रतलाम ग्रामीण विधानसभा में हुए स्नेह सम्मेलन में राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त डॉ. खरे ने बताई कार्यकर्ताओं की आचार संहिता

भाजपा द्वारा रतलाम ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र का स्नेह सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि मप्र युवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. निशांत खरे ने कार्यकर्ताओं से संवाद कर उन्हें हनुमानजी की तरह कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

रतलाम ग्रामीण विधानसभा में हुए स्नेह सम्मेलन में राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त डॉ. खरे ने बताई कार्यकर्ताओं की आचार संहिता
मप्र युवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. निशांत खरे स्नेह सम्मेलन को संबोधित करते हुए।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए राजनीतिक पार्टियों की सक्रियता बढ़ गई है। बड़े नेताओं और जनप्रतिनिधियों के दौरे और बैठकों का दौर तेज हो गया है। इसी क्रम में रतलाम आए प्रदेश युवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. निशांत खरे (राज्य मंत्री का दर्जा) ने यहां कार्यकर्ताओं से भक्त हनुमान की तरह कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रेरित करने के लिए रामायण का एक किस्सा भी सुनाया। 

प्रदेश युवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. खरे यहां रतलाम ग्रामीण विधानसभा में आयोजित भाजपा कार्यकर्ताओं के स्नेह सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद किया एवं संगठन की दृष्टि से मंडल अध्यक्ष से चर्चा करके विधानसभा की स्थिति का जायजा लिया।

भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कलसिंह भाभर ने भी संबोधित किया। उन्होंने भाजपा की रीति-नीति एवं राष्ट्रवादी विचारधारा की चर्चा करते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा जनजाति समाज के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा ये कार्य जन-जन तक पहुंचना चाहिए। यह जिम्मेदारी हम सभी की है।

कार्यकर्ताओं के सहयोग से विधायक से लेकर प्रधानमंत्री तक बने- डामोर

रतलाम ग्रामीण विधायक दिलीप कुमार मकवाना ने क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी समस्या का मिलकर निदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आपके ही सहयोग से विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बने हैं। इसलिए कार्यकर्ता का स्थान सबसे ऊपर है। डामोर के अनुसार कार्यकर्ता सिर्फ एक कार्यकर्ता नहीं बल्कि वह भाजपा का वह सिपाही है जो अपने राष्ट्र, अपनी पार्टी के लिए हर समय योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यकर्ताओं के इसी योगदान के कारण भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। स्नेह सम्मेलन में तितरी के कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने अतिथियों को मांग-पत्र भी सौंपे। 

विधायक मकवाना ने सरवड़ में किया डॉ. खरे का स्वागत 

स्नेह सम्मेलन से पूर्व मप्र युवा आयोग अध्यक्ष डॉ. खरे का ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना ने सरवड़ में जोरदार स्वागत किया। इस दौरान अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कलसिंह भाभर, अजजा प्रदेश महामंत्री मुकाम सिंह, सैलाना की पूर्व विधायक संगीता चारेल, अजजा जिला अध्यक्ष शंभुसिंह भी साथ थे।

ये रहे उपस्थित

स्नेह सम्मेलन के मंच पर अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश महामंत्री मुकामसिंह रावत, पूर्व विधायक सैलाना संगीता चारेल, मोर्चा जिला अध्यक्ष शंभुसिंह गणावा, मोर्चा जिला महामंत्री विकास पारगी, पूर्व विधायक मथुरालाल डामर, जिला पंचायत सदस्य सत्यनारायण पाटीदार, नाथूलाल गामड़, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि पवन जाट, मंडल अध्यक्ष राकेश पाटीदार, दिनेश धाकड़, देवीलाल गुर्जर, राजेंद्र लाला जाट, धामनोद नगर परिषद अध्यक्ष दुर्गा मईड़ा, पार्षद अनीता कटारा, पूर्व मंडी अध्यक्ष प्रकाश भगोरा, बद्रीलाल डोडियार सहित रतलाम ग्रामीण के सभी वरिष्ठ कार्यकर्ता, भाजपा पदाधिकारी, मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि, जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच, उप सरपंच, पंच एवं बूथ समिति के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संचालन दिनेश धाकड़ ने किया। आभार शंभूसिंह गणावा ने माना।