MP कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को BJP अजा मोर्चा पहनाएगा चूड़ी, इमरती देवी के अपमान का लेगा बदला, देखें वीडियो

पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेत्री इमरती देवी को लेकर की गई टिप्पणी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के लिए मुसीबत बन गई है। भाजपा अजा मोर्चा ने उन्होंने चुनाव तक हर जगह पटवारी को चूड़ी पहना कर अपमान का बदला लेने का ऐलान किया है।

MP कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को BJP अजा मोर्चा पहनाएगा चूड़ी, इमरती देवी के अपमान का लेगा बदला, देखें वीडियो
भाजपा नेत्री इमरती देवी को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा की गई टिप्पणी से बवाल मच गया है। भाजपा के अजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश जाटव ने उन्हें चूड़ी पहना कर मातृशक्ति के अपमान का बदला लेने का ऐलान किया है।

भाजपा अजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश जाटव ने पत्रकार वार्ता में किया ऐलान

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा ने मप्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश झाटव ने उन्हें चूड़ी पहनाकर भाजपा नेत्री इमरती देवी के अपमान का बदला लेने का ऐलान किया है।

भाजपा अजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जाटव महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश जाटव शुक्रवार को रतलाम स्थित जिला भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने वरिष्ठ भाजपा नेत्री इमरती देवी के बारे में जो टिप्पणी की है वह मातृशक्ति का अपमान है। यह माफी योग्य नहीं है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पटवारी जहां भी सभा लेने जाएंगे, वहां मोर्चा द्वारा उन्हें चूड़ी पहनाकर इस अपमान का बदला लिया जाएगा।

महिलाओं को अपमानित करना कांग्रेस नेताओं की आदत

भाजपा नेता जाटव ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष में अक्ल की कमी है और उनका अपनी जुबान पर भी कंट्रोल नहीं है। उन्होंने भाजपा नेत्री के लिए जो कहा वह अशोभनीय और घोर निंदनीय है। उन्होंने जो कहा वह बोलने में भी शर्मा आती है। ऐसे शब्द बोलने वालों को भाजपा कार्यकर्ता कभी माफ नहीं करेंगे। जाटव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं की शुरू से ही महिलाओं को अपमानित करने की आदत रही है। उन्होंने बताया कि कर्नाटक में कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी करने के दौरान राहुल गांधी ने भी कहा था कि वे ‘शक्ति’ से लड़ रहे हैं। भारत में मातृशक्ति को शक्ति माना जाता है और यही हमारी संस्कृति है।

‘एक ने अपनी नेता को टंच माल तो दूसरे ने आयटम कहा था’

अजा मोर्चा के वरिष्ठ नेता जाटव ने कहा कि कांग्रेस के एक नेता ने तो मुख्यमंत्री रहते हुए अपनी पार्टी की नेता को ही टंच माल कहा था वहीं पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने आयटम कहा था। पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी, सह प्रभारी नीलेश बाफना, अजा मोर्चा रतलाम के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश बोरिया, झाबुआ जिला अध्यक्ष जगदीश जाटव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राहुल निन्धाने, थांदला के पार्षद राजू धानक आदि मौजूद रहे।