PM की सुरक्षा में चूक : पंजाब के सीएम चन्नी के पुतले को चप्पलों व लट्ठ से पीटा और कर दिया आग के हवाले, चन्नी व राहुल गांधी मुर्दाबाद के नारे भी लगाए, देखें वीडियो...

पंजाब में पीएम नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक को लेकर पंजाब की कांग्रेस सरकार के खिलाफ रोष है। भाजपा किसान मोर्चा ने तो पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी का पुतला दहन किया। पुतले को चप्पल, लात और लट्ठ से पीटा भी। सीएम चन्नी और राहुल गांधी मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।

Jan 7, 2022 - 16:25
Jan 7, 2022 - 17:10
 0

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक का मालमा तूल पकड़ चुका है। जगह-जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। रतलाम जिला मुख्यालय पर भाजपा किसान मोर्चा ने पंजाब के सीएम का पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शित किया। उन्होंने पुतले को चप्पलों और लट्ठ से पीटा तथा लातें भी मारीं।

कांग्रेस शासित पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ घटित दुर्भावनापूर्ण घटना का विरोध भारतीय जनता पार्टी के विभिन्न अनुषंगिक संगठनों द्वारा किया जा रहा है। इसी क्रम में किसान मोर्चा की जिला इकाई ने फव्वारा चौक पर प्रदर्शन किया। उन्होंने घटना के लिए पंजाब की कांग्रेस सरकार को दोषी करार दिया। मोर्चा पदाधिकारियों के कहना था कि यह कांग्रेस सरकार का कायराना कृत्य है। अतः सरकार को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त किया जाना चाहिए। मोर्चा ने पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का पुतला जलाया। आग के हवाले करने से पहले सीएम के पुतले को चप्पलों से पीटा। इतना ही नहीं जलाने के बाद लट्ठ  और लातों से भी पीटा। उन्होंने पंजाब सीएम चन्नी तथा राहुल गांधी मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।

प्रदर्शन के दौरान ये रहे मौजूद

भाजपा किसान मोर्चा के राकेश पांचाल, आशीष पाटीदार, प्रदीप व्यास, अमृतलाल पाँचाल, रोहित कुशवाह, विकास पटेल, हरिओम बैरागी, लखन जाट आदि।

कांग्रेस ने ओछी राजनीति की, घटिया होने का परिचय दिया- पाँचाल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में गंभीर चूक हुई। पीएम मोदी जिस जगह फंसे थे, वो पाकिस्तान सीमा से ज्यादा दूर नहीं थी। कांग्रेस ने यह बता दिया है कि पंजाब सरकार सबसे घटिया व कायर सरकार है। वास्तव में यह चूक नहीं बल्कि कांग्रेस सरकार की एक साजिश थी जिसमें वो विफल रही। इसका जवाब बहुत जल्द देश की जनता इन्हें देगी।

राकेश पाँचाल, जिला प्रवक्ता- भाजपा किसान मोर्चा, रतलाम

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।