जैसे चुनाव का कार्य सम्पन्न किया, वैसे ही अब मतगणना का कार्य पूर्ण करें, इस बार जिले की पांचों सीटें जीतेंगे- विधायक चेतन्य काश्यप

रतलाम जिले में होने वाली मतगणना के लिए भाजपा के गणना अभिकर्ताओं की बैठक में विधायक चेनन्य काश्यप एवं जिला प्रभारी प्रदीप पांडेय ने सावधनानियां बताईं।

जैसे चुनाव का कार्य सम्पन्न किया, वैसे ही अब मतगणना का कार्य पूर्ण करें, इस बार जिले की पांचों सीटें जीतेंगे- विधायक चेतन्य काश्यप
भाजपा के मतगणना अभिकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते विधायक चेतन्य काश्यप।

प्रत्याशी घोषित होते ही तय हो गया था रतलाम का परिणाम- जिला प्रभारी प्रदीप पाण्डेय

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भारतीय जनता पार्टी के गणना अभिकर्ताओं की बैठक जिला प्रभारी प्रदीप पाण्डेय की उपस्थिति में हुई। बैठक को विधायक एवं भाजपा के विधानसभा प्रत्याशी चेतन्य काश्यप ने संबोधित किया। काश्यप ने कहा कि रतलाम सहित जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिस तरीके से शांतिपूर्ण चुनाव कार्य सम्पन्न किया। वैसे ही मतगणना कार्य भी पूर्ण करना है। इस बार जिले की पांचों सीटें जीतेंगे।

विधायक काश्यप ने बैठक में मतगणना के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल के नतीजों से भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा है, लेकिन गणना कार्य में कोई कोताही नहीं बरतें। मतदान के दौरान रतलाम में कार्यकर्ताओं ने जो संकल्प लिया था, मतदाताओं के सहयोग से वह पूरा हुआ है। शहर में 1 लाख 62 हजार के करीब मत गिरे हैं। कई बूथों पर 75 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ है। डाक मतपत्र मिलाकर कार्यकर्ताओं ने चुनाव परिणाम के लिए जो लक्ष्य रखा था, उसे भी पूरा करने में पार्टी सफल होगी।

भाजपा जीत का नया परचम लहराएगी

जिला प्रभारी प्रदीप पाण्डेय ने कहा कि रतलाम का नतीजा भाजपा प्रत्याशी घोषित होते ही तय हो गया था। मतगणना के कार्य में सभी कार्यकर्ता गंभीरता बरते और सतर्कता के साथ कार्य सम्पन्न करवाएं। एग्जिट पोल के नतीजे सामने आने के बाद अन्य दलों के समीकरण बिगड़ गए हैं। रतलाम में कार्यकर्ताओं ने बहुत अच्छे तरीके से चुनाव लड़ा है। उनकी मेहनत रंग लाएगी और भाजपा जीत का नया परचम लहराएगी।

ये सभी उपस्थित रहे

बैठक में जिला चुनाव संयोजक बजरंग पुरोहित, पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य, प्रदेश कार्य समिति सदस्य निमिष व्यास, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा सहित भाजपा के जिला व मण्डल पदाधिकारी, मोर्चा प्रकोष्ठ पदाधिकारी एवं गणना अभिकर्तागण उपस्थित रहे। आरंभ में विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल ने मतगणना कार्य की रूपरेखा प्रस्तुत की। संचालन एवं आभार प्रदर्शन जिला कार्यालय मंत्री मनोज शर्मा ने किया।