बहनों को ताकत और सम्मान देने वाली होगी लाडली बहना योजना, ऐसी योजना देश में और कहीं नहीं- विधायक चेतन्य काश्यप
रतलाम शहर में नगर निगम द्वारा हितग्राहियों को लाडली बहना योजना के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। पत्र विधायक चेतन्य काश्यप ने प्रदान किए।

नगर निगम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बहनों को स्वीकृति पत्र किए वितरित
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । लाडली बहना योजना सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। इसकी परिकल्पना करके मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बहनों की चिंता की है। ऐसी योजना देश में कहीं नहीं है। ये आपको ताकत और सम्मान दोनों देगी। इससे बहने छोटे-छोटे कार्यों के लिए स्वतंत्र रहेगी। योजना के माध्यम से बहनों को प्रतिमाह एक हजार रुपए मिलेंगे। बहने अपने खाते चैक करें, उनके खाते में एक-एक रुपए आ चुके हैं। अगर नहीं आए हैं तो पार्षद व कार्यकर्ता से संपर्क करें। 10 जून को आपके खाते में एक-एक हजार रुपए आ जाएंगे।
यह बात नगर निगम परिसर में आयोजित लाडली बहना योजना के स्वीकृति पत्र वितरण समारोह में विधायक चेतन्य काश्यप ने कही। विधायक काश्यप ने कहा कि लाडली बहना से पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा लाडली लक्ष्मी योजना की शुरुआत की गई थी, जिससे बालिकाओं की जन्मदर में वृद्धि हुई है। इस योजना को संयुक्त राष्ट्र संघ ने सराहा है। पहले योजनाएं बनती थी लेकिन अमल नहीं होता था। उन्होंने कहा कि शहर के हर गली-मोहल्ले में विकास कार्य होंगे। इसकी कार्य योजना तैयार की जा रही है। वर्तमान में शहर के प्रमुख मार्गों का नवनिर्माण हो रहा है। इससे जल्द ही रतलाम नगर से महानगर की ओर अग्रसर होगा।
मुख्यमंत्री ने जो कहा, वह किया- मनीषा शर्मा
निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा चलाई गई लाडली बहना योजना, बहुत ही महती योजना है, जिसका लाभ प्रदेश की महिलाओं को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने जो कहा, वह किया है। शहर में विकास की गंगा बह रही है। हमारा रतलाम नगर से महानगर बन रहा है। दस वर्ष पूर्व के और आज के रतलाम में बहुत बदलाव हुआ है। विधायक के प्रयासों से बने मेडिकल कॉलेज ने कोरोना काल में अपनी सार्थकता सिद्ध की। शहर में फोरलेन सड़कों का जाल बिछ गया है। गोल्ड कॉम्प्लेक्स बन रहा है। विधायक ने असंभव कार्यों को संभव किया है।
32 हजार स्वीकृति पत्रों का हो रहा वितरण
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री ने कहा कि लाडली बहना योजना में 32 हजार स्वीकृति पत्रों का वितरण किया जा रहा है। ऐसी योजना पूरे देश में कहीं नहीं है। योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को सशक्त बनाया जा रहा है। यहां प्रतीकात्मक रूप से प्रमाण पत्र वितरित किए जा रहे हैं। आरंभ में स्वागत भाषण नगर निगम आयुक्त ए.पी.एस. गहरवार ने दिया।
इनकी उपस्थित में हुआ आयोजन
आयोजन में नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुनील सारस्वत, जिला कार्यालय मंत्री मनोज शर्मा, मंडल अध्यक्ष विनोद यादव, मंडल महामंत्री हेमंत राहोरी, एमआईसी सदस्य, पार्षद, जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। संचालन एवं आभार प्रदर्शन एमआईसी सदस्यों ने किया।