जनजातीय गौरव दिवस के रूप में 15 नवंबर को मनेगी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती, प्रतिमा का अनावरण होगा, पुलिस ने जारी वाहन पार्किंग का प्लान

नगर निगम द्वारा रतलाम शहर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित की गई है। इसका अनावरण मंगलवार को होगा।

जनजातीय गौरव दिवस के रूप में 15 नवंबर को मनेगी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती, प्रतिमा का अनावरण होगा, पुलिस ने जारी वाहन पार्किंग का प्लान
भगवान बिरसा मुंडा जयंती आज।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भगवान बिरसा मुंडा जन्मोत्सव 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस उपलक्ष्य में रतलाम शहर में नगर निगम द्वारा सागोद रोड स्थित गोपाल गोशाला उद्यान में स्थापित प्रतिमा का अनावरण प्रतिमा का अनावरण भी होगा। मुख्य अतिथि संत श्री हीरागिरी जी महाराज होंगे। इस दिन भगवान मुंडा का जन्मोत्सव भी मनेगा। समारोह के दौरान वाहनों की पार्किंग को लेकर पुलिस द्वारा प्लान जारी किया गया है।

प्रतिमा अनावरण  समारोह दोपहर 2 बजे आयोजित होगा। अन्य अतिथि प्रभारी मंत्री ओ. पी. एस भदौरिया, रतलाम-झाबुआ सांसद गुमानसिंह डामोर, रतलाम शहर विधायक चेतन्य काश्यप होंगे। अध्यक्षता रतलाम ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना करेंगे। विशेष अतिथि महापौर प्रहलाद पटेल होंगे। इस मौके पर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, समाजसेवी संजय निनामा सहित अन्य उपस्थित रहेंगे। रतलाम नगर निगम ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण समारोह में अधिकाधिक की संख्या में उपस्थित रहकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। इसी प्रकार जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार इसी दिन रतलाम ग्रामीण के ग्राम बड़छापरा में भी भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का सुबह नौ बजे अनावरण किया जाएगा।

पुलिस ने जारी किया रतलाम शहर के लिए डायवर्सन एवं पार्किंग का प्लान

डायवर्जन प्लान

  • सागोद रोड पर वन विभाग के नाके से बजाना बस स्टैंड की तरफ आने वाले दो पहिया व चार पहिया वाहन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। ये वाहन डोंगरानगर, 80 फीट रोड की ओर वाले वाहन से होकर गुजर सकेंगे।
  • गोशाला से बाजना बस स्टैंड की ओर जाने वाले दो पहिया व चार पहिया वाहन भी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। ये वाहन गोशाला से कलीमी कॉलोनी ओर जाने वाले मार्ग का उपयोग करेंगे।
  • अमृतसागर तालाब एवं दीनदयालनगर से बाजना बस स्टैंड की ओर आने वाले दो पहिया व चार पहिया वाहन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। ये त्रिपोलिया गेट, चमारिया नाका, फूलमंडी मार्ग की ओर जाने वाले रास्ते का उपयोग कर सकेंगे।
  • चांदनी चौक से बाजना बस स्टैंड की ओर आने वाले दो पहिया और चार पहिया वाहन भी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। ये वाहन हाट रोड, सुभाषनगर तिराहा, कलीमा कॉलोनी की ओर जाने वाले रास्ते का उपयोग करेंगे।

नोट- उक्त सभी रूटों पर एम्बुलेंस एवं इमरजेंसी सेवाएं चालू रहेंगी।

पार्किंग व्यवस्था

  • दो और चार पहिया वाहनों के लिए जैन स्कूल बाजना बस स्टैंड के मैदान पर पार्क किए जा सकेंगे।
  • बाजना, शिवगढ़ तरफ से आने वाले दो पहिया व चार पहिया वाहनों के लिए उत्कृष्ट स्कूल के ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
  • रावटी, झाबुआ, पेटलावद तरफ से आने वाले दो पहिया व चार पहिया वाहनों के लिए अमृतसागर तालाब के सामने पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

नोट- डायवर्जन और पार्किंग प्लान कार्यक्रम प्रारंभ होने से लेकर अग्रिम आदेश तक लागू रहेंगे।