रतलाम प्रेस क्लब संस्था भवन और संस्था के लिए संघर्ष करने वाले पत्रकारों को ‘नींव का पत्थर’ सम्मान से नवाज़ेगा, सदस्यों के प्रतिभावान बच्चे भी होंगे सम्मानित
रतलाम प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी ने शनिवार को शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर हुई पहली बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

नव निर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों ने कार्यभार ग्रहण किया, पहली बैठक में लिए महत्वपूर्ण निर्णय
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रतलाम प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने शनिवार को मां सरस्वती का पूजन कर मंत्रोच्चार के साथ पदभार ग्रहण कर लिया। इस मौके पर पहली बैठक में नई कार्यकारिणी ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। इनमें संस्था तथा संस्था के भवन के लिए संघर्ष करने वाले वरिष्ठ सदस्यों को ‘नींव का पत्थर’ सम्मान के साथ ही सदस्यों के प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित करने सहित अन्य निर्णय शामिल हैं।
नवीन कार्यकारिणी को पावर हाउस रोड स्थित संस्था के भवन में पदभार महर्षि पं. सजय दवे ने मां सरस्वती का पूजन कर मंत्रोच्चार के साथ ग्रहण करवाया। पूजन अध्यक्ष मुकेश पुरी गोस्वामी और सचिव यश शर्मा ‘बंटी’ ने किया। पदाधिकारियों और सदस्यों ने पत्रकारों, पत्रकारिता, समाज और देश के हित में काम करते रहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
तत्पश्चात प्रथम बैठक का आयोजन किया गया। अध्यक्षता अध्यक्ष गोस्वामी ने की। बैठक में सर्वप्रथम अध्यक्ष ने कार्यकारिणी के सभी सदस्यों को विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी एवं सभी का माला पहनाकर और मुंह मीठा करा कर स्वागत किया। पदाधिकारियों ने सुझााव दिए और आगामी 6 माह के लिए कार्ययोजना तैयार करने को लेकर विचार-विमर्श किया ग या।
ये उपस्थित रहे
कोषाध्यक्ष नीरज कुमार शुक्ला, उपाध्यक्ष सुजीत उपाध्याय, सौरभ कोठारी व दिलजीत सिंह मान, सह सचिव नीरज बरमेचा व हेमंत भट्ट, कार्यकारिणी सदस्य दिनेश दवे, प्रदीप नागौरा, चंद्रशेखर सोलंकी, सिकंदर पटेल, शुभ दशोत्तर, किशोर जोशी ‘दत्ता’, नीलेश बाफना, विनोद वाधवा, मानस व्यास, चेतन शर्मा और धरम वर्मा मौजूद रहे।
बैठक में हुए ये निर्णय
- संस्था के निर्वाचन और नई कार्यकारिणी के गठन की जानकारी संस्था के खाते वाली बैंक में उपलब्ध कराने और खाता संचालन संबंधी आवश्यक तकनीकी कार्य यथाशीघ्र करने का निर्णय लिया गया।
- क्लब के सभी सदस्यों की फोटो सहित बेसिक जानकारी भी एकत्र की जाएगी। इसके लिए सह सचिव नीरज बरमेचा को अधिकृत किया गया। इस कार्य में उनका सहयोग अन्य सदस्यों द्वारा किया जाएगा। यह भी निर्णय लिया गया कि अगली सदस्यता ऑनलाइन ही की जाएगी।
- तीसरा उत्कृष्ट पत्रकारिता पुरस्कार समारोह जून में आयोजित किया जाएगा। इसे भव्य रूप से करने का प्रयास किया जाएगा।
- रतलाम प्रेस क्लब की वेबसाइट ‘रतलाम प्रेस क्लब डॉट कॉम’ डेवलप करने का निर्णय लिया गया। इस बारे में कोषाध्यक्ष नीरज कुमार शुक्ला ने बताया कि वेबसाइट के लिए डोमेन रजिस्टर्ड हो गया और वेबसाइट डेवलप करने का काम भी शुरू हो गया है। इस पर पदाधिकारियों की जानकारी के साथ ही, संस्था के इतिहास, दिवंगत पत्रकारों की जानकारी, सदस्यों की फोटो युक्त सूची के अलावा अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां होंगी। समय समय पर होने वाली गतिविधियों का ब्यौरा भी इस पर उपलब्ध होगा। वेबसाइट का लोकार्पण उत्कृष्ट पत्रकारिता समारोह के दौरान किया जाएगा।
- प्रेस क्लब के सदस्यों के बच्चों के लिए प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित करने का निर्णय भी लिया गया। इसके लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
- प्रेस क्लब के लिए जमीन और भवन के लिए संघर्ष करने वाले वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान भी किया जाएगा। इसके लिए ‘नींव का पत्थर’ नाम से समारोह आयोजित होगा।
- फर्म एंड सोसायटी से संबंधित कार्यों के लिए समिति बनाने का निर्णय लिया गया। इसमें 4 सदस्यों को शामिल किया गया है। यह समिति आने वाले दिनों में संविधान संशोधन के प्रारूप सहित फर्म एंड सोसायटी में अटके सभी कार्यों को पूर्ण करेगी।
- सदस्यों को नए परिचय-पत्र यथाशीघ्र जारी करने पर भी सहमिति बनी। इसके लिए सचिव यश शर्मा को अधिकृत किया गया। सदस्यों ने सुझाव दिया गया परिचय पत्र का लेआउट और रंग संयोजन ऐसा हो जिससे उसमें दी गई जानकारी आसानी से दृश्य हो।
- चिकित्सकों की मदद से संस्था के सदस्यों तथा परिवारजन के लिए कैंसर जागरूकता शिविर, स्क्रीनिंग, ब्लड टेस्ट आदि के लिए शिविर आयोजित किया जाएगा।
- सदस्यों और उनके परिजन के आधार कार्ड अपडेट / करेक्शन करवाने के लिए भी शिविर आयोजित किया जाएगा।