अनूठी पहल : हेरिटेज वाक 2 जनवरी को, प्राचीन धरोहर, इतिहास, स्थापत्य, कला, संस्कृति सहित कई अनछुए पहलुओं से शहरवासी होंगे रूबरू
कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम की पहल पर रतलाम शहर में पहली बार हेरिटेज वाक का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को शहर के ऐतिहासिक स्थलों, इतिहास और कला-संस्कृति के साथ ही स्थापत्य के बारे में अवगत कराना है।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रतलाम शहर के इतिहास, प्राचीन धरोहर से परिचित कराने के लिए 2 जनवरी को हेरिटेज वाकका आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम की पहल पर आयोजित होने वाले इस अनूठे आयोजन के दौरान लोग ऐतिहिसक स्थलों के स्थापत्य, कला, संस्कृति सहित कई अनछुए तथ्यों से परिचत हो सकेंगे।
हेरिटेज वाक का आयोजन जिला प्रशासन तथा रतलाम हेरिटेज संस्था के संयुक्त तत्वाधान में किया जा रहा है। यह 2 जनवरी को सुबह 10 बजे गुलाब चक्कर से शुरू होगी और झाली तालाब होते हुए महलवाड़ा पर संपन्न होगी। इस दौरान मार्ग में स्थित ऐतिहासिक इमारतों के बारे में जानकारी दी जाएगी। हेरिटेज वाक शहर की प्राचीन धरोहरों तथा यशस्वी इतिहास को जानने एवं पहचानने के लिए आयोजित की जा रही है। यह अनूठी पहल साबित होगी।
शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी अरुण पाठक ने बताया हेरिटेज वाक रतलाम जिले की धरोहर और पर्यटन स्थलों को संजोने के प्रयास में एक नया कदम है। इसके लिए रतलाम हेरिटेज संस्था की विनीता तांतेड तथा प्रतीक दलाल का उल्लेखनीय सहयोग है। संस्था रतलाम तथा आसपास के क्षेत्रों के इतिहास धरोहरों के संरक्षण, संस्कृति, स्थापत्य कला, साहित्य, मालवी भाषा, मौखिक परंपराओं को एक मंच पर लाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। हेरीटेज वाक में शामिल व्यक्ति एक स्थान पर एकत्र होकर व एकसाथ पैदल चलकर शहर की धरोहरों का अवलोकन कर जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।