ये कॉलोनी लावारिस है ! नगर निगम को हस्तांतरित होने के बाद गंगासागर कॉलोनी के बदतर हुए हाल, महिलाओं ने महापौर से कहा- समस्याओं से निजात दिलाइये

गंगासागर कॉलोनी की समस्याओं को लेकर कॉलोनी की महिलाओं के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर प्रहलाद पटेल से मुलाकात कर एक पत्र सौंपा। इसमें कॉलोनी की समस्याओं के निराकरण की मांग की गई।

ये कॉलोनी लावारिस है ! नगर निगम को हस्तांतरित होने के बाद गंगासागर कॉलोनी के बदतर हुए हाल, महिलाओं ने महापौर से कहा- समस्याओं से निजात दिलाइये
महापौर प्रहलाद पटेल को गंगासागर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की महिला समिति की सदस्यों ने महापौर प्रहलाद पटेल को पत्र सौंप कर कॉलोनी की समस्याओं के निराकरण की मांग की।

गंगासागर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी महिला समिति ने पत्र सौंप कर बताईं समस्याएं

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड द्वारा विकसित गंगासागर कॉलोनी नगर निगम को हस्तांतरित होने के बाद से समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ना स्ट्रीट लाइट का मेंटेनेंस होता है और न ही सफाई ही हो रही है। नतीजतन जगह-जगह गंदगी और मलबे के ढेर लगे हैं। कचरा संग्रहण वाहन भी नियमित नहीं आता। पानी के अभाव में सभी गार्डन के पेड़-पौधे सूख रहे हैं। मेनगेट पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने से कॉलोनी से हाईवे पर आना-जाना जानलेवा साबित हो रहा है। आवारा पशुओं और कुत्तों की भरमार से भी रहवासियों की जान जोखिम में है। इन सभी समस्याओं के समाधान के लिए कॉलोनी की महिलाओं ने कदम बढ़ाया है। 

(फाइल फोटो)

गंगासागर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी महिला समिति का एक प्रतिनिधिमंडल समिति अध्यक्ष मधु वर्मा के नेतृत्व में महापौर प्रहलाद पटेल से मंगलवार को मिला। प्रतिनिधिमंडल में कोषाध्यक्ष प्रीति मईड़ा, हेमलता निनामा, सुनीता चौहान, संगीता भावसार शामिल रहीं। समिति सदस्यों ने महापौर पटेल को एक पत्र सौंप कर कॉलोनी की समस्याओं से अवगत कराते हुए उनके निराकरण की गुहार लगाई। महापौर ने आश्वस्त किया कि समस्याओं का जल्द समाधान करवाया जाएगा।

(फाइल फोटो)

प्रतिनिधिमंडल ने बताईं ये समस्याएं

  • गंगासागर कॉलोनी जब से नगर निगम को स्थांतरित की गई है, तबसे यहां के रहवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर के प्रमुख गार्डन में फिटनेस हेतु मशीनें लगाई गई हैं, परन्तु गंगासागर के गार्डन में इस प्रकार की कोई सुबिधा उपलब्ध नहीं है। अतः यथाशीघ्र मशीनें स्थापित की जाएं।
  • हाउसिंग बोर्ड द्वारा जो पौधे लगाए गए थे वे भी पानी के आभाव में सूख रहे हैं। इसके समाधान के लिए सभी गार्डन में एक-एक नल कनेक्शन दिया जाए अथवा नलकूप की सुविधा प्रदान की जाए ताकि कॉलोनीवासी पेड़-पौधों को पानी दे सकें।
  • गार्डन में बच्चों के लिए भी कोई सुविधा नहीं है, ना ही कोई बैठक व्यवस्था है। हाउसिंग बोर्ड द्वारा कम्युनिटी हॉल एवं प्ले स्कूल हेतु जगह निर्धारित की गई है लेकिन इसका कोई उपयोग नहीं हो पा रहा है।
  • गंगासागर कॉलोनी में 4 प्रमुख गार्डन हैं जिसमें स्ट्रीट लाइट नहीं है। जहां लाइट लगी हैं वे मेंटेनेंस के आभाव में बंद हैं। उन्हें सुधारने के लिए कॉलोनीवासियों द्वारा समय-समय पर सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत भी की गई फिर भी कोई निराकरण नहीं हुआ।
  • बारिश के पानी की निकासी हेतु कॉलोनी में नालियां बनाई गई थीं। इन्हें लोहे की जाली से कवर किया गया है। अधिकतर नालियों की जालियां वाहनों की आवाजाही की वजह से क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। इससे दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता है। बारिश में पानी निकासी की भी समस्या रहती है। सभी नालियों की सफाई कर जालियों को ठीक किया जाए।
  • गंगासागर कॉलोनी में तकरीबन 2000 लोग निवासी निवासरत हैं। इसके बावजूद कॉलोनी के मेन गेट जो की सैलाना - बांसवाड़ा हाईवे पर है, पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने से अनेक दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। कॉलोनी के अंदर की सड़क पर भी स्पीड ब्रेकर निर्माण आवश्यक है। बता दें कि, इस बारे में तत्कालीन कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी को भी अवगत कराया गया था। तब उन्होंने जल्दी ही स्पीड ब्रेकर निर्माण के लिए आश्वस्त किया गया था लेकिन उनके स्थानांतरण के बाद मामला ठंडे बस्ते में चला गया।
  • कॉलोनी में सफई नहीं होती। जगह-जगह मलबे और कचरे के ढेर लगे हैं। जगह-जगह गाजर घास और झाड़ियां उगी हुई हैं। इससे सांप/बिच्छू निकलते रहते हैं। अतः इन्हें यथाशीघ्र व्यवस्थित किया जाए।
  • कॉलोनी में कचरा संग्रहण वाहन भी रोज नहीं आता है। अतः रोज समय पर कचरा संग्रहण हेतु निर्देशित करें। कॉलोनी में आवारा पशु और कुत्तों की संख्या भी बहुतायत में है। कई रहवासियों को कुत्ते काट चुके हैं।
  • गंगासागर के समस्त निवासियों द्वारा हाउसिंग बोर्ड को 2% भूमि अनुरक्षण शुल्क जमा कराया गया है। उक्त शुल्क गंगासागर की समिति को दिया जाना है। उक्त भूमि अनुरक्षण शुल्क को गंगासागर निवासियों उपलब्ध कराया जाए ताकि कॉलोनीवासी कॉलोनी के हित में विकास कार्य करा सकें।
  • कॉलोनी की पूर्व दिशा में श्री श्याम बिल्डर्स द्वारा ईंट भट्टों का अवैध रूप से संचालन किया जा रहा है। ये ईंट भट्टे निरंतर जलते रहते हैं जिससे प्रदूषण फैल रहा है। इन्हें तत्काल हटाया जाए।