मुख्यमंत्री चौहान 8 को रतलाम में करेंगे 1350 करोड़ रुपए के कार्यों का लोकार्पण - शिलान्यास, 1 लाख बहनों से करेंगे सीधी बात

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के 8 अप्रैल को रतलाम आगमन से संबंधित तैयारियां हो गई हैं। वे यहां एक लाख बहनों और 400 प्रबुद्ध जनों से बात करेंगे। 1350 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास लोकार्पण भी करेंगे।

मुख्यमंत्री चौहान 8 को रतलाम में करेंगे 1350 करोड़ रुपए के कार्यों का लोकार्पण - शिलान्यास, 1 लाख बहनों से करेंगे सीधी बात
शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री, मप्र

लाडली बहना सम्मेलन में होंगे शामिल, 400 प्रबुद्धजन से संवाद भी करेंगे

एसीएन टाइम्स @ रतलाम। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 8 अप्रैल को रतलाम आ रहे हैं। वे जिले को विकास की बड़ी सौगात देंगे। वे लगभग 1350 करोड़ रुपए लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री शासकीय विभागों की विकासात्मक गतिविधियों, योजनाओं, कार्यक्रमों उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। एक लाख बहनों और 400 प्रबुद्धजन से संवाद भी होगा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के रतलाम आगमन पर शहर के नेहरू स्टेडियम में लाडली बहना सम्मेलन और मुख्य समारोह आयोजित होगा। इसमें मुख्यमंत्री करीब एक लाख बहनों से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा हितग्राहियों को मुख्यमंत्री भू-आवासीय अधिकार पत्रों (पट्टों) का वितरण किया जाएगा।

कार्यक्रम स्थल के पीछे आंबेडकर भवन में लाडली बहना पंजीयन केंद्र पहुंचकर मुख्यमंत्री लाडली बहनों के पंजीयन की कार्रवाई में भाग लेंगे। इसी परिसर में मुख्यमंत्री द्वारा पेसा कानून के मोबिलाइजर तथा यंग अचीवर से संवाद किया जाएगा।

100 फीट की राखी व धन्यवाद पत्र सौंपेंगी बहने

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिले की लाडली बहनों में जबरदस्त उत्साह है। पोलोग्राउंड पर लगभग एक लाख लाडली बहनों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में लाडली बहनों द्वारा मुख्यमंत्री को 100 फीट लंबाई की राखी और धन्यवाद पत्र सौंपा जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान हितग्राहियों को शासन की योजनाओं के हितलाभ वितरण भी करेंगे।

प्रबुद्धजन से संवाद करेंगे

मुख्यमंत्री के आगमन पर श्रीजी पैलेस होटल में दोपहर 2 बजे महत्वपूर्ण आयोजन होगा। इसमें मुख्यमंत्री स्वास्थ्य, शिक्षा, विधि, उद्योग, खेल, कृषि अन्य कई विषयों एवं सामाजिक संगठनों और संस्थाओं से जुड़े लगभग प्रबुद्धजनों से सीधा संवाद करेंगे। जिला प्रशासन द्वारा करीब 400 प्रबुद्धजनों को आमंत्रित किया गया है। इस आयोजन में राज्य के ख्यात विशेषज्ञों द्वारा विकासात्मक गतिविधियों पर आधारित प्रेजेंटेशन दिया जाएगा। मुख्यमंत्री प्रबुद्धजन से विकास गतिविधियों पर सुझाव भी प्राप्त करेंगे।