रतलाम में आंदोलन आज ! पुरानी पेंशन और ई-अटेंडेंस की टेंशन के विरोध में शिक्षक उतरेंगे सड़क पर, वाहन रैली निकाल कर सौंपेंगे ज्ञापन
आजाद अध्यापक शिक्षक संघ के आह्वान पर जिले के शिक्षक आज रतलाम जिला मुख्यालय पर लामबंद होकर अपनी 21 सूत्री मांगों को लेकर आवाज बुलंद करेंगे।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । अध्यापक शिक्षक संवर्ग की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर आजाद अध्यापक शिक्षक संघ रतलाम के तत्वावधान में 8 फरवरी (रविवार), 2026 को जिले के शिक्षक सड़कों पर उतरेंगे। यह आंदोलन प्रदेश अध्यक्ष भरत पटेल के आह्वान पर प्रदेशभर में एक साथ किया जा रहा है। इस दौरान शिक्षक वाहन रैली निकाल कर पुरानी पेंशन की बहाली, वरिष्ठा निर्धारण और ई-अटेंडेंस की व्यवस्था बंद करने सहित 21 सूत्री मांगों को लेकर सीएम के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
जिला सचिव राजेश स्वर्णकार ने बताया कि रविवार को दोपहर 12 बजे गुलाब चक्कर (पुराना कलेक्टर कार्यालय परिसर) पर शिक्षक एकत्रत होकर सभा करेंगे। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे रैली के रूप में नए कलेक्टर कार्यालय महू रोड पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। संगठन ने जिले के समस्त शिक्षकों से अपील की है कि वे अपने भविष्य और अधिकारों के हित संरक्षण के लिए हो रहे इस आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
रैली का मार्ग और नेतृत्व
रैली गुलाब चक्कर से प्रारंभ होकर नगर निगम, कॉलेज रोड, लोकेन्द्र टॉकीज, दो बत्ती, कॉन्वेंट स्कूल, फव्वारा चौक, नवीन कलेक्टर कार्यालय (महू रोड) पहुंचेगी। सभा और रैली का नेतृत्व संभाग अध्यक्ष प्रकाश शुक्ला एवं जिलाध्यक्ष सुनील गोंड करेंगे।

प्रमुख मांगें
- नियुक्ति दिनांक से सेवा अवधि की गणना हो।
- दमनकारी ई-अटेंडेंस प्रणाली बंद हो।
- पुरानी पेंशन योजना लागू की जाए।
इन्होंने की अपील
संघ के संभागाध्यक्ष प्रकाश शुक्ला, जिलाध्यक्ष सुनील गोंड, जिला सचिव राजेश स्वर्णकार, जिला संगठन मंत्री हरिराम जाटवा, जिला उपाध्यक्ष किरण पाटीदार व रमेश उपाध्याय, संभागीय उपाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा, महासचिव रामकरण कनेरिया, रतलाम ब्लॉक अध्यक्ष विजय डोडियार, जावरा ब्लॉक अध्यक्ष अशोक कुमार दड़िंग, आलोट ब्लॉक अध्यक्ष आनन्द चावला, पिपलौदा ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश जगदेव, सैलाना ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश परमार, बाजना ब्लॉक अध्यक्ष तेजू डोडियार, तरन्नुम जहाँ, धर्मेंद्र शर्मा, हरनिस, सचिन मेहता, गोविंद पाटीदार, राजेश जोशी, सादिक खान, प्रकाश परमार, राधेश्याम कुमावत व भुप्रकाश मालवीय आदि।
📌 हमें गूगल न्यूज़ पर भी फॉलो करें |
