कांग्रेस से नाउम्मीदी मिलने पर शबाना खान ने 5 दिन पूर्व थामा था भाजपा का हाथ, निर्विरोध बन गईं पार्षद, रतलाम विधायक चेतन्य काश्यप ने किया सम्मान

रतलाम के वार्ड क्रमांक 30 में भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी शबाना खलीक खान निर्वाचित पार्षद चुनी गई हैं। वे नाम वापसी की प्रक्रिया के दौरान ही निर्विरोध घोषित हो गईं। इस वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी हमीदन आरआर खान के नाम वापस लेने से यह अप्रत्याशित स्थिति बनी।

कांग्रेस से नाउम्मीदी मिलने पर शबाना खान ने  5 दिन पूर्व थामा था भाजपा का हाथ, निर्विरोध बन गईं पार्षद, रतलाम विधायक चेतन्य काश्यप ने किया सम्मान
रतलाम के वार्ड 30 से निर्विरोधि निर्वाचित होने पर भाजपा की पार्षद शबाना खान का सम्मान करते विधायक चेतन्य काश्यप।

नाटकीय घटनाक्रम में कांग्रेस प्रत्याशी के नाम वापस लेने से शहर के वार्ड 30 से हो गईं निर्वाचित, वार्ड क्रमांक 31 में भी भाजपा का मुकाबला निर्दलियों से

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी के विजयी अभियान की शुरुआत बुधवार को नाम वापसी दौरान ही हो गई। शहर के वार्ड क्रमांक-30 से भाजपा प्रत्याशी शबाना खालिक खान निर्विरोध पार्षद निर्वाचित हो गईं। वार्ड क्रमांक-31 में भी भाजपा प्रत्याशी के अलावा दो अन्य निर्दलीय प्रत्याशी ही शेष है।
शबाना खालिक खान ने कांग्रेस से नाउम्मीद होकर पांच दिन पूर्व ही भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। सदस्यता ग्रहण करते ही भाजपा ने उन्हें वार्ड क्रमांक 30 से प्रत्याशी भी बना दिया। यह राजयोग का बड़ा उदाहरण है कि बुधवार को नाम वापसी का आखिरी दिन होने पर बागी प्रत्याशियों का नाम वापसी का दौर चल रहा है। सभी की नजरें महापौर पद के प्रत्याशियों पर थीं लेकिन तभी चौंकाने वाली खबर आई। यह खबर थी वार्ड 30 की भाजपा प्रत्याशी शबाना खलीक खान के निर्विरोध निर्वाचित होने की।
दरअसल इस वार्ड से कांग्रेस की ओर से नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष आर. आर. खान की पत्नी हमीदन खान ने नाम निर्देशन पत्र भरा था। बुधवार को उन्होंने अचानक ही नाम वापस ले कर सभी को सकते में डाल दिया। कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी द्वारा नाम वापस लेने से सभी अचंभित हैं। उनके इस कदम के साथ ही शबाना उक्त वार्ड से अकेली प्रत्याशी रह गईं। अभी उनके निर्वाचन का प्रमाण-पत्र मतगणना की प्रक्रिया के बाद ही जारी होगा। उनके निर्विरोध निर्वाचित होने पर वार्ड में लोगों ने जमकर स्वागत किया।

मुंह मीठा करा कर दी बधाई

शबाना की इस अप्रत्याशित जीत से भाजपा में खुशी की लहर दौड़ गई। खान ने विधायक चेतन्य काश्यप से भेंटकर आशीर्वाद लिया। काश्यप ने नवनिर्वाचित पार्षद का स्वागत कर सम्मान किया गया। निर्विरोध निर्वाचित पार्षद के साथ शेरू पठान भी काश्यप के कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं का मुंह मीठा करवाकर बधाइयां दी। इस दौरान चुनाव संयोजक मनोहर पोरवाल, पूर्व महापौर शैलेन्द्र डागा सहित पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।