शपथ ग्रहण : रेडक्रॉस के पूर्व चेयरमैन स्व. महेंद्र गादिया के कार्य अनुकरणीय, ऐसे सामाजिक कार्यकर्ता ही इसे पहचान दिला सकते हैं- चेतन्य काश्यप
रतलाम भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के नए संचालक मंडल ने शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण समारोह कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप के मुख्य आतिथ्य में हुआ।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की जिला ईकाई के नए संचालक मंडल का शपथ ग्रहण कलेक्ट्रेट सभागृह में मध्य प्रदेश शासन के लघु एवं सुक्ष्म उद्योग मंत्री चेतन्य कश्यप के मुख्य आतिथ्य में हुआ। विशेष अतिथि पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी रहे। अध्यक्षता कलेक्टर राजेश बाथम ने की। कार्यकारिणी को शपथ ग्रहण कैबिनेट मंत्री ने कराए।
शपथ ग्रहण के मौके पर मंत्री काश्यप ने कहा कि रेडक्रॉस के पूर्व चेयरमैन स्व. महेंद्र गादिया द्वारा जो कार्य किए गए वे अनुकरणीय हैं। रतलाम में रेडक्रॉस की पहचान बनाने का जिम्मा उन्हीं के जैसे सामाजिक कार्यकर्ता कर सकते हैं। उनके पुराने कार्यों के साथ-साथ नए चेयरमैन व संचालक मंडल पुराने अनुभव के साथ-साथ नई सोच व नई ऊर्जा के साथ कार्य करेंगे, ऐसा हम सबको विश्वास है। रेडक्रॉस विश्व का वह महान संगठन है जो चिकित्सा क्षेत्र के अतिरिक्त पीड़ित मानवता के कार्य संचालित करता है। इसका क्षेत्र काफी व्यापक है। हमें बड़ी सोच के साथ व्यापक रूप में कार्य करना होगा।
नया संचालक मंडल ऊंचाइयों पर ले जाएगा- हिम्मत कोठारी
विशिष्ट अतिथि पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी ने कहा कि यह संस्था किसी परिचय की मोहताज नहीं है। जनसेवा के माध्यम से यह रतलाम में अपनी अलग ही पहचान बनाए हुए है। हमें विश्वास है कि नया संचालक मंडल इसे और ऊंचाइयों पर ले जाएगा। अध्यक्षीय उद्बोधन में जिलाधीश तथा रेडक्रॉस के अध्यक्ष राजेश बाथम ने निर्वाचन प्रक्रिया से लेकर रेडक्रॉस की योजनाओं के बारे में बताया।
रेडक्रॉस सेवा का पर्याय, सेवा प्रकल्पों को आगे बढ़ाएंगे- प्रीतेश गादिया
इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं रेडक्रॉस सोसाइटी के जनक हेनरी डयूनॉट के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। तत्पश्चात सचिव तथा एडीएम शालिनी श्रीवास्तव द्वारा रेडक्रॉस के बारे में जानकारी दी। उन्होंने नए संचालक मंडल का परिचय भी कराया। स्वागत उद्बोधन नवनिर्वाचित चेयरमैन प्रीतेश गादिया ने दिया। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस सेवा का पर्याय है और इसी सेवा के पूर्व के कार्यों को आगे बढ़ाते हुए नए कार्यों के साथ कई सामाजिक संगठन एवं सामाजिक जनों को जोड़कर नेत्रदान, देहदान, रक्तदान, चिकित्सा शिविर एवं कई योजनाओं के अलग-अलग शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से लोगों को लाभान्वित कर संस्था से जोड़ा जाएगा।
इन्होंने ग्रहण की शपथ, प्रमाण पत्र प्रदान किए
समारोह में सभापति प्रीतेश गादिया, उप सभापति सुशील मूणत, कोषाध्यक्ष संजय लुणिया, सदस्य वरिष्ठ पत्रकार शरद जोशी, डॉ. सुलोचना शर्मा, राजेश रांका, हेमंत मूणत, अशोक जैन ‘लाला’, एडवोकेट सुनील पारिख, दिनेश बरमेचा को कलेक्टर बाथम ने शपथ दिलाई। सभी को प्रमाण-पत्र भी भेंट किए गए। संचालन आशीष दशोत्तर ने तथा आभार प्रदर्शन मनोनीत सचिव मानस पुरोहित ने किया।
ये उपस्तित रहे
इस अवसर पर पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, मनोहर पोरवाल, जयवंत कोठारी, प्रहलाद राठौड़, प्रेमलता दवे, अशोक तांतेड़, कांतिलाल छाजेड़, तहसीलदार आर्ची जैन, ऋषभ ठाकुर, आशीष उपाध्याय के अलावा रोटरी क्लब, लायंस क्लब सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग एवं समाजसेवी उपस्थित थे।