कांग्रेस के गंभीर आरोप : भाजपा राज में GST से व्यापारियों में दहशत है, चोर के हाथ में चाबी भी दे दी, अब डाकू टैक्स भी लग जाएगा- डॉ. विक्रांत भूरिया

रतलाम लोकसभा के कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया के बेटे व विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने भाजपा प्रत्याशी अनीता चौहान के पति वन मंत्री और उनके परिवार के साथ भाजपा पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कांग्रेस की घोषणाएं भी दोहराए।

कांग्रेस के गंभीर आरोप : भाजपा राज में GST से व्यापारियों में दहशत है, चोर के हाथ में चाबी भी दे दी, अब डाकू टैक्स भी लग जाएगा- डॉ. विक्रांत भूरिया
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया। समीप हैं कुलदीप इंदौर और महेंद्र कटारिया।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रतलाम-झाबुआ संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस लगातार भाजपा और भाजपा प्रत्याशी को लेकर जुबानी हमले कर रही है। कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया के बेट डॉ. विक्रांत भूरिया का कहना है कि भाजपा राज में जीएसटी (GST) से दहशत है। पार्टी सत्ता पर काबिज रही तो अब डाकू टैक्स भी लग जाएगा। डॉ. भूरिया का आरोप है कि भाजपा ने चोर के हाथ में ही चाबी सौंप दी है।

युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. भूरिया यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान प्रदेश के सह प्रभारी कुलदीप इंदौरा, संजय कामले, रतलाम प्रभारी मनोज उपाध्याय, शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया भी मौजूद रहे। मीडिया से मुखातिब विक्रांत भूरिया ने भाजपा प्रत्याशी अनीता सिंह चौहान और उनके पति वन मंत्री तथा उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दो वीडियो दिखाते हुए कहा कि चौहान महिलाओं का अपमान करते हैं। उन्होंने महिला विधायक कलावती भूरिया तक के लिए गलत शब्दों का प्रयोग किया। उनके रिश्तेदार नाबालिग के साथ हुए सामूहिक ज्यादती के मामले में लिप्त हैं।

आखिर किसने साफ कर दिया कट्ठीवाड़ा का जंगल

डॉ. विक्रांत ने कहा कि वन मंत्री से पूछिए कि कट्ठीवाड़ा का जंगल किसने खत्म कर दिया। क्या इसमें उनके परिवार के लोग लिप्त नहीं हैं। अलीराजपुर में तो अभी से ही ठेके होने लगे हैं कि भाजपा के जीतते ही किस जंगल को साफ करने का ठेका कौन लेगा। अलीराजपुर जिधर देखो उधर इन्हीं की और इनके परिवार की जमीनें हैं। हर तरफ माफिया का कब्जा है। इन दिनों दिनों भ्रष्टाचारी सिर्फ दो जगह ही नजर आते हैं, जेल में और भाजपा में।

अपने क्षेत्र के गांव का रिजल्ट 12 प्रतिशत

डॉ. भूरिया ने कहा कि अलीराजपुर क्षेत्र में वन मंत्री और उनके परिवार का आतंक है। भूरिया ने डॉ. नागर का बंदूकधारियों के साथ का एक फोटो दिखाते हुए कहा कि- वन मंत्री कहते हैं कि उन्हें गनधारी की जरूरत नहीं है, क्योंकि उनके गांव में अनेक गनधारी मौजूद हैं। उनके क्षेत्र के स्कूलों में पढ़ाई होती, वे गोदाम बने हुए हैं। शिक्षा को लेकर कुछ नहीं किया। उनके अपने गांव डोबलाझीरा की बोर्ड कक्षा का रिजल्ट महज 12 फीसदी आया है।

आदिवासी और गरीबों का भी कर रहे अपमान

भूरिया ने कहा भाजपा भी आदिवासी, ओबीसी, राजपूत समाज और दलितों का अपमान करती है। मुख्यमंत्री कहते हैं कि हम गरीबों को फोकट में राशन दे रहे हैं। जबकि सच यह है कि हमने रोजगार मांगा और आप वह नहीं दे सके। हमें फोकट में राशन नहीं, रोजगार दीजिए। भाजपा ने दक्षिण में तो उस व्यक्ति को टिकट दे दिया जिसके 1000 अश्लील वीडियो हैं। भाजपा कार्यकर्ता अपना ही भविष्य में पार्टी में सुरक्षित नहीं मनाते, क्योंकि उसमें दूसरे ही लोग इतने आ चुके हैं। भाजपा अब भारतीय जनता पार्टी नहीं, भर्ती जनता पार्टी बन गई है। भाजपा सरकार ने दो मुख्यमंत्रियों को जेल भेज दिया, ताकि वे चुनाव में काम नहीं कर सकें। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। भाजपा संविधान बदलना चाहती है इसलिए इस बार 400 पार का नारा लगा रही है लेकिन उसको 200 सीट मिलना भी मुश्किल है। रतलाम लोकसभा सीट भाजपा के हाथों में सुरक्षित नहीं रहेगी।

अक्षय बम पर 307 धारा लगाई, डारा-धमकाया भी

इंदौर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी अक्षय कांति बम के नामांकन वापस लेकर भाजपा ज्वाइन होने पर डॉ. भूरिया एवं प्रदेश सह प्रभारी इंदौरा ने कहा कि अक्षय के सालों पुराने एक केस में धारा 307 बढ़ा कर उन्हें डराया-धमकाया गया। हालांकि, किसी के कांग्रेस से भाजपा में जाने से कोई फर्क नहीं पड़ता क्योंकि जो भी जाता है अलेका जाता है, कार्यकर्ता नहीं। जो एक बार बिका है, वह दूसरी बार भी बिक सकता है।

कांग्रेस की घोषणाएं दोहराईं

कांग्रेस नेता डॉ. भूरिया ने कहा भाजपा ने अपने वादे पूरे नहीं किए। मगर कांग्रेस अपनी घोषणाओं पर खरी उतरेगी। भूरिया ने घोषणाएं दोहराते हुए कहा कि- 30 लाख सरकारी पद खाली पड़े हैं जिन्हें भरा जाएगा। युवाओं को 1 लाख रुपए तक की नौकरी दी जाएगी। भाजपा ने कहा कि लाड़ली बहनों को हर माह 3 हजार रुपए देगी लेकिन नहीं दिए गए, कांग्रेस उन्हें 8500 रुपए के लाभ देगी। किसानों का कर्ज माफ होगा। हर व्यक्ति का 25 लाख रुपए स्वास्थ्य बीमा होगा। पलायन करने वालों का भी 10 लाख रुपए का आकस्मिक बीमा दिया जाएगा। लोगों की सुरक्षा की गारंटी होगी। देश में न्याय का राज स्थापित होगा।