मंदसौर में आज बनेगा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, कागज के 3000 छोटे मोर से बनेगी बड़ी आकृति, ख्यात यू-ट्यूबर ‘मि. इंडियन हैकर’ होंगे विशेष आकर्षण
ख्यात यू-ट्यूबर मि. इंडियन हैकर (दिलराज सिंह रावल) रविवार को मंदसौर आ रहे हैं। वे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए होने वाले ऑरिगेमी पिकॉक के प्रदर्शन के अतिथि होंगे। आयोजन पी.जी. कॉलेज ग्राउंड पर होगा।

एसीएन टाइम्स @ मंदसौर । दशपुर यानी मंदसौर एक नया इतिहास रचने जा रहा है। यहां 19 जून को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड (Guinness World Record) बनने जा रहा है। यह रिकॉर्ड होगा कागज से बने सैकड़ों छोटे-छोटे मोरों से बड़ा मोर बनाने का। इस आयोजन के विशेष आकर्षण होंगे मि.इंडियन हैकर (MR.INDIAN HACKER ) नाम से प्रसिद्ध यू-ट्यूबर दिलराज सिंह रावत।
मि. इंडियन हैकर ने मंदसौर के बारे में कही यह बात (देखें यह वीडियो...)
Guinness World Record बनाने के लिए आयोजन रविवार शाम 7.00 बजे शहर के कॉलेज ग्राउंड पर होगा। 3000 कागज के मोर ( Origami Peacock ) से बड़ी आकृति बनाने का यह अभिनव प्रदर्शन मंदसौर शहर के रविराज जैन (ग्रुप लीडर), दिव्यांश उपाध्याय, रुद्रांश उपाध्याय, संजीवनी पंजाबी, हर्ष पंड्या व क्रिश जैन करेंगे। इनमें 10 वर्ष के बच्चे से लेकर 23 वर्ष तक के युवा शामिल हैं। इस तरह का एक विश्व रिकॉर्ड पूर्व में बन चुका है जो भारत के ही हैदराबाद के रविकुमार तोलेती के नाम है। उन्होंने 1776 ओरेगेमी पिकॉक बनाकर यह रिकॉर्ड अपने नाम किया था जिसे मंदसौर के बेटे तोड़ने का प्रयास करेंगे।
दो माह लगे रिकॉर्ड तोड़ने की पेशकश की एप्लिकेशन स्वीकार होने में
ग्रुप के सदस्य रविराज जैन ने बताया इंटरनेट के माध्यम से ओरिगेमी पिकॉक का विश्व रिकॉर्ड होने की जानकारी मिली। यह बात ग्रुप के सदस्यों से शेयर की तो विचार आया कि क्यों न हम इस रिकॉर्ड को तोड़ने का प्रयास करें। संकल्प लेकर सबसे पहले गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की वेबसाइट पर जाकर एप्किलेशन फाइल की। दिसंबर में फाइल एप्लिकेशन फरवरी के मध्य में स्वीकार हुई। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड द्वारा रिकॉर्ड ब्रेक करने के लिए 19 जून 2022 का दिन निर्धारित किया गया। चूंकि हम सभी साथी लंबे समय से मि.इंडियन हैकर के वीडियोज देखते आए हैं। उनके काम से प्रभावित होने से इस इवेंट में उन्हें गेस्ट के रूप में शामिल करने का निवेदन किया जो स्वीकार हो गया। उनकी उपस्थित हमारे लिए गर्व की बात होगी और उनकी मौजूदगी हमें और बेहतर करने के लिए प्रेरित करेगी।
जानिए, कौन हैं मि. इंडियन हैकर
आयोजन मुख्य आकर्षण बनने जा रहे यू-ट्यूबर इंडियन हैकर (दिलराज रावत) ने एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया है। इसमें वे आयोजन की जानकारी देने के साथ ही इसे सफल बनाने की अपील भी कर रहे हैं। बता दें कि- मिस्टर इंडियन हैकर ( MR.INDIAN HACKER ) रावल 2012 से यू-ट्यूबर हैं। विभिन्न प्रकार के 809 वीडियो बना चुके मिस्टर इंडियन हैकर के यू-ट्यूब चैनल के 26.1 मिलियन सब्सक्राइबर हैं। रावल अपने सब्सक्राइबर्स को अपना परिवार मानते हैं और उसे टाइटेनियम आर्मी ( TITANIUM ARMY ) कह कर संबोधित करते हैं।