नगरों के विकास पर 20 हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे, श्री पशुपतिनाथ मंदिर परिसर श्री महाकाल लोक जैसा विकिसित होगा : सीएम चौहान

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान श्री पशुपतिनाथ मंदिर परिसर को श्री महाकाल लोक की तरह विकसित करने का ऐलान किया है। मंदसौर गौरव दिवस समारोह में यह घोषणा की। इस दौरान उन्होंने 1500 करोड़ से अधिक के भूमिपूजन व लोकार्पण किए।

नगरों के विकास पर 20 हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे, श्री पशुपतिनाथ मंदिर परिसर श्री महाकाल लोक जैसा विकिसित होगा : सीएम चौहान
मंदसौर गौरव दिवस समारोह को संबोधित करते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान।

मंदसौर गौरव दिवस पर मुख्यमंत्री ने 1500 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया

एसीएन टाइम्ल @ मंदसौर  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में ग्रामों की तरह नगरों के विकास की सम्पूर्ण रूपरेखा बन रही है। हाल ही में हुए पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मेलन की तरह नगरीय निकाय के प्रतिनिधियों का राज्य स्तरीय सम्मेलन किया जाएगा। प्रदेश के नगरों के विकास पर लगभग 20 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। मंदसौर में पशुपतिनाथ मंदिर प्रांगण में महाकाल लोक की तरह परिसर विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री चौहान गुरुवार को यहां मंदसौर गौरव दिवस समारोह में शामिल होने आए थे। मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा सभी 413 नगरों में पुरानी अवैध कॉलोनियों को नाममात्र की राशि लेकर वैध किया जाएगा। मुख्यमंत्री भू-आवासीय अधिकार योजना में पात्र व्यक्तियों को पट्टे दिए जाएंगे। नियम और प्रक्रिया जनता की सहूलियत के लिए है, काम रोकने के लिए नहीं। जनता के कार्य बिना किसी रुकावट के किए जाएं। किसानों को खाद वितरण के लिए अधिक केन्द्र बनाए जाएं। जो किसान डिफाल्टर हैं, उन्हें भी नकद राशि देने पर सोसायटी कार्यालय से खाद दिया जाए।

शिवना शुद्धिकरण पर खर्च होंगे 28.91 करोड़ रुपए

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सम्राट यशोवर्द्धन ने मंदसौर और मालवा के विकास में अपना अमूल्य योगदान दिया है। वे वीर और पराक्रमी थे। उन्होंने विदेशी आक्रांता हूणों को परास्त किया था। उनके नाम पर मंदसौर गौरव दिवस मनाया जाना हम सबके लिये गौरव का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री महाकाल लोक उज्जैन की तरह ही पशुपतिनाथ मंदिर के पास भी भव्य परिसर विकसित किया जायेगा। श्री पशुपतिनाथ मंदिर के विकास में बाबू शिवदास अग्रवाल, प्रतीकानंद महाराज और मस्तराम महाराज का अमूल्य योगदान रहा। मंदसौर में शिवना नदी के शुद्धिकरण पर 28 करोड़ 91 लाख रुपए व्यय होंगे। गाँधी सागर समूह जल-प्रदाय योजना से मंदसौर जिले के 629 गाँव और रतलाम जिले के 191 गाँव में पाइप लाइन से घर तक नल से जल पहुँचाया जाएगा।

12वीं में 75 फीसदी अंक या अधिक लाने वालों को दे रहे लैपटॉप

चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान में मंदसौर जिले में विभिन्न योजनाओं के 1 लाख 10 हजार हितग्राहियों का चयन किया गया है। इन्हें स्वीकृति-पत्र शीघ्र वितरित किए जाएंगे। मंदसौर में 34 करोड़ रुपए की लागत से सीएम राइज स्कूल बनाया जा रहा है जो निजी स्कूलों से बेहतर होगा। यहाँ विश्व स्तरीय शिक्षा दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में मेडिकल, इंजीनियरिंग की पढ़ाई हिन्दी में प्रारंभ की गई है। बारहवीं कक्षा में 75 प्रतिशत एवं अधिक अंक लाने वालों को लेपटॉप दिए जा रहे हैं। उच्च शिक्षा की फीस भी सरकार भर रही है। मुख्यमंत्री चौहान ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी को पर्यावरण बचाने, शुभ अवसरों पर पौधे लगाने, पानी बचाने, हर बच्चे को स्कूल भिजवाने और गाँव-शहर का नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया।

मंदसौर अद्भुत, कचौरी लेजाकर हेलीकॉप्टर में खाऊंगा

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मंदसौर सचमुच अद्भुत नगर है। जहाँ एक ओर यहाँ भगवान पशुपति नाथ का मंदिर है, वहीं यह नगर सम्राट यशोवर्धन जैसे शूर और वीर के नाम से जाना जाता है। आज उनकी प्रतिमा का यहाँ लोकार्पण हुआ है। प्रतिमा निर्माण और स्थापना से जुड़े सभी लोगों को मैं बधाई और शुभकामनाएँ देता हूँ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदसौर के व्यंजन भी अपनी अलग पहचान रखते हैं। यहाँ का नमकीन, दाल बाटी, अफीम की भाजी, लहसुन की चटनी, गुप्ता जी की कचौरी, पोस्ता दाने का हलुआ, नलवाय का लच्छा पा, भजिये की दुकान और पाव बड़े काफी फेमस हैं। आज मैं अपने साथ यहाँ की कचौरी ले जाऊँगा और हेलीकॉप्टर में खाऊँगा।

किया सम्मान, सम्राट यशोवर्धन की प्रतिमा का अनावरण भी किया

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर ही 1500 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरण भी किया। मुख्यमंत्री चौहान ने मंदसौर के विकास में अमूल्य योगदान देने वाली हस्तियों निर्मला कनोसिया, अनामिका जैन और डॉ. विजयशंकर मिश्र को शॉल-श्रीफल, स्मृति-चिन्ह और प्रशंसा-पत्र प्रदान कर "दशपुर रत्न'' से सम्मानित किया।

इससे पूर्व उन्होंने तेलिया तालाब के पास मंदसौर के गौरव सम्राट यशोवर्द्धन की आदमकद प्रतिमा का अनावरण भी किया। मुख्यमंत्री चौहान ने वर्चुअल माध्यम से मोहनानगर परिषद की प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों मीना बाई, हनुमना के प्रधानमंत्री आवास के हितग्राही संगमलाल और बालाघाट के प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के हितग्राही अनिल कुमार से संवाद कर शुभकामनाएँ दी।

मंदसौर गौरव दिवस पर दी अनेक सौगातें

मुख्यमंत्री चौहान ने मंदसौर के गौरव दिवस पर 1512 करोड़ रुपए के निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन और 10 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण किया। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के हितग्राहियों के खाते में आवास निर्माण के लिए 400 करोड़ रुपए की किश्त का सिंगल क्लिक से अंतरण की। साथ ही इसी योजना में 50 हजार हितग्राहियों को गृह प्रवेश और 51 हजार हितग्राहियों के आवासों का भूमि-पूजन किया।

मुख्यमंत्री ने आवास योजना के 5 हितग्राहियों को उनके आवास की चाबी सौंपी। पीएम स्वनिधि योजना के प्रथम चरण के डेढ़ लाख हितग्राहियों को 10-10 हजार रुपए, द्वितीय चरण के एक लाख हितग्राहियों को 20-20 हजार रुपए का ऋण वितरण और योजना के तृतीय चरण का शुभारंभ कर 2 स्ट्रीट वेंडर को 50-50 हजार रुपए का ऋण वितरित किया।

इन कार्यों का भूमिपूजन

  • 2891 लाख रुपए की लागत के शिवना नदी शुद्धिकरण अभियान का।
  • 1462 करोड़ 49 लाख रुपए की लागत की गांधी सागर-1 समूह जल-प्रदाय योजना का।
  • 325 लाख 44 हजार रुपए की लागत से मंदसौर नगर में सेंट्रल लाइटिंग कार्य का।
  • 750 लाख रुपए की लागत के जिला चिकित्सालय मंदसौर के 100 बिस्तरीय वार्ड का।
  • 221 लाख 78 हजार रुपए की लागत के रतलाम-नसीराबाद मार्ग के डामरीकरण का।
  • 41 लाख 26 हजार रुपए की लागत के पशुपतिनाथ पहुँच मार्ग निर्माण का।
  • 18 करोड़ रुपए की लागत के मंदसौर नगर में नवीन पम्प हाउस के निर्माण का।

इनका लोकार्पण किया

  • 640 लाख 27 हजार रुपए की लागत के मंदसौर में संयुक्त तहसील कार्यालय भवन।
  • मंदसौर में 385 लाख 37 हजार रुपए की लागत के 100 सीटर बालक छात्रावास।
  • मंदसौर के तेलिया तालाब के निकट सम्राट यशोवर्धन की प्रतिमा का अनावरण व स्वागत द्वार का लोकार्पण।

कैलेंडर और पुस्तक का पुस्तक का वमोचन

मुख्यमंत्री चौहान ने मंदसौर जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद द्वारा मंदसौर नगर पर केन्द्रित वर्ष 2023 का कैलेण्डर और दिव्य दशपुर एवं दशपुर जनपद संस्कृति पुस्तक का विमोचन किया। मुख्यमंत्री चौहान ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों एवं स्व-सहायता समूह के उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रतिभागियों से चर्चा की। स्वागत भाषण नगरपालिका अध्यक्ष रमादेवी गुर्जर ने दिया और आभार प्रदर्शन जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा पाटीदार ने किया।

शिवराज सुबह 6 से रात 2 बजे तक करते हैं काम- भूपेंद्र सिंह

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान प्रदेश के विकास और जनता के कल्याण के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। वे सुबह 6 बजे से रात 2 बजे तक निरंतर कार्य करते हैं। उन्हें इतना कार्य करने की शक्ति और प्रेरणा जनता के स्नेह और दुआओं से मिलती है। मंदसौर विधायक यशपाल सिसोदिया ने मंदसौर जिले को एक साथ इतनी सौगातें देने के लिए मुख्यमंत्री चौहान का आभार माना। उन्होंने श्री महाकाल लोक की तरह ही पशुपतिनाथ परिसर के विकास की माँग रखी।

मप्र गौरव दिवस पर निकला चल समारोह

मंदसौर गौरव दिवस पर नगर में विशाल और भव्य चल समारोह निकाला, जो नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए कार्यक्रम स्थल शासकीय महाविद्यालय के खेल मैदान पहुँचा। चल समारोह में बड़ी संख्या में नगर के जन-प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधि सहित मीडिया प्रतिनिधि भी शामिल हुए। चल समारोह में यशोधर्मन राज दरबार की झांकी आकर्षण का केन्द्र रही। नासिक के ढोल, तासे, घोड़े एवं ऊँट ने चल समारोह की शोभा बढ़ायी। चल समारोह का जगह-जगज भव्य स्वागत भी किया गया।

ये रहे मौजूद

वाणिज्य कर, वित्त, योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री जगदीश देवड़ा, उद्योग नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगाँव, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा, पर्यावरण मंत्री हरदीप सिंह डंग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा उपस्थित थे।