मकान में बन रहा था भोजन, गैस की टंकी लीकज होने से भभक गई आग, फायर ब्रिगेड ने 15 मिनट में आग पर पाया काबू, बड़ा हादसा टला

रतलाम के जनवाहनगर में गैस की टंकी लीक होने से आग लग गई। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। आग एक समाराह के लिए भोजन बनाने के दौरान भभकी।

Feb 11, 2022 - 11:49
 0
मकान में बन रहा था भोजन, गैस की टंकी लीकज होने से भभक गई आग, फायर ब्रिगेड ने 15 मिनट में आग पर पाया काबू, बड़ा हादसा टला
जवाहरनगर के मकान नंबर बी-194

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर के जवाहरनगर स्थित बी सेक्टर में एक मकान में गैस की टंकी में आग भभक गई। हादसे से हड़कंप मच गया। सूचना पर फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। जिस समय हादसा हुआ मकान में भोजन बनाने का काम चल रहा था।

जानकारी के अनुसार जवाहरनगर स्थित मकान नंबर बी-194 "शिव कृपा" में शुक्रवार सुबह भोजन बनाने का काम चल रहा था। सुबह करीब सवा 10 बजे गैस की टंकी में लीकेज होने से आग भभक गई। आग गैस सिलेंडर में लगी थी। मौके पर मौजूद लोगों ने सावधानी से आग की लपटों में घिरे सिलेंडर को मकान से बाहर निकाला और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंच कर करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग बुझा दी।

आग बुझाने पहुंचे फायर ब्रिगेड की टीम में शिफ्ट इंचार्ज जगदीश चंद्र के अलावा फायरमैन गोपाल, अजीत, सुरेंद्र एवं चालक मुकेश मेवाती शामिल थे। शिफ्ट इंचार्ज जगदीश चंद्र के अनुसार आग लगने की सूचना सुबह करीब 10.15 बजे महेंद्र सिंह नामक व्यक्ति से मिली थी। मौके पर पहुंच कर फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पाया। हादसे में एक फ्रिज का कुछ हिस्सा सहित अन्य सामान जल गया। जगदीश चंद्र के अनुसार मकान शंकरलाल व्यास नामक व्यक्ति का है। यहां किसी समारोह के लिए भोजन बनाने का काम चल रहा था, तभी हादसा हो गया।

जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से घटना के बारे में जानकारी ली और घटनास्थल का जायजा भी लिया।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।