रतलाम का आतंकी कनेक्शन ! NIA और राजस्थान पुलिस आतंकी फिरोज को लेकर तड़के रतलाम पहुंची, मास्टर माइंड इमरान के फार्म हाउस में की सर्चिंग

तीन साल पहले जयपुर सीरियल ब्लास्ट की साजिश रचने के मामले में भोपाल की सेंट्रल जेल में विचाराधीन आतंकी फिरोज खान को लेकर शुक्रवार को एनआईए तथा राजस्थान पुलिस रतलाम पहुंची। यहां उसकी निशानदेही वाले स्थानों पर सर्चिंग की गई।

May 2, 2025 - 23:00
 0
रतलाम का आतंकी कनेक्शन ! NIA और राजस्थान पुलिस आतंकी फिरोज को लेकर तड़के रतलाम पहुंची, मास्टर माइंड इमरान के फार्म हाउस में की सर्चिंग
जयपुर सीरियल ब्लास्ट के साजिशकर्ताओं में शामिल आतंकी फिरोज को एनआईए और राजस्थान पुलिस की टीम रतलाम लाई और उसके बताए ठिकानों पर सर्चिंग की।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । कभी सिमी के स्लीपर सेल के लिए चर्चा में आया रतलाम एक बार फिर सुर्खियों में है। जयपुर सीरियल ब्लास्ट की साजिश के कनेक्शन रतलाम से जुड़े होने से यहां NIA की आमाद लगातार बनी हुई है। मामले में एक माह पूर्व गिरफ्तार हुए आतंकी फिरोज को लेकर NIA और राजस्थान की पुलिस शुक्रवार तड़के रतलाम पहुंची। दोनों ही एजेंसियों ने यहाँ फिरोज के घर और मास्टर माइड इमरान के फार्म हाउस की सर्चिंग की।

जयपुर दहलाने की साजिश रचने के मामले में पिछले माह रतलाम पुलिस ने आतंकी 48 वर्षीय फिरोज खान पिता फकीर मोहम्मद सब्जीवाला को गिरफ्तार किया था। यह वर्तमान में भोपाल की सेंट्रल जेल बंद है। NIA और राजस्थान पुलिस साजिश को लेकर लगातार पूछताछ कर रही है और कड़ियों को जोड़ने प्रयास कर रही है। इसि सिलसिले में दोनों एजेंसियां आतंकी फिरोज को लेकर शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे रतलाम पहुंची। यहां उसे स्टेशन रोड थाने पर रखा गया। दोनों ही टीमों ने संयुक्त रूप से फिरोज के घर तथा जुलवानिया मार्ग स्थित इमरान के फार्म हाउस की सर्चिंग की। जयपुर ब्लास्ट की साजिश इसी फार्म हाउस में रची गई थी। इसका मालिक इमरान पूर्व में ही गिरफ्तार हो चुका है। इस सर्चिंग में क्या हाथ लगा, इसका खुलासा अभी नहीं किया गया है। रतलाम में सर्चिंग के बाद NIA और राजस्थान पुलिस की टीम जयपुर के लिए रवाना हो गई।

रतलाम पुलिस ने किया था गिरफ्तार

NIA के मोस्ट वांटेड आतंकी फिरोज खान को गत 2 अप्रैल को रतलाम पुलिस ने गिरफ्तार किया था। आरोपी यहां भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष मंसूर जमादार के भाई मसरूफ जमादार के आनंद कॉलोनी रोड स्थित घर से पकड़ा था। मसरूफ, फिरोज की बहन रेहाना का पति है। आरोपी अपनी बहन के यहां ईद मनाने आया था जिसकी भनक पुलिस को लग गई और वह पकड़ा गया। NIA ने चरमपंथी संगठन अल-सूफा से जुड़े इस आतंकी पर 5 लाख रुपए का इनाम भी घोषित था।

तीन साल पूर्व हुआ था साजिश का खुलासा

बता दें कि, जयपुर दहलाने की साजिश का खुलासा 30 मार्च 2022 को राजस्थान के निम्बाहेड़ा में पकड़े गए कुछ आतंकियों से हुआ था। इनके पास से करीब 12 किलो आरडीएक्स जब्त हुआ था। पूछताछ में इन्होंने 42 वर्षीय जुबेर पिता फकीर मोहम्मद निवासी आनंद कॉलोनी रतलाम, 26 वर्षीय अल्तमश पिता बशीर खान और 34 वर्षीय सरफुद्दीन उर्फ सैफुल्लाह पिता रमजानी (34) निवासी शेरानीपुरा रतलाम बताए थे। आरोपियो ने पुलिस को बताया था वे जयपुर में सीरियल ब्लास्ट करने जा रहे थे। उन्होंने इस साजिश में रतलाम निवासी मास्टर माइंड इमरान, अमीन खान उर्फ अमीन फावड़ा, मोहम्मद अमीन पटेल, मजहर खान और फिरोज खान सहित 11 आतंकियों के शामिल होने की बात कही थी। निम्बाहेड़ा पुलिस ने आरोपियों को NIA के सुपुर्द किया था जिसने साजिश में शामिल 10 आतंकियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। शेष एक आरोपी फिरोज को पिछले माह गिरफ्तार करने में सफलता मिली थी।

पूरा मामला और रतलाम का आतंकी कनेक्शन जानने के लिए ये खबरें भी पढ़ें

1. कट्टरपंथी संगठन सुफ़्फ़ा के सदस्यों ने रची जयपुर को दहलाने की साजिश, गिरफ्तार तीनों आरोपी रतलाम के, हिंदू नेता की हत्या के हैं आरोपी, जानें रतलाम का आतंकी कनेक्शन

2. ये हैं अमन के दुश्मन व अलसुफा के सदस्य जिन्होंने रची आतंकी साजिश, गृह मंत्री डॉ. मिश्रा बोले- ऐसा हर आतंकी फन कुचल देंगे, देखें वीडियो...

3. राजस्थान एटीएस की रतलाम में सर्चिंग : जयपुर को दहलाने की साजिश के मास्टर माइंड इमरान के पोल्ट्री फॉर्म से मिला 4 बोरे संदिग्ध पदार्थ, विस्फोटक होने का अनुमान

4. रतलाम के आतंकी पुणे में बाइक की चोरी करते गिरफ्तार, जयपुर दहलाने की रची थी साजिश

5. रतलाम पुलिस को सफलता ! 5 लाख का इनामी आतंकी फिरोज खान गिरफ्तार, जयपुर दहलाने की कोशिश में था शामिल, सुफा से भी है जुड़ाव, NIA को थी तलाश

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।