रतलाम के चहुॅमुखी विकास का आधार तैयार, दीप मिलन समारोह में भाजपा कार्यकर्ताओं से बोले विधायक चेतन्य काश्यप

विधायक चेतन्य काश्यप द्वारा भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के लिए दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया।

रतलाम के चहुॅमुखी विकास का आधार तैयार, दीप मिलन समारोह में भाजपा कार्यकर्ताओं से बोले विधायक चेतन्य काश्यप
दीप मिलन समारोह को संबोधित करते विधायक चेतन्य काश्यप।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । विधायक चेतन्य काश्यप का भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने अभिनंदन कर उन्हें दीपोत्सव की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर विधायक ने अपने 9 वर्षीय कार्यकाल के दौरान किए कार्यों और भविष्य में किए जाने वाले कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शहर के चहुॅमुखी विकास का आधार तैयार हो चुका है। इससे हम निश्चित ही रतलाम को मालवा का प्रमुख व्यापारिक नगर बनाएंगे।

विधायक काश्यप अपने निवास पर भाजपा पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित दीप मिलन समारोह में बोल रहे थे। समारोह में शहर के प्रत्येक वार्ड से पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा पार्षदगण के साथ आए प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक काश्यप का स्वागत किया। काश्यप ने कहा कि रतलाम में सब तरफ फोरलेन की कनेक्टीविटी होगी। शासन ने हाल ही में सेजावता बायपास से शहर और करमदी रोड की फोरलेन स्वीकृत की है। इससे पूर्व अन्य मार्ग फोरलेन के रूप में परिवर्तित हो चुके हैं। नगर के विकास को नए आयाम देने के लिए गोल्ड कॉम्प्लेक्स का कार्य भी तेज गति से चल रहा है। इसकी रिडेंसीफिकेशन योजना में जिला अस्पताल का नया भवन और अन्य कई जनोपयोगी सुविधाएं विकसित होंगी।

विधायक काश्यप ने सड़कों के नवनिर्माण, पेयजल योजनाओं, नर्मदा से पानी लाने की योजना अवैध एवं अविकसित कॉलोनियों के नियमितीकरण और नए औद्योगिक क्षेत्र के विकास सहित विभिन्न योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वे सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें मातृभूमि की सेवा का अवसर प्राप्त हुआ। वे रतलाम को मालवा का सर्वश्रेष्ठ नगर बनाने के लिए कृतसंकल्पित हैं।

महापौर पटेल व ग्रामीण विधायक मकवाना ने की काश्यप की सराहना

दीप मिलन समारोह में महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा काश्यप ने शहर को नई ऊँचाई दी है। रतलाम को कई क्षेत्रों में रोल मॉडल बनाया है। ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना ने कहा कि काश्यप का लक्ष्य सदैव रतलाम का विकास रहता है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी विकास के लिए उनका सहयोग मिल रहा है। नगर निगम अध्यक्ष ने कहा यह कार्यक्रम बहुत अनूठा है। विधायक ने शहर की दिशा और दशा बदली है।

इन्होंने भी किया संबोधित

अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष इब्राहिम शैरानी, पूर्व महापौर शैलेन्द्र डागा, पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य, बजरंग पुरोहित, जिला महामंत्री, मण्डल अध्यक्ष के अलावा मण्डल प्रभारी विनोद यादव ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर पार्टी, मोर्चा, प्रकोष्ठ पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे। संचालन एवं आभार मण्डल अध्यक्ष ने माना।