रतलाम की शिक्षिका सीमा अग्निहोत्री को कल मिलेगा राष्ट्रपति पुरस्कार, तकनीक का प्रयोग कर आनंदमयी शिक्षा देने के कारण हुआ चयन

रतलाम के सीएम राइज विनोबा स्कूल की शिक्षक सीमा अग्निहोत्री सोमवार को राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित होंगी। उन्होंने सम्मान राशि स्कूल की प्रतिभावान निर्धन छात्राओं को समर्पित करने की घोषणा की है।

रतलाम की शिक्षिका सीमा अग्निहोत्री को कल मिलेगा राष्ट्रपति पुरस्कार, तकनीक का प्रयोग कर आनंदमयी शिक्षा देने के कारण हुआ चयन
सीमा अग्निहोत्री, शिक्षक- सीएम राइज विनोबा स्कूल, रतलाम।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शिक्षा में तकनीक का प्रयोग कर आनंदमयी शिक्षा देने वाली सीएम राइज विनोबा हायर सेकंडरी स्कूल रतलाम की शिक्षिका सीमा अग्निहोत्री को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। उन्हें यह सम्मान 5 सितंबर को शिक्षक दिवस पर नई दिल्ली के विज्ञान भवन में होने वाले समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रदान किया जाएगा। इस दौरान अग्निहोत्री सहित देशभर के कुल 50 शिक्षकों को यह सम्मान मिलेगा।

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए मध्यप्रदेश से सिर्फ दो शिक्षकों का चयन हुआ है, इनमें से एक रतलाम की सीमा अग्निहोत्री हैं। अग्निहोत्री को वर्ष 2021 में राज्य शिक्षक पुरस्कार भी मिल चुका है। अपने विद्यार्थियों को बेहतर समझने के लिए इन्होंने विद्यार्थियों का पोर्टफोलियो तैयार किया था। इस नवाचार को भारत सरकार ने सराहा और बतौर शिक्षक राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयन किया गया। शिक्षकों को पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपए का चेक, एक रजत पदक और प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार देने का उद्देश्य उनके योगदान के लिए सराहना करना है जिन्होंने कड़ी मेहनत से छात्रों के जीवन को समृद्ध बनाया है।

विद्यार्थियों की पढ़ाई में रुचि के लिए तकनीक का प्रयोग कर शिक्षा को बनाया आनन्दमयी

रतलाम जिले के सीएम राइज़ विनोबा स्कूल रतलाम की शिक्षिक सीमा को शिक्षा के क्षेत्र में उनके नवाचार के लिए चयनित किया गया है। अग्निहोत्री ने बताया कि जब हम अपने विद्यार्थियों को, उनकी पारिवारिक स्थिति को समझते हैं तो छात्रों को बेहतर पढ़ पाते हैं। इसलिए उन्होंने छात्रों की पसंद, नापसंद, उनकी स्ट्रेंथ, कमजोरी उपलब्धि और पारिवारिक स्थिति को समझने के लिए एक पोर्टफोलियो तैयार कर रखा है। अपनी कक्षा में आनंदमई शिक्षा का माहौल बनाने के लिए आईसीटी की मदद से टीचिंग लर्निंग मटेरियल तैयार किया। सभी की पढ़ाई में रुचि बढ़े, इसके लिए समुदाय को शामिल कर विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिता जैसे कहानी, निबंध लेखन, समाचार-पत्र लेखन, नाटक और नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया। इनके यूट्यूब चैनल से 40 हजार से अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिल रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार के लिए उन्हें कई पुरस्कार मिल चुके हैं।

समाज में आदर्श की मिसाल बनी शिक्षिका

राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान ले रहीं शिक्षिका सीमा अग्निहोत्री ने समाज में आदर्श की मिसाल कायम की है। उन्होंने अपनी सासू मां की मृत्यु उपरांत उनके नेत्रदान करवाए जिससे कि दो लोगों के जीवन में रोशनी होगी। उन्होंने राष्ट्रीय पुरस्कार से मिलने वाली पुरस्कार की राशि (50 हजार रुपए) को स्कूल की प्रतिभावान निर्धन कन्याओं हेतु दान करने की घोषणा की है। पुरस्कार के ब्याज से प्राप्त होने वाली राशि से प्रतिवर्ष शिक्षा तथा खेल में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाली विद्यालय की बालिकाओं को पुरस्कृत किया जा सकेगा।

कोरोना काल में ऑनलाइन अंग्रेजी पढ़ाई

जिला शिक्षा अधिकारी के. सी. शर्मा ने शिक्षिका के चयन पर हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि तकनीक का प्रयोग करने वाली शिक्षिका द्वारा कोरोना काल में लगातार 2 वर्ष तक जिला स्तरीय ऑनलाइन कक्षाएं लेकर अंग्रेजी पढ़ाई गई तथा वे जिले के शिक्षकों को कई वर्षों से अंग्रेजी विषय का प्रशिक्षण भी दे रही हैं। जिले के एजुकेशन चेनल हार्ड स्पॉट एजुकेशन पर भी उनके वीडियो प्रसारित किए जाते हैं, जिसका लाभ विद्यार्थीयों के अलावा शिक्षकों को भी मिलता है।

सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने वाली शिक्षा

विद्यालय की प्राचार्य संध्या वोहरा ने कहा कि नवाचारी शिक्षिका के विद्यालय में होने से वे अपने आप को सौभाग्यशाली मानती हैं। उप प्राचार्य गजेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि शिक्षिका कक्षा में जीवंत वातावरण बनाने में कामयाब हैं। स्कूल में वॉक थ्रू के दौरान उनकी क्लास का निरीक्षण करते समय लगता है कि काश ! हम भी उनके विद्यार्थी होते। शिक्षिका की आनंदमई शिक्षा की तकनीक से सभी विद्यार्थियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार की घोषणा के बाद से ही उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। वे जिला स्तरीय ईको क्लब मास्टर ट्रेनर, अंग्रेजी विषय की प्रशिक्षक, आनंद विभाग की जिला समन्वयक और प्रदेश स्तरीय मास्टर ट्रेनर हैं।