सर्व ब्राह्मण का संकल्प ! 29 अप्रैल को धूमधाम से मनेगा भगवान परशुराम का जन्मोत्सव, चल समारोह निकलेगा, दुग्धाभिषेक के साथ होगी महाआरती

भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव अक्षय तृतीया (29 अप्रैल) को धूमधाम से मनेगा। इस मौके पर होने वाले धार्मिक आयोजन को भव्यता प्रदान के लिए सर्व ब्राह्मण समाज की बैठक संपन्न हुई।

सर्व ब्राह्मण का संकल्प ! 29 अप्रैल को धूमधाम से मनेगा भगवान परशुराम का जन्मोत्सव, चल समारोह निकलेगा, दुग्धाभिषेक के साथ होगी महाआरती
परशुराम जन्मोत्सव 29 अप्रैल को मनेगा।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । ब्राह्मण समाज के आराध्य देव भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव अक्षय तृतीया (29 अप्रैल) को धूमधाम से मनाया जाएगा। इस मौके पर धोल-धमाके और नगाड़े के साथ परशुरामजी का चल समारोह निकाला जाएगा। भगवान का दुग्धाभिषेक कर महाआरती भी की जाएगी।

भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव भव्य और धूमधाम से मनाने को लेकर ब्राह्मण बोर्डिंग में सर्व ब्राह्मण समाज की महत्वपूर्ण बैठक आहूत हुई। मुख्य अतिथि बी. एल. पुरोहित रहे जबकि अध्यक्षता श्याम उपाध्याय ने की। विशेष अतिथि के रूप में अचल शुक्ला, संदीप व्यास, नवीन व्यास, उपाध्याय, ओ. पी. पालीवाल, नंदकिशोर शर्मा, नवनीत मेहता, सुनीता पाठक, सरोज ओझा, रक्षा मिश्रा एवं राखी व्यास उपस्थित रहीं। सर्वप्रथम अतिथियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन किया।

तत्पश्चात सर्व ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष नरेंद्र जोशी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने अक्षय तृतीया के दिन आयोजन ज्यादा होने से परशुरामजी का चल समारोह 27 मार्च को निकालने सहित तीन दिवसीय आयोजन करने का सुझाव और प्रस्ताव रखा लेकिन इस पर सहमिति नहीं बन सकी। विशेष अतिथि संदीप व्यास, प्रभाकांत उपाध्याय, कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष के. के. द्विवेदी, प्रशांत व्यास सहित ज्यादातर वरिष्ठों और उपजातियों के प्रमुखों ने चल समारोह अक्षय तृतीय (29 मार्च) को ही निकालने पर जोर दिया।

सर्वानुमति से तय हुआ आयोजन का स्वरूप

बैठक में यह भी विचार आया कि हमारी भावी पीढ़ी परशुराम जी के बारे में ज्यादा से ज्यादा जान सके, इसके लिए भागवत कथा, श्री राम कथा की ही तरह श्री परशुराम जी की कथा का आयोजन भी करना चाहिए। अतिथियों और वक्ताओं ने परशुराम जन्मोत्सव को भव्यता प्रदान करने को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इसके चलते सर्वसम्मति से 29 अप्रैल (मंगलवार) को सुबह 8 बजे श्री राम मंदिर सैलाना रोड से शक्तिनगर स्थित परशुराम मंदिर तक चल समारोह निकालने का निर्णय हुआ। चल समारोह का आकर्षण बग्घी, रथ, ढोल-नगाड़े रहेंगे। इसके पश्चात मंदिर में परशुराम जी का दुग्धाभिषेक कर महाआरती की जाएगी और प्रसादी भी वितरित होगी। उपस्थित मातृशक्ति, युवा शक्ति और विप्र शक्ति ने इस धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने का संकल्प लिया और परशुराम जी का जयकारा भी लगाया।

समाज की एकता पर भी रहा जोर

बैठक को संबोधित करने वाले सभी वरिष्ठों और वक्ताओं ने समाज की एकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि ब्राह्मण समाज की सभी उप जातियों को एक जाजम पर बैठ कर सामूहिक रूप से निर्णय लेने होंगे। ये सभी उप जातियां अलग-अलग नदियों के रूप में बहती रहें और समाज की बेहतरी और एकता के लिए तो कार्य करें ही लेकिन जब जरूरत तो हो सभी मिल कर समुद्र का रूप ले लें। जिस प्रकार मप्र में परशुराम कल्याण बोर्ड का गठन कर सरकार ने ब्राह्मणों के महत्व को समझा है, उसी प्रकार केंद्र स्तर पर और अन्य राज्यों में भी परशुराम कल्याण बोर्ड का गठन होना चाहिए।

परशुराम की औरंगजेब से तुलना की निंदा की

पिछले दिनों परशुराम जी की तुलना क्रूर शासक औरंगजेब से करने वाली जबलपुर की कांग्रेस नेत्री रेखा विनोद जैन की निंदा भी की गई। वक्ताओं ने कहा- जब भी ऐसे प्रसंग आएं तो समाज को उसका पुरजोर विरोध करना चाहिए। ब्राह्मण समाज का आयोजन हो तो किसी को बुलावे की प्रतीक्षा भी नहीं करनी चाहिए। संचालन सचिव नरेंद्र त्रिवेदी एवं उषा दुबे ने किया। आभार प्रदर्शन सीमा सुरोलिया ने किया।

ये रहे उपस्थित

बैठक में शांतिलाल शर्मा, शैलेन्द्र तिवारी, गोपाल जोशी, डॉ. राजेन्द्र शर्मा, मुकेश शुक्ला, जी. के. शर्मा, सुरेश दवे, सुनील गौतम, विजय शर्मा, सुनील शर्मा, प्रशांत व्यास, जगदीश उपाध्याय, कपिल व्यास, प्रशांत व्यास, के. के. द्ववेदी, पत्रकार नीरज कुमार शुक्ला, ऋषि शर्मा, हरीश पुरोहित, घनश्याम राजपुरोहित, राजेश तिवारी, जगदीश शर्मा, सोमेश्वर पुरोहित, आनंद शर्मा, डॉ. दिनेश राजपुरोहित, मनीष उपाध्याय, राजू सुरोलिया, तरुण जोशी, नवदीप शर्मा, मनीष शर्मा, सत्येंद्र जोशी, राकेश शर्मा, उषा दुबे, रजनी व्यास, सविता तिवारी, डॉ. सुलोचना शर्मा, गरिमा उपाध्याय, उमाकांत उपाध्याय, आशा उपाध्याय, सीमा सुरोलिया, आरती त्रिवेदी, पूर्णिमा तिवारी, एडवोकेट हेमा निरंजनी, अरविंद मिश्रा, शरद शुक्ला सहित बड़ी संख्या में विप्रजन उपस्थित रहे।