कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी का यह रूप देख सभी हो गए भावुक, महापौर प्रहलाद पटेल ने भी यह घोषणा करने में नहीं लगाई देर

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जिलभर में विभिन्न आयोजन हुए। रेडक्रॉस ने रतलाम शहर स्थित वृद्ध आश्रम और कलेक्ट्रेट में शतायु वृद्धों का सम्मान किया गया। आलोट में वृद्धों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित हुआ।

कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी का यह रूप देख सभी हो गए भावुक, महापौर प्रहलाद पटेल ने भी यह घोषणा करने में नहीं लगाई देर
वृद्ध आश्रम में वृद्धजन का सम्मान किया गया।

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वृद्ध आश्रम में रेडक्रॉस सोसायटी ने आयोजित किया वृद्धजन सम्मान समारोह

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को विरियाखेड़ी स्थित वृद्ध आश्रम में वृद्धजन  सम्मान  समारोह का आयोजन किया गया। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी द्वार आयोजित समारोह में कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी का एक नया रूप देख कर सभी भावुक हो गए। वहीं महापौर प्रहलाद पटेल ने जिम स्थापित करने की मांग पूरी करने की घोषणा में जरा भी देर नहीं लगाई।

समारोह का आयोजन कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी, महापौर प्रहलाद पटेल एवं भारतीय रेडक्रॉस प्रांतीय प्रबंध कार्यकारिणी के सदस्य महेंद्र गादिया थे। अपर कलेक्टर व सचिव रेडक्रॉस एम. एल. आर्य, सामाजिक न्याय विभाग की उप संचालक संध्या शर्मा व पार्षद निशा सोमानी, अनीता वासवा, विशाल शर्मा व विधायक प्रतिनिधि मनोहर पोरवाल मंचासीन थे। इस मौके पर कलेक्टर सूर्यवंसी ने कहा कि बुजुर्गों की सेवा से बढ़कर और कोई पवित्र कार्य नहीं हो सकता, इनकी सेवा ही सच्ची सेवा है। इनके दुख दर्द का साथी बनना ही सच्ची मानवता है।

उन्होंने अपने जीवन से जुड़ा एक वृतान्त भी सुनाया। महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा जब व्यक्ति अपने माता-पिता को वृद्ध आश्रम में भेजता है, उससे दुखद घटना और क्या हो सकती है। हमारा मन पसीज जाता है और इनका आशीर्वाद पाकर हमारा मन प्रसन्न हो जाता है। आज इनका आशीर्वाद लेकर हम धन्य हो रहे हैं।

अपने संस्कार व संस्कृति छोड़ने पर वृद्ध आश्रम की जरूरत पड़ती है- गादिया

जिला रेडक्रॉस के पूर्व चेयरमैन व रेडक्रॉस प्रबंध समिति के सदस्य महेंद्र गादिया ने कहा कि हम तो यह दुआ करते हैं कि वृद्ध आश्रम बंद हो जाएं। हमें वृद्ध आश्रम की जरूरत जब पड़ती है जब व्यक्ति अपने संस्कार व संस्कृति को छोड़कर माता-पिता की सेवा नहीं करता है, उन्हें बोझ समझकर वृद्ध आश्रम में भेज देता हैं। यह पवित्र मंदिर है। गादिया ने महापौर पटेल व क्षेत्रीय पार्षदों से मांग की कि वृद्ध आश्रम में एक बगीचा व एक्सरसाइज के लिए एक छोटी जिम की स्थापना नगर निगम से की जाए। नकी इस मांग को महापौर पटेल ने स्वीकृति प्रदान करते हुए कहा कि शीघ्र ही यह कार्य हो जाएगा।

इन्होंने किया सम्मान

समारोह में सर्वप्रथम अतिथियों का स्वागत रेडक्रॉस की ओर से डॉ. सुलोचना शर्मा, दीपक दुबे  जावरा, चेयरमैन वीरेन्द्रसिंह सिसौदिया, राजेश रांका, लायंस की ओर से वीणा छाजेड़, प्रथमा कौशिक, अर्चना अग्रवाल, भावना पुरोहित, वन्दना सोनी, इनरव्हील की ओर से शीला खंडेलवाल, अर्चना झालानी, संगीता देवड़ा, रतलाम सेंट्रल की ओर से मुकेश शुक्ला, अखिलेश गुप्ता,  लोकराज सिंह, गोपाल जोशी, रामदास पब्लिक स्कूल की संध्या उपाध्याय, कुलदीप सिंह व वन सोमानी, अनिल वासवा ने किया।

शतायु महिलाओं का सम्मान किया, जमीन पर बैठ कर उनका आशीर्वाद लिया

सभी उस समय भावुक हो उठे, जब कलेक्टर सूर्यवंशी ने शतायु महिलाओं का सम्मान करते हुए उनके चरण स्पर्श भी किए। उन्होंने नीचे बैठकर उनका आशीर्वाद लिया। बाद में सभी वृद्धजनों का शाल-श्रीफल, माला से उपस्थितजनों ने सम्मान किया। रामदास पब्लिक स्कूल के बच्चों ने प्रस्तुति दी। लायंस क्लब, रोटरी क्लब, रतलाम सेंट्रल, इनरव्हील क्लब आदि संस्थाओं की ओर से भी सामग्री भेंट कर सम्मान किया।

कलेक्टर सूर्यवंशी ने गादिया के साथ निरीक्षण किया। गादिया ने कमियों पर उनका ध्यान आकर्षित किया जिन्हें कलेक्टर ने दुरस्त करने और सुविधाओं का विस्तार करने, एलिवेशन आदि करवाने के लिए डीपीआर बनाने के निर्देश एसडीएम को दिए। इस पर वृद्धजन ने उनका आभार माना। संचालन सामाजिक न्याय के आनंद  कातरकर ने किया। 

शतायु मतदाताओं का सम्मान किया गया

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के शतायु मतदाताओं का शतायु मतदाताओं का शाल, श्रीफल और अभिनंदन पत्र से सम्मान किया। गंगाबाई, 108 वर्षीय नागूलाल, 103 वर्षीय गीताबाई का सम्मान कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने किया।

कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सकने वाले शतायु मतदाताओं का उनके घर पहुंचकर सम्मान किया गया। लाइव प्रसारण से मुख्य निर्वाचन आयुक्त का उद्बोधन देखा व सुना गया। एडीएम एम. एल. आर्य, एसडीएम संजीव पांडे, तहसीलदार अनीता चोकोटिया, सुपरवाइजर सुरेश पटेल आदि उपस्थित थे।

सिविल अस्पताल आलोट में 180 वृद्धों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

जिले के सिविल अस्पताल आलोट में वृद्धजन स्वास्थ्य शिविर के आयोजन किया गया। इससा 180 वृद्धों ने लाभ लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद पंचायत अध्यक्ष कालूसिंह परिहार, उपेंद्र सिंह, विक्रम सिंह आंजना, पार्षद अनिल भरावा, पवन शर्मा, सांसद प्रतिनिधि एवं रोगी कल्याण समिति सदस्य जितेंद्र काला, पुष्पराज सिंह मोहक मेहता, नंदन जैन, डॉ. अब्दुल कादिर एवं अनिल चौपड़ा आदि की उपस्थिति में हुआ। शिविर के दौरान हितग्राहियों को बीपी जांच, शुगर जांच एवं अन्य आवश्यक औषधियां और उपचार सेवाएं परामर्श सेवाएं प्रदान की गई। शिविर में दिव्यांग जनों के लिए भी साइकिल वितरित की।