विद्यार्थी की आत्महत्या का मामला : कलेक्टर व एसपी जांच के लिए आयुर्वेदिक महाविद्यालय परिसर पहुंचे, स्टाफ तथा विद्यार्थियों से पूछताछ की

बीएएमएस के छात्र की आत्महत्या के मामले की जांच को लेकर कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी और एसपी अभिषेक तिवारी आयुष ग्राम स्थित डॉ. शिवशक्तिलाल शर्मा आयुर्वेदिक महाविद्यालय जा धमके। उन्होंने विद्यार्थियों से बिना डरे फैक्ट बताने की बात कही। महाविद्यालय प्रबंधन को छात्र हित का ध्यान रखने की हिदायत दी।

Jul 8, 2022 - 23:30
Jul 15, 2022 - 20:29
 0
विद्यार्थी की आत्महत्या का मामला : कलेक्टर व एसपी जांच के लिए आयुर्वेदिक महाविद्यालय परिसर पहुंचे, स्टाफ तथा विद्यार्थियों से पूछताछ की
डॉ. शिवशक्तिलाल शर्मा आयुर्वेदिक महाविद्यालय के प्रबंधन से चर्चा करते कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी। समीप हैं एसपी अभिषेक तिवारी।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम विगत दिनों रतलाम के आयुष ग्राम स्थित डॉ. शिवशक्तिलाल शर्मा आयुर्वेद महाविद्यालय के विद्यार्थी की मृत्यु (आत्महत्या) के मामले में जांच हेतु कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी तथा पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी शुक्रवार को महाविद्यालय परिसर पहुंचे। अधिकारियों ने परिसर में महाविद्यालय के स्टाफ तथा विद्यार्थियों से पूछताछ की। चर्चा करते हुए आवश्यक जानकारी प्राप्त की। इस दौरान सिटी एसडीएम संजीव पांडेय एवं सीएसपी हेमंत चौहान भी थे।

कलेक्टर तथा एसपी ने महाविद्यालय के स्टाफ से जानकारी लेते हुए तथ्यों से संबंधित पूछताछ की। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से ली जाने वाली फीस, फाइन, अटेंडेंस संबंधी आवश्यक जानकारियां प्राप्त की। उन्होंने कहा कि- प्रकरण में तथ्यों पर आधारित  जांच की जाएगी, जो भी दोषी होंगे उनके विरुद्ध निश्चित रूप से कार्रवाई होगी। अधिकारियों ने यह भी पूछा कि कितने विद्यार्थियों को अटेंडेंस कम होने पर परीक्षा में सम्मिलित होने से रोका गया है अथवा कितने विद्यार्थियों को फीस नहीं भर पाने के कारण परीक्षा में शामिल नहीं होने दिया गया है। कलेक्टर-एसपी ने जांच से संबंधित किसी भी तथ्य से छेड़छाड़ नहीं करने व कोई भी बिंदु प्रभावित नहीं करने की हिदायत भी दी। कलेक्टर सूर्यवंशी ने महाविद्यालय संचालक को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए विद्यार्थियों के हित पर ध्यान देने तथा उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देशित किया।

यह भी देखें... डॉ. पं. शिवशक्तिलाल शर्मा आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंट ने लगाई फांसी, परिजन ने यह बताई आत्महत्या करने की वजह, छात्रों ने किया चक्काजाम

विद्यार्थियों से भी चर्चा की

डॉ. शिवशक्तिलाल शर्मा आयुर्वेदिक महाविद्यालय के विद्यार्थियों से चर्चा करते कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी। समीप हैं एसपी अभिषेक तिवारी।

कलेक्टर तथा एसपी ने महाविद्यालय परिसर में एकत्र विद्यार्थियों से भी चर्चा की। विद्यार्थियों से कहा गया कि वे बगैर किसी दबाव अथवा डर के अपनी बात कहें, यदि प्रकरण से संबंधित कोई भी महत्वपूर्ण तथ्य है तो बताएं। कोई भी जानकारी हो तो उपलब्ध कराएं। उनका नाम गुप्त रखा जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि यह प्रकरण अत्यंत दुखद है, बच्चे अपने माता-पिता की उम्मीद होते हैं। छात्र की मृत्यु के प्रकरण में जो भी दोषी होंगे, उनको सजा दिलवाई जाएगी। यदि विद्यार्थियों को व्यक्तिगत रूप से मिलकर कोई बात कहनी है तो अधिकारियों के कार्यालय में आकर बता सकते हैं। विद्यार्थी डर दबाव में नहीं रहें। शासन-प्रशासन उनके साथ है। पुलिस अधीक्षक तिवारी ने भी विद्यार्थियों से कहा कि वे कभी भी हमसे मिलकर बगैर झिझक व डर के संबंधित जानकारी दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि मामले में विस्तृत जांच की जा रही है।

यह भी देखें... रतलाम : 5 सदस्यीय कमेटी करेगी पं. डॉ. शिवशक्तिलाल शर्मा आयुर्वेदिक चिकित्सा महाविद्यालय के छात्र की आत्महत्या को लेकर लगे आरोपों की जांच

अधिकारियों के नंबर चस्पा करने के दिए निर्देश

इस दौरान कलेक्टर ने महाविद्यालय परिसर में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, सिटी एसडीएम तथा सीएसपी के मोबाइल नंबर चस्पा करने के निर्देश दिए ताकि कोई भी विद्यार्थी उक्त नंबरों पर बात करके जानकारी दे सकेगा। कलेक्टर ने कहा कि जानकारी देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।