त्रिवेणी मेले में होगा स्थानीय कवि सम्मेलन, लोक नृत्य और भजन संध्या का आयोजन, कलेक्टर ने किया मेला मैदान का निरीक्षण
त्रिवेणी मेले की व्यवस्थाओं का जायजा कलेक्टर ने लिया। उन्होंने मेले के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। इस वर्ष मेले में स्थानीय कवि सम्मेलन, भजन संध्या और लोक नृत्य का आयोजन होगा।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । त्रिवेणी मेले का सुनियोजित ढंग से आयोजन किया जाएगा। इसके लिए कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने सोमवार दोपहर मेला ग्राउंड का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम तथा अन्य विभागों द्वारा की जाने वाली व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ एसपी गौरव तिवारी मौजूद थे।
कलेक्टर ने मेला ग्राउंड, यज्ञशाला प्रांगण और कुंड का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि त्रिवेणी मेले के दौरान कोरोना के दृष्टिगत वैक्सीन का ध्यान रखा जाएगा। सम्मिलित होने वाले व्यक्तियों द्वारा दोनों डोज लगाए गए हो, यह सुनिश्चित करना होगा। इसके लिए नगर निगम की विशेष टीम तैनात की जाएगी। त्रिवेणी मेला में भजन संध्या होगी। इसके अलावा स्थानीय कवि सम्मेलन तथा लोक नृत्य का आयोजन होगा।
कलेक्टर ने ऊबड़-खाबड़ स्थलों के समतलीकरण के निर्देश दिए। सुरक्षा की उचित व्यवस्था के साथ पेयजल, विद्युत व्यवस्था इत्यादि हेतु निर्देशित किया। पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी ने मेला प्रांगण में असामाजिक तत्वों द्वारा कोई शरारत नहीं हो, इस हेतु सतत पेट्रोलिंग करने एवं निगाह रखने के निर्देश सीएसपी को दिए।
निरीक्षण के दौरान ये थे मौजूद
निगमायुक्त सोमनाथ झारिया, एसडीएम अभिषेक गहलोत, निगम के कार्यपालन यंत्री हनीफ शेख, सुरेश व्यास, जी. के. जायसवाल, सहायक यंत्री श्याम सोनी, सीएसपी हेमंत चौहान, उपायुक्त विकास सोलंकी, स्वास्थ्य अधिकारी ए. पी. सिंह आदि उपस्थित थे।


