रतलाम : ऐसा क्या हुआ कि मच गया हड़कंप ? रात 10 बजे मचून गांव में कांपने लगी धरती, बर्तन गिरे एक घर की निर्माणाधीन दीवार भी ढही
मप्र के रतलाम जिल के मचून गांव में भूकंप जैसे झटके महसूस किए गए। अधिकारियों ने गांव का निरीक्षण वरिष्ठों को जानकारी दी है।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले के माचुन गांव में शनिवार रात को ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। यहां धरती कांपने से ग्रामीण घरों के बाहर आ गए और अधिकारियों को सूचना दी। ग्रामीणों की मानें तो कई घरों में रखे बर्तन अचानक गिर पड़े। एक घर की निर्माणाधीन दीवार का कुछ हिस्सा भी ढह गया। तहसीलदार और राजस्व विभाग की टीम ने गांव का दौरा किया। उन्होंने घटना की विस्तृत जांच कराने की बात कही है।

मचून निवासी अभिषेक जैन (पालरेचा) के अनुसार शनिवार रात करीब 10 बजे अचानक ही धरती में कंपन महसूस हुआ। भूकंप जैसे ये झटके नई आबादी क्षेत्र में महसूस किए गए। झटके काफी तेज थे जिससे घरों में रखे बर्तन तक हिलने लगे और कुछ तो गिर भी गए। सरपंच प्रतिनिधि शंकर सोलंकी के क्षेत्र में निर्माणाधीन एक दीवार का कुछ हिस्सा भी गिर गया।
तहसीलदार ने किया गांव का दौरा
धरती में कंपन महसूस होने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन को जानकारी दी। इससे तहसीलदार देवेंद्र कुमार दानगढ़ सहित राजस्व विभाग का अमला रात को ही मचून गांव पहुंच गया। अधिकारियों ने उन घरों का निरीक्षण किया जहां बर्तन हिलने और गिरने की जानकारी मिली थी। ढही दीवार का भी अवलोकन किया। उन्होंने गांव के अन्य इलाकों का भी जायजा लिया।
वैज्ञानिकों से की जाएगी चर्चा
तहसीलदार दानगढ़ के अनुसार स्थिति सामान्य होने की बात कही है। उन्होंने बताय कि गांव में किसी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की जानकारी नहीं है। झटके महसूस होने की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है। इस संबंध में भूगर्भ वैज्ञानिकों से भी चर्चा की जाएगी। इसके बाद ही स्पष्ट होगा कि मामला क्या है। एहतियात के तौर पर मॉनिटरिंग की जा रही है।
📌 हमें गूगल न्यूज़ पर भी फॉलो करें |
