निकाय चुनाव में कांग्रेस की मजबूत स्थिति के लिए मिला इनाम, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कटारिया का कार्यकाल 3 साल बढ़ा, सकलेचा को प्रदेश में स्थान

कांग्रेस ने रतलाम जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया पर पुनः भरोसा जताते हुए अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं प्रदेश कार्यकारिणी में पारस सकलेचा को स्थान दिया गया है।

Jan 23, 2023 - 17:30
 0
निकाय चुनाव में कांग्रेस की मजबूत स्थिति के लिए मिला इनाम, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कटारिया का कार्यकाल 3 साल बढ़ा, सकलेचा को प्रदेश में स्थान
कैलाश पटेल, महेंद्र कटारिया, पारस सकलेचा।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । बीते नगरीय निकाय चुनाव के दौरान रतलाम शहर से कांग्रेस को सम्मानजनक स्थिति पर लाने के लिए रतलाम जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया और पूर्व विधायक पारस सकलेचा को इनाम मिला है। कटारिया का कार्यकाल अगले तीन साल के लिए बढ़ा दिया गया है जबकि सकलेचा को प्रदेश में स्थान देकर उनकी सक्रियता और कार्य को सम्मान दिया गया है। जिला ग्रामीण अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी कैलाश पटेल को सौंपी गई है।

नगरीय निकाय चुनाव के पहले तक जिले में कांग्रेस की स्थिति काफी खराब मानी जा रही थी लेकिन नगरीय निकाय चुनाव के दौरान महापौर पद के लिए हुए चुनाव में स्थिति काफी बेहतर रही। भाजपा को सत्ता बरकरार रखने के लिए मशक्कत करना पड़ी। वहीं जिला स्तर पर परफॉर्मेंस बहुत ज्यादा अच्छा नहीं रही। इसका असर शनिवार रात को कांग्रेस द्वारा जारी की गई जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष की सूची में भी नजर आया। कांग्रेस हाईकमान ने रतलाम जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया को आगामी कार्यकाल के लिए भी यथावत रखा है। इसकी एक और वजह कटारिया के कार्यकाल में भाजपा सरकार के विरुद्ध जनहित को लेकर हुए आंदोलन भी हैं।

नगरीय निकाय चुनाव के दौरान महापौर पद के चुनाव के दौरान पूर्व विधायक पारस सकलेचा ने भी काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अतः उन्हें प्रदेश कार्यकारिणी में स्थान दिया गया है। सकलेचा प्रदेश कांग्रेस के महासचिव बनाए गए हैं। उन्हें प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने पहले ही बड़ी जिम्मेदारी दे रखी है। सकलेचा की कांग्रेस आरोप पत्र समिति के उपाध्यक्ष का दायित्व संभालते हुए मौजूदा प्रदेस सरकार के खिलाफ विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव लाने तथा चुनाव के मद्देनजर सरकार के कार्यों पर आरोप पत्र तैयार करने में महती भूमिका रही है। इसके आधार पर एक पुस्तक का प्रकाशन भी होगा जिसमें सरकार के सौ से ज्यादा घोटालों को उजागर किया जाएगा।

विधायक गहलेत जिला कांग्रेस ग्रामीण की जिम्मेदारी से मुक्त

वहीं दूसरी ओर जिला ग्रामीण अध्यक्ष पद से सैलाना विधायक हर्षविजय गहलोत को मुक्त कर कैलाश पटेल को जिम्मेदारी दी गई है। वर्तमान में जिले की पांच में से 3 विधानसभाओं पर भाजपा और दो पर कांग्रेस का कब्जा है। रतलाम शहर से भाजपा के चेतन्य काश्यप, रतलाम ग्रामीण से दिलीप मकवाना और जावरा डॉ. राजेंद्र पांडेय विधायक हैं। वहीं सैलाना से कांग्रेस के हर्षविजय गहलोत तथा आलोट से मनोज चावला विधायक हैं। इनमें से चावला अभी जेल की हवा खा रहे हैं।

नए जिला कांग्रेस अध्यक्ष पटेल पर विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाली विधानसभाओं को बचाए रखने और जहां भाजपा काबिज हैं, वहां कांग्रेस का परचम लहराने की जिम्मेदारी रहेगी। इसी तरह रतलाम विधानसभा सीट पर कांग्रेस को जीत दिलाने का दारोमदार जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष कटारिया पर है। कटारिया के नजदीकी सूत्रों का कहना है कि वे रतलाम शहर विधानसभा से खुद भी दावेदारी करेंगी।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।