धोलावड़ ईको टूरिज्म पार्क में इसी माह मनेगा पर्यटन महोत्सव, निजी एजेंसी संभालेगी बागडोर
धोलावड़ में आयोजित होने वाले जल महोत्सव को निजी एजेंसी को सौंपने का निर्णय जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद ने लिया है।

जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की बैठक में लिया निर्णय
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की कार्यकारिणी समिति की बैठक बुधवार को हुई। इसमें धोलावाड़ ईको टूरिज्म पार्क की बागडोर निजी हाथों में सौंपने का निर्णय लिया गया। यह व्यवस्था दिसंबर में होने वाले महोत्सव से लागू होगी और आगामी जून तक रहेगी। रखरखाव का जिम्मा निजी एजेंसी को देने के लिए टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे।
कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें कलेक्टर ने धोलावड़ ईको टूरिज्म पार्क को प्रबंधकीय अनुबंध पर दिए जाने के लिए तैयार प्रारूप की जानकारी दी। बताया कि इसी माह धोलावड़ ईको टूरिज्म पार्क पर पर्यटन महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए निजी क्षेत्र के माध्यम से पार्क में उपलब्ध गतिविधि सामग्री तथा कार्यरत अमले सहित एकमुश्त राशि पर प्रबंधकीय अनुबंध पर संचालन हेतु दिया जाएगा। एक सप्ताह में टेंडर जारी किए जाएंगे।
यह है टेंडर लेने वाले के लिए शर्त
- शासकीय ऑफर की न्यूनतम राशि 3 लाख रुपए निर्धारित है।
- निर्धारित राशि से अधिक की बोली लगाने वाले को राशि की बिड भरने वाली संस्था से अनुबंध तकनीकी मानदंड की पूर्ति करना होगी।
- तकनीकी योग्यता में विभिन्न प्रमाण पत्र एक ही संस्था के होना अनिवार्य है।
- टेंडर प्राप्त करने वाली संस्था की नेटवर्थ 50 लाख रुपए होनी चाहिए।
- टेंडर के लिए बीते 3 वर्ष का टर्नओवर 1 करोड़ रुपए होना चाहिए।
- वर्तमान में पार्क में कार्यरत गतिविधि सहायकों को कार्य से नहीं हटाया जाएगा।
- गतिविधि सहायक के नियम विरुद्ध कार्य करने पर संस्था अपने स्तर से निर्णय ले सकेगी। वह अन्य स्टाफ को भी रख सकेगी।
- चयनित संस्था को दिसंबर से जून तक का कार्य आदेश प्रदान किया जाएगा।
बैठक में ये थे मौजूद
एसपी गौरव तिवारी, जिला वन मंडल अधिकारी डी. एस. डोडवे, सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर ननावरे, निगमायुक्त सोमनाथ झारिया, परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण अरुण पाठक, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण अनुराग सिंह, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन पी. के. खरत, कार्यपालन यंत्री पीएचई पी. के. गोगादे, कार्यपालन यंत्री राजेश धनोतिया, सहायक संचालक (मत्स्य) सोना यादव, जिला परिवहन अधिकारी दीपक माझी।