शहर विकास के लिए किए गए कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं पार्षद प्रत्याशी, हमें विकास के मुद्दे पर ही चुनाव लड़ना है- विधायक काश्यप

शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने सोमवार को भाजपा के पार्षद पद के प्रत्याशियों की बैठक ली। इसमें उन्होंने चुनाव के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के साथ ही सोशल मीडिया से सतर्क रहने की सलाह दी।

शहर विकास के लिए किए गए कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं पार्षद प्रत्याशी, हमें विकास के मुद्दे पर ही चुनाव लड़ना है- विधायक काश्यप
भाजपा के पार्षद पद के प्रत्याशियों को समझाइश देते हुए रतलाम शहर विधायक चेतन्य काश्यप।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । नगर निगम चुनाव लड़ रहे भाजपा प्रत्याशियों से विधायक चेतन्य काश्यप ने नगर विकास के लिए भाजपा शासनकाल में किए गए ऐतिहासिक कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि निगम चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित है। हमें विकास के मुददे पर ये चुनाव लड़ना है।

काश्यप नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्षद प्रत्याशियों की परिचय बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेतागण, जिला एवं मंडल पदाधिकारी और 49 वार्ड के सभी प्रत्याशी मौजूद रहे। विधायक काश्यप ने सभी प्रत्याशियों को चुनावी रणनीति की बारिकियों से अवगत कराते हुए चुनाव के दौरान प्रत्याशियों को किन बातों का ध्यान रखना है, इसकी समझाइश दी। उन्होंने कहा कि सामान्य शिकायतों का महत्व नहीं है, लेकिन यदि कोई गंभीर मामला है तो प्रत्याशी अभिभाषकगण से चर्चा कर सकते हैं। इस बार चुनाव में पहली बार पार्षद प्रत्याशियों से चुनाव खर्च का हिसाब मांगा गया है, इसलिए सभी प्रत्याशी एक व्यक्ति को जिम्मेदारी देकर तय करें कि प्रत्येक दिन किस तरह से हिसाब रखना है।

हर खर्च का रखें हिसाब, सोशल मीडिया से सतर्क रहें, प्रतिक्रिया न दें

विधायक काश्यप ने बताया कि प्रत्याशी को एक चाय का भी हिसाब रखना है। कलेक्टर ने रेट लिस्ट तय कर रखी है, चुनावी खर्च का रोज हिसाब भी देना है। 3 लाख 30 हजार रुपए खर्च की सीमा है। 15-20 दिन के खर्च का आंकलन कर उस मान से खर्चा करें और हर चीज का हिसाब रखें क्योंकि निर्वाचन कार्यालय के वीडियोग्राफर भी घूमकर रिकॉर्डिंग करते हैं। विधायक काश्यप ने प्रत्याशियों को सोशल मीडिया से सतर्क रहने की हिदायत देते हुए कहा कि वे किसी भी क्रिया पर तत्काल प्रतिक्रिया न आप दें और न ही परिवार के किसी सदस्य के मोबाइल से प्रतिक्रिया होने दें। वे भाजपा प्रत्याशी है। इसलिए उनकी प्रतिक्रिया बहुत ही महत्वपूर्ण है। वे सिर्फ पार्टी की तरफ से अधिकृत जानकारी ही फॉरवर्ड करें। विधायक ने संबल योजना सहित सरकार की जनहितेषी सभी बड़ी योजनाओं की जानकारी आमजन को देने का आह्वा करते हुए कहा कि प्रत्याशी लोगों को बताएं कि जिनके संबल बनते हैं, उनका आयुष्मान कार्ड भी बनता है।

सामने वाले को कमजोर न समझें, पूरी ताकत से चुनाव लड़ें- पटेल

महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल ने पार्षद प्रत्याशियों से कहा कि हमें सामने वाले को कमजोर नहीं समझना है और पूरी ताकत से चुनाव लड़ना है। समय कम है इसलिए अपने क्षेत्र में जाकर 10-20 लोगों की बैठक लेकर रतलाम विधायक चेतन्य काश्यप द्वारा शहर में कराए गए कामों की जानकारी सबको दें। इससे ये चुनाव अपने आप जीत जाएंगे। प्रदेश के किसी अन्य शहर में इतने विकास कार्य नहीं हुए हैं, जितने रतलाम शहर में हुए हैं। नगर निगम चुनाव संचालन समिति के प्रभारी मनोहर पोरवाल ने भी सम्बोधित किया।

चुनाव आचार संहित की जानकारी दी

अभिभाषक सुभाष जैन ने प्रत्याशियों को चुनाव आचार संहिता की जानकारी दी। संचालन नगर निगम चुनाव संचालन समिति सहप्रभारी एवं जिला कोषाध्यक्ष जयवंत कोठारी ने किया। आभार जिला महामंत्री निर्मल कटारिया ने माना। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष बजरंग पुरोहित, दिनेश शर्मा, सुनील सारस्वत, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य निमिष व्यास, जिला मंत्री सोना शर्मा, शैलेन्द्रसिंह सिसौदिया, मण्डल प्रभारी विनोद यादव व हेमंत राहौरी, अभिभाषक सिद्धार्थ जैन व मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।