कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव बोले- ‘2023 का चुनाव आखिरी है, ईमानदारी से नहीं लड़े तो कांग्रेस वापस नहीं आएगी, वर्कर भी नहीं मिलेंगे’ देखें वीडियो

रतलाम प्रवास पर आए कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने गुटबाजी में बंटे कार्यकर्ताओं को सख्त हिदायत दी है। उन्होंने कहा है कि अगर वे इसी तरह गुटों में बंटे रहे तो कांग्रेस वापस नहीं आ पाएगी।

Feb 20, 2022 - 02:07
Feb 20, 2022 - 02:13
 0

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । गुटों में बंटी कांग्रेस सबक लेने को तैयार नहीं है। पार्टी के कार्यकर्ता गुटबाजी दिखाने का कोई भी अवसर नहीं चूकते। उनकी यह गुटबाजी शनिवार को पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के रतलाम दौरे के समय भी दिखाई दी। दिग्विजय सिंह को यह रास नहीं आया और पार्टी कार्यकर्ताओं को आड़े हाथ लेते हुए हिदायत भी दे डाली। उन्होंने कहा- ‘आखिरी चुनाव है 2023 का, मैं बता देता हूं आपको। अगर आप ईमानदारी से चुनाव नहीं लड़े तो घर बैठिए आप सब। फिर कांग्रेस वापस नहीं आने वाली। वर्कर भी नहीं मिलेगा आपको काम करने वाला

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शनिवार को एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने आए थे। इस दौरान उन्होंने सर्किट हाउस पर कार्यकर्ताओं से चर्चा भी की। इस दौरान कार्यकर्ता अलग-अलग मिले। सिंह को कार्यकर्ताओं का यह रवैया रास नहीं आया और जमकर फटकारा।

... वरना कमल नाथ भी कुछ नहीं कर पाएंगे

पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि- यहां सभी अलग-अलग खड़े हैं। इससे काम नहीं चलेगा। हर ग्रुप अलग मिलेगा। ऐसे में मेरा सिर खपाना बेकार है और कमल नाथ भी कुछ नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आप लोग आमने-सामने बात करने को तैयार नहीं हैं। जिस समय दिग्विजय सिंह कार्यकर्ताओं से यह बात कर रहे थे, उस समय कुछ कार्यकर्ता इस चर्चा का वीडियो शूट कर रहे थे। सिंह ने इसके लिए भी कार्यकर्ताओं को फटकारा।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।