नगर निगम को विकास कार्यों के लिए 2.25 करोड़ रूपए प्रदान करने पर विधायक चेतन्य काश्यप का सम्मान

रतलाम शहर विधायक चेतन्य काश्यप का शहर के विकास कार्य के लिए सवा दो करोड़ रुपए देने पर सम्मान किया गया। उन्होंने 2 करोड़ रुपए और देने की बात भी महापौर से कही है।

नगर निगम को विकास कार्यों के लिए 2.25 करोड़ रूपए प्रदान करने पर विधायक चेतन्य काश्यप का सम्मान
विकास कार्य के लिए नगर निगम को सवा दो करोड़ रुपए दने पर विधायक का सम्मान करते हुए जनप्रतिनिधि।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम  शहर में विकास कार्यों के लिए विधायक चेतन्य काश्यप ने विधायक निधि से 2.25 करोड़ रुपए नगर निगम को प्रदान किए हैं। उक्त राशि मिलने पर महापौर प्रहलाद पटेल सहित समस्त जनप्रतिनिधि एवं नगर निगम अधिकारियों ने पात्रता पर्ची वितरण कार्यक्रम के दौरान विधायक काश्यप का सम्मान कर आभार जताया। नगर निगम परिसर में आयोजित इस समारोह के दौरान 150 हितग्राहियों को पात्रता पर्ची का वितरण किया गया।

विधायक काश्यप ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री की अन्न योजना पूरी दुनिया में सबसे बड़ी खाद्यान्न वितरण की योजना थी। वर्तमान में जो पात्र बचे हैं, उन्हें चिन्हित करके खाद्यान्न की पूर्ति कराने का आह्वान प्रदेश के मुखिया ने किया है। भाजपा सबसे पहले कल्याणकारी योजनाओं को तवज्जो देती है। कॉलोनियों को अवैध से वैध करने की शुरुआत प्रदेश में सबसे पहले रतलाम से हुई है। रतलाम नगर निगम ने इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

काश्यप ने कहा कि पूरे प्रदेश में सबसे पहले रतलाम से ही विकास कार्यों की शुरुआत भी होगी। कॉलोनियों के अवैध होने से जो विकास कार्य रुका हुआ था, वह अब शुरू होगा। रतलाम में कई बड़ी संरचनाएं शुरू होने जा रही हैं। प्रदेश के मुखिया ने युवा पंचायत रखी है। उनके द्वारा हर वर्ग की पंचायत आयोजित कर उनकी बात सुनी जा रही है। लाडली बहना योजना की तैयारी निगम ने की है। मुख्यमंत्री की मंशानुसार हर वार्ड में बहन के घर जाकर उसे सम्मान दिलाएंगे। किसी को कोई तकलीफ न हो, इस बात का ध्यान रखा जाएगा। हर बहन को इसका लाभ मिले यह प्रयास रहेगा।

विधायक काश्यप के कार्य रोल मॉडल, 2 करोड़ और देने का वादा- पटेल

महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि विधायक काश्यप के कार्य रोल मॉडल हैं। उनके प्रयासों से अवैध कॉलोनियां वैध हुई हैं। इन कॉलोनियों में विकास के कार्यों के लिए ही उनके द्वारा विधायक निधि से 2.25 करोड़ रुपए दिए गए हैं। इतना ही नहीं विधायक ने 2 करोड़ रुपए की राशि और देने की बात कही है। वे जब से विधायक बने हैं, तब से लगातार रतलाम का विकास हो रहा है। महापौर पटेल ने शहर की जनता से आव्हान किया कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए कोई भी व्यक्ति कचरा खुले स्थान पर न डालें। सभी संकल्प ले कि कचरा गाड़ी में ही कचरा डालेंगें। यदि किसी क्षेत्र में गाड़ी नहीं आ रही है, तो आप अपने पार्षद या फिर निगम को सूचना दें लेकिन कचरा खुले में न डालें।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला कोषाध्यक्ष जयवंत कोठारी, मंडल अध्यक्ष, एमआईसी सदस्य, पार्षद धर्मेंद्र राका, निशा सोमानी, प्रीति कसेरा, नगर निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट, उपायुक्त विकास सोलंकी और हितग्राही उपस्थित रहे। संचालन एमआईसी सदस्य ने किया।