विकास यात्राएं शुरू : पहले दिन रतलाम जिले में 46 गावों में निकली यात्राएं, 1 करोड़ 37 लाख के कार्यों का लोकार्पण, 2 करोड़ 6 लाख केकार्यों का भूमि पूजन हुआ

रतलाम जिले में रविवार को विकास यात्राओं की शुरुआत हुईं। अतिथियों ने यात्राओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना हुआ। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद गतिविधियों के साथ ही विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी हुआ।

विकास यात्राएं शुरू : पहले दिन रतलाम जिले में 46 गावों में निकली यात्राएं, 1 करोड़ 37 लाख के कार्यों का लोकार्पण, 2 करोड़ 6 लाख केकार्यों का भूमि पूजन हुआ
जिला स्तरीय समारोह में विकास यात्रा के रथ को हरी झंडी दिखा कर रवाना करते अतिथि।

जावरा में आयोजित जिला स्तरीय आयोजन, विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय व कलेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

एसीएन टाइम्स @ रतलाम संत रविदास जयंती पर 5 फरवरी को जिले में विकास यात्रा का आगाज़ हुआ। पहले दिन जले के 46 गावों में यात्राएं निकाली गईं। इस दौरान अतिथियों ने 1 करोड़ 37 लाख रुपए लागत के 23 कार्यों का लोकार्पण और 2 करोड़ 6 लाख रुपए लागत के 13 कार्यों का भूमि पूजन किया। स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन जावरा में किया गया जहां जावरा विधायक राजेंद्र पांडेय व कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने हरी झंडी दिखाकर विकास यात्रा को रवाना किया। जिलेभर में खेल-कूद सहित अन्य गतिविधियों के साथ स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन भी किया गया।

विकास यात्रा के शुभारंभ अवसर पर जावरा में हुए जिला स्तरीय कार्यक्रम हुआ। इसमें विधायक डॉ. राजेंद्र पांडे, ज्ञानी हंसराजसिंह, संत हनुमानदास महाराज, ओमनाथ महाराज, सीताराम महाराज, नागूराम महाराज, हेमराज हाड़ा, के. के. सिंह कालूखेड़ा, कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, सीईओ जिला पंचायत जमुना भिड़े की उपस्थिति में अतिथियों ने संत रविदास के चित्र पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की। उनके जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला। विधायक डॉ. पाण्डेय ने रथ को हरी झंडी दिखाकर विकास यात्रा की शुरुआत की।

इस मौके पर विधायक डॉ. पांडेय ने कहा कि शासन द्वारा जन-जन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और जानकारी देने के लिए संत रविदास जयंती के शुभ अवसर पर विकास यात्रा प्रारंभ की गई है। उन्होंने रविदास के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला। कहा कि संत द्वारा सामाजिक समरसता के साथ कर्मनिष्ठा पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि वासुधैव कुटुंबकम की भावना के साथ कार्य किया और संतों का जीवन हमें प्रेरणा देता है, जीवन को नई दिशा देता है। पांडेय ने स्वर्णिम मध्यप्रदेश और विकास योजनाओं के माध्यम से हो रहे जन-जन के विकास पर प्रकाश डाला। विभिन्न योजनाओं का जिक्र किया। कालूखेड़ा, ज्ञानी हंसराज सिंह ने भी संबोधित किया।

इन कार्यों का हुआ लोकार्पण और भूमिपूजन

अतिथियों ने 55 लाख के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन, लोकार्पण किया। 12 लाख 34 हजार रुपए लागत के जनपद पंचायत सभाकक्ष, 10 लाख 71 हजार के कक्ष निर्माण, साढ़े 3 लाख रुपए राशि के सामुदायिक स्वच्छता परिसर तथा 14 लाख रुपए लागत के जनपद पंचायत वीसी हाल, 4.41 लाख रुपए के अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण किया। 10 लाख की लागत की जनपद पंचायत परिसर में दुकान निर्माण का शिलान्यास हुआ।

हितग्राही हुए लाभान्वित

कल्याणकारी योजनाओं से लाभांवित हितग्राहियों को मंच पर चेक प्रदान किए गए। इसमें किसान, महिला व्यवसाई, लाड़ली लक्ष्मी, समूह लोन का लाभ लेने वाले शामिल थे। किसी को 1 लाख तो किसी को 4 लाख के चेक दिए गए। लाभान्वितों में संत रविदास स्वरोजगार योजना के विशाल मनोहरलाल, डॉ. भीमराव आंबेडकर कल्याण योजना की ट्विंकल, देवेंद्र, तुलजा भवानी, राधास्वामी सहायता समूह मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में कमलेश कुंवर, संबल योजना में सोहनकुंवर शामिल हैं। खाद्यान्न पर्ची, आयुष्मान कार्ड, लाड़ली लक्ष्मी योजना, वृद्धावस्था पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, पशुपालन विभाग की केसीसी योजना, प्रसूति सहायता योजना, जननी सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना में भी लाभान्वित किया गया। 

महिलाओं को 18 लाख 50 हजार रुपए ऋण वितरित

राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े 07 स्वयं सहायता समूह की सदस्य महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों के लिए विभिन्न बैंकों से 18.50 लाख ऋण प्रदान किया गया। इससे महिलाएं अपनी आर्थिक गतिविधियों को मूर्त रूप प्रदान कर सकेंगी। यात्रा के पहले दिन जनपद पंचायत परिसर जावरा में निर्मित सामुदायिक स्वछता परिसर की दुकान में समूह सदस्य द्वारा संचालित आजीविका पंचायत कैफे का शुभारंभ किया गया।

कलश यात्राएं निकलीं

कलश यात्राएं भी निकाली गईं। महिलाओं, बालिकाओं ने आयोजन किया विकास यात्राओं के दौरान उत्सवी माहौल रहा। महिलाओं ने मंगल गीत गाए गए। बैंड के साथ विकास के गीत सुनाए गए। रैलियां आयोजित की गईं। ढोल-ढमाकों के साथ विकास यात्राओं का स्वागत किया गया।

ग्रामीण इलाकों में भी यात्राएं निकलीं

सैलाना विकासखंड के सैलाना, अमरगढ़, महापुरा तथा रतलाम विकासखंड के आलनिया में विकास यात्राओं को हरी झंडी दिखाई गई। अतिथि ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों की जानकारी दी। पूर्व विधायक जितेन्द्र गेहलोत, कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, सीईओ जिला पंचायत जमुना भिडे, आलोट विकासखण्ड के ग्राम बरखेड़ा में आयोजित विकास यात्रा में शामिल हुए।  सभा भी हुई, जिसमें हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। सैलाना तथा बाजना विकास खंडों में जनजाति वर्ग के व्यक्तियों ने विकास यात्राओं का स्वागत परंपरागत वाद्य यंत्रों के वादन एवं लोक नृत्य से किया।

छात्रावासों में अध्ययन सामग्री वितरित, खेलकूद शुरू

जनजातीय कार्य विभाग के छात्रावासों में संत रविदास के चित्र पर माल्यार्पण किया। छात्र-छात्राओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित किया एवं छात्रों को अध्ययन सामग्री वितरित की गई। छात्रावासों में तीन दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ। इसमें कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स, 100 मीटर दौड़ं, 200 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़ एवं 800 मीटर दौड़ बालक-बालिका वर्ग के लिए आयोजित होंगी। विजेता ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिता में शामिल होंगे जिनमें से विजेताओं को जिलास्तर की क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में सहभागिता का अवसर मिलेगा। जिला स्तरीय प्रतियोगिता 10 फरवरी को रतलाम मुख्यालय पर होगी।