रतलाम में रेडक्रॉस सोसायटी के चुनाव 25 अगस्त को, सुबह नामांकन और दोपहर में होगा मतदान, जानिए- चुनाव मैदान में कौन-कौन आजमा रहा किस्मत
भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की रतलाम इकाई के बहुप्रतीक्षित चुनाव 25 अगस्त को होंगे। चुनाव मैदान में किस्मत आजमा रहे प्रत्याशियों के बारे में जानने के लिए पढ़ें यह खबर।

- भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के चुनाव
- रतलाम में डेढ़ दशक बाद हो रहे चुनाव
- रतलाम प्रगतिशील मंच भी है मैदान में
- सेवा पैनल से 10 लोगों ने की दावेदारी
- आदर्श पैनल ने भी उतारे प्रत्याशी
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की रतलाम इकाई के चुनाव 25 अगस्त 2025 को होंगे। इस दिन सुबह नामांकन दाखिल होंगे और दोपहर में मतदान होगा। 10 सदस्यीय संचालक मंडल के लिए प्रगतिशील रतलाम मंच, आदर्श पैनल के साथ ही कई अन्य व्यक्तियों ने भी दावेदारी की है। संभावना जताई जा रही है कि ऐनवक्त पर कुछ और दावेदार भी चुनावी रण में उतर सकते हैं।
जानकारी के अनुसार चुनाव स्थानीय प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सिलेंस (शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय) रतलाम में 25 अगस्त को होंगे। इस दिन सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके लिए दोपहर 12.00 से 12.15 बजे तक का समय नियत है। नाम वापसी दोपहर 12.15 से 12.45 बजे तक की जा सकेगी। आवश्यकता पड़ने पर दोपहर 1.30 से 4.00 बजे तक मतदान होगा। मतों की गणना मतदान के तुरंत बाद शुरू हो जाएगी। गणना पूरी होने के चुनाव परिणाम की घोषणा की जाएगी। मतदान के लिए सदस्यों को आधार कार्ड, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मतदाता परिचय पत्र आदि पहचान पत्र साथ लाना होगा।
इन पदों के लिए होना है चुनाव
रेडक्रॉस सोसायटी के चुनाव 10 सदस्यीय संचालक मंडल के लिए होना है। इसमें चेयरमैन, वाइस चेयरमैन, कोषाध्यक्ष प्रमुख पद हैं। शेष सात सदस्य कार्यकारिणी सदस्य होंगे। इसी दस सदस्यीय संचालक मंडल के राज्य स्तरीय प्रतिनिधि का भी चुनाव होगा। संचालक मंडल का चुनाव करीब 3300 सदस्य (पैट्रन, वाइस पैट्रन और आजीवन सदस्य) चुनेंगे। इन्हीं में से पदाधिकारियों का चयन होगा।
यह रहेगी मतदान की व्यवस्था
सेवा पैनल से ये लड़ेंगे चुनाव
रेडक्रॉस सोसायटी के चुनाव में स्व. महेंद्र गादिया समर्थक सेवा पैनल ने 10 प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। इनमें वरिष्ठ पत्रकार शरद जोशी, समाजसेवी सुशील मूणत, प्रीतेश गादिया, पूर्व उपसंचालक शिक्षाक डॉ. सुलोचना शर्मा, राजेश रांका, अशोक जैन लाला, संजय लुनिया, विजय पोरवाल, सुनील पारिख तथा हेमंत मूणत शामिल हैं।
आदर्श पैनल से ये होंगे प्रत्याशी
जानकारी के अनुसार आदर्श पैनल के नाम पर भी 10 लोगों ने दावेदारी की है। पैनल में शामिल प्रत्याशियों का दावा है कि उनकी पैनल पद्मश्री डॉ. लीला जोशी समर्थित है। इस पैनल से अनुराग लोखंडे, अमित नागर, फोटो जर्नलिस्ट राकेश पोरवाल, प्रदीप जैन, आशीष घोटीकर, विकास छाजेड़, मनोज उपाध्याय, अमृत बिन्नी, महेंद्र भंडारी और रीतेश मेहता शामिल हैं।
प्रगतिशील मंच की भी दावेदारी
पैनल मैदान में है जो प्रगतिशील रतलाम मंच के नाम से भी पैनल उतरने वाली है। इनके अलावा भी कई नाम मैदान में हैं। इनमें समाजसेवी सुनील शर्मा, सुशील उपाध्याय, डॉ कमल डामोर, अश्विन शर्मा, डॉ. अभय ओहरी ने भी दावेदारी जताई है। बताया जा रहा है कि सैलाना, जावरा, आलोट, पिपलौदा, रावटी, बाजना आदि स्थानों से जुड़े सदस्यों भी किस्मत आजमाने वाले हैं। ये सभी एक जिला स्तरीय टीम के रूप में चुनाव लड़ सकते हैं।
ये भी हैं मैदान में
दवा व्यवसायी दिनेश बरमेचा भी अलग से मैदान में हैं। बरमेचा ने अपनी दावेदारी भी काफी समय पहले ही घोषित कर दी थी और कैंपेनिंग में जुट गए थे।
इसलिए बढ़ी चुनाव में रुचि
रेडक्रॉस सोसायटी के चुनाव करीब डेढ़ दशक बाद हो रहे हैं। रेडक्रास समाजसेवा का माध्यम होने के साथ ही इसके संचालक मंडल को समाज में प्रतिष्ठा भी मिलती है। यही वजह है कि इस बार के चुनाव में सदस्य इतनी ज्यादा रुचि ले रहे हैं। इनमें समाजसेवा, चिकित्सा, दवा व्यवसाय, पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय लोगों के साथ ही राजनीति से जुड़े व्यक्ति भी किस्मत आजमाने जा रहे हैं।