अब कलेक्टर और एसपी के निर्देश अनुसार सुधर रही रतलाम की यातायात व्यवस्था, जानिए- कहां क्या काम हो रहा
रतलाम शहर की यातायात व्यवस्था की बदहाली सुर्खियां बनते देख कलेक्टर और एसपी ने शुद ही इसे सुधारने के लिए सड़क पर उतना बेहतर समझा। उनके दिए सुझावों और निर्देशों पर काम शुरू भी हो गया है।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर की बदहाल यातायात व्यवस्था और चौराहों की खामियों को दूर करवाने का जिम्मा कलेक्टर मिशा सिंह और एसपी अमित कुमार ने खुद ही उठा लिया है। उनके निर्देश पर अब चौराहों पर सुधार होना शुरू हो ही गया है। अफसरद्वय इसकी मॉनीटरिंग भी खुद ही कर रहे हैं।
पिछले दिनों यातायात को सुगम एवं व्यवस्थित करने के उद्देश्य से कलेक्टर मिशा सिंह (आईएएस) और एसपी अमित कुमार (आईपीएस) ने शहर की प्रमुख सड़कों और चौराहों का निरीक्षण किया था। इस दौरान उनके साथ डीएसपी (ट्रैफिक) आनंद स्वरूप सोनी, पीडब्ल्यूडी विभाग, नगर निगम और एमपीआरडीसी के अधिकारी उपस्थित रहे थे। इस दौरान एसपी और कलेक्टर ने मुख्य मार्गों और चौराहों की स्थिति का जायजा लेकर सुधार के निर्देश अधीनस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए थे। इस पर अमल शुरू कर दिया गया है।
कहां-क्या हो रहा सुधार
सुधार के सुझाव के क्रम में सैलाना ओवर ब्रिज से बंजली चौराहा तक विभिन्न कट प्वाइंट्स पर ज़ेब्रा क्रॉसिंग, स्टॉप लाइन एवं सेंट्रल लाइन का कार्य एमपीआरडीसी ने पूर्ण कर लिया है। साथ ही, यातायात पुलिस ने लोकेन्द्र टॉकीज चौराहे एवं आबकारी चौराहे पर स्टॉपर लगाकर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया जा रहा है।

सिग्नल भी हो गए शुरू
नगर निगम के सहयोग से शहर के प्रमुख चौराहों पर लगे ट्रैफिक सिग्नल फिर से चालू किए गए हैं। इससे यातायात नियंत्रण में सुगमता लाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा सैलाना स्टैंड चौराहा, लोकेन्द्र टॉकीज चौराहा से शहर शराय तक, आबकारी चौराहा एवं कोर्ट चौराहा पर भी चरणबद्ध रूप से सुधारात्मक कार्य किए जा रहे हैं।
...ताकि कायम रहे यातायात अनुशासन, दुर्घटनाएं भी घटें
कलेक्टर और एसी के निर्देशानुसार हो रहे यातायात व्यवस्था सुधार का यह पहला चरण है। यह सिलसिला क्रमबद्ध तरीके से आगे भी जारी रहेगा। इसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा बढ़ाना, यातायात अनुशासन सुनिश्चित करना एवं शहर में दुर्घटना रहित यातायात व्यवस्था स्थापित करना है। इसके लिए यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील करती है कि सड़क सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करें, निर्धारित सिग्नल एवं लेन का ही उपयोग करें। यातायात सुधार कार्य में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
📌 हमें गूगल न्यूज़ पर भी फॉलो करें |
