को राष्ट्रीय पटल पर प्रस्तुत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जिसका विमोचन मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के करकमलों से हुआ। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, कृषि मंत्री एंदल सिंह कंषाना, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सदस्य बंशीलाल गुर्जर, पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा, जिला पंचायत अध्यक्ष लालाबाई चंद्रवंशी, विधायक मथुरालाल डामर, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, पूर्व मंत्री हरदीप सिंह डंग सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। पाठकों ने इस पुस्तक को सिर्फ राजनीति के संत डॉ. लक्ष्मीनारायण पाण्डेय ‘बाबूजी’ पर लिखी गई परंपरागत जीवनी नहीं, बल्कि मालवा की वैचारिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुँचाने की दिशा में लेखकों द्वारा किया गया एक उत्कृष्ट प्रयास बताया है।