सान्दीपनि विद्यालय में परीक्षा पे चर्चा का लाइव प्रसारण, 250 से अधिक विद्यार्थी हुए शामिल, PM मोदी के संदेशों को आत्मसात करने का लिया संकल्प
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चाय पे चर्चा का लाइव प्रसारण रतलाम के शासकीय सांदीपनि विद्यालय में किया गया।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शासकीय सान्दीपनि विद्यालय विनोबा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम परीक्षा पे चर्चा का लाइव प्रसारण हुआ। उद्देश्य विद्यार्थियों को परीक्षा के तनाव से मुक्त कर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।

मुख्य अतिथि नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा रहीं व अध्यक्षता क्षेत्रीय पार्षद ने की। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह और प्रेरणा का वातावरण देखने को मिला। लाइव प्रसारण के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से सीधे संवाद करते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के समझदारीपूर्ण और संतुलित उपयोग पर जोर दिया। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि शिक्षकों को विद्यार्थियों की सीखने की गति और रुचि को समझते हुए शिक्षा देनी चाहिए।

प्रधानमंत्री ने शिक्षकों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि जिस प्रकार किसान खेत को जोतता है, उसी प्रकार शिक्षक को विद्यार्थी के मन को जोतना चाहिए। कौशल अधिक जरूरी है या अंक से जुड़े प्रश्न पर उन्होंने स्पष्ट किया कि जीवन में संतुलन सबसे महत्वपूर्ण है, जहां लाइफ स्किल और प्रोफेशनल स्किल दोनों ही आवश्यक हैं, और इसके लिए निरंतर अध्ययन जरूरी है।
250 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया भाग
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के 250 से अधिक विद्यार्थियों एवं लगभग 30 शिक्षकों ने अलग-अलग कक्षों में लाइव प्रसारण देखा। सभी ने प्रधानमंत्री द्वारा परीक्षा को उत्सव की तरह लेने तथा तनावमुक्त रहने के संदेश को आत्मसात किया। लाइव प्रसारण के उपरांत मुख्य अतिथि नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा ने विद्यार्थियों से संवाद किया और प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए विचारों, सीख और चर्चा के बिंदुओं को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास से ही सफलता के नए मार्ग खुलते हैं। संचालन उप-प्राचार्य गजेंद्र सिंह राठौर ने किया। आभार प्रदर्शन प्राचार्य संध्या वोरा ने किया। विद्यालय के स्टाफ सदस्य वंदना सोवणचा, भावना रावत, हिना शाह, श्यामा वर्मा, पिंकी सोलंकी, अंशुल कसेरा, ज्योति मंडलोई सहित अन्य शिक्षकों का सहयोग सराहनीय रहा।
📌 हमें गूगल न्यूज़ पर भी फॉलो करें |
