बड़ी खबर : हीट स्ट्रोक ने जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना के 20 वर्षीय बेटे अमोल की ली जान, मप्र के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जताया शोक, अंतिम संस्कार आज

मनमानी फीस वसूलने वाले निजी स्कूलों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने वाले जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना के 20 वर्षीय बेटे के दिल्ली में हीट स्ट्रोक से निधन की खबर से सभी स्तब्ध हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित अन्य ने शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

बड़ी खबर : हीट स्ट्रोक ने जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना के 20 वर्षीय बेटे अमोल की ली जान, मप्र के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जताया शोक, अंतिम संस्कार आज
स्व. अमोल सक्सेना एवं जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना।

एसीएन टाइम्स @ जबलपुर । देश में पड़ रही भीषण गर्मी जानलेवा हो गई है। दिल्ली की गर्मी ने वहां रह कर पढ़ाई कर रहे जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना के 20 वर्षीय बेटे की जान ले ली। निजी विद्यालयों की मनमानी पर नकेल कसने के कारण जनता के हीरो बने कलेक्टर सक्सेना के साथ घटी घटना से जिले के लोग भी शोक संतप्त हैं। मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी शोक व्यक्त किया है।

दिल्ली में इस बार पारा 52 डिग्री पार तक पहुंचा। इससे स्कूली बच्चों की जान पर बन आई, अन्य भी बुरी तरह प्रभावित हुए। इसी गर्मी ने जबलपुर के कलेक्टर दीपक सक्सेना के बेटे अमोल को भी चपेट में ले लिया। अमोल को तीन दिन पहले हीट स्ट्रोक हुआ था। उनके केयर टेकर ने इसकी जानकारी कलेक्टर सक्सेना को दी। अमोल ने भी पिता से बात की थी। आईएएस सक्सेना ने बेटे को डॉक्टर को दिखाने की सलाह दी थी।

अमोल ने डॉक्टर को दिखाया था और दवा लेकर आराम कर रहे थे। दोपहर में अचानक उन्हें उल्टी होने लगी, कुछ देर बाद वे बेहोश हो गए। पता चलते ही सक्सेना की बेटी, रिश्तेदार और प्रशासनिक मित्र अमोल के पास पहुंचे। वे उन्हें अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत्य घोषित कर दिया। अमोल के शव का पोर्टमार्टम किया जा रहा है।

बेटे को देखने जा रहे थे पिता, आ गई निधन की खबर

बताया जा रहा है कि कलेक्टर सक्सेना नागपुर में थे। बीमारी की खबर मिलने पर वे बेटे को देखने दिल्ली जाने के लिए डुमना एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए थे। इसी बीच उन्हें बेटे अमोल के निधन की खबर मिली। अमोल का शव सोमवार को दोपहर पश्चात नईदिल्ली से जबलपुर पहुंचे गया। अंतिम यात्रा शाम 5.00 बजे कलेक्टर बंगला जबलपुर से निकलेगी। अंतिम संस्कार गौरीघाट पर किया जाएगा।

मुख्यमंत्री सहित अन्य ने जताया शोक

अमोल सक्सेना दिल्ली में रह कर फिल्म स्टडीज का कोर्स कर रहे थे। उनके निधन की खबर मिलने पर मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने एक्स हैंडल पर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मध्यप्रदेश शासन की ओर से श्रद्धांजलि दी। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। इसी प्रकार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वी. डी. शर्मा सहित अन्य ने भी शोक संवेदनाएं व्यक्त की।

आजमन ने भी जताया शोक

बता दें कि कलेक्टर दीपक सक्सेना निजी स्कूलों की मनमानी के विरुद्ध कार्रवाई करने से आमजन में काफी चर्चित हुए थे। उनके सख्त कदम को मप्र सरकार ने भी समर्थन दिया और प्रदेश के अन्य कलेक्टरों को भी निजी स्कूलों की मनमानी पर कार्रवाई करने के आदेश जारी किए थे। ऐसे लोकप्रिय प्रशासनिक अधिकारी के बेटे के निधन से जबलपुर के खास ही नहीं, आमजन भी काफी दुखी हैं। लोगों ने सक्सेना परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।